Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़LG Electronics share surges 52 percent just in 2 days after listing stock skyrocket
2 दिन में ही 52% का रिटर्न, इस शेयर ने निवेशकों को चौंकाया, लिस्टिंग से लगातार तेजी

2 दिन में ही 52% का रिटर्न, इस शेयर ने निवेशकों को चौंकाया, लिस्टिंग से लगातार तेजी

संक्षेप: कंपनी के आईपीओ को निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। आईपीओ 54.02 गुना ओवरसब्सक्राइब हुआ था। इसमें संस्थागत निवेशकों, रिटेल निवेशकों और कर्मचारियों सभी ने बड़ी रुचि दिखाई।

Wed, 15 Oct 2025 02:27 PMVarsha Pathak लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

LG Electronics share: एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के शेयरों में मंगलवार को हुई धमाकेदार लिस्टिंग के बाद बुधवार को भी तेजी जारी रही। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) दोनों पर कंपनी के शेयरों ने निवेशकों को बेहतरीन रिटर्न दिया और बाजार में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आज बुधवार को कंपनी के शेयर में कारोबार के दौरान 2 पर्सेंट से अधिक की तेजी दर्ज की गई और यह 1729.55 रुपये पर आ गया था। इससे पहले कंपनी के शेयरों की 50 पर्सेंट प्रीमियम पर लिस्टिंग हुई थी। यानी अब दो ही दिन में यह शेयर 52 पर्सेंट तक चढ़ गया।

दूसरे दिन भी चमके एलजी के शेयर

मंगलवार, 14 अक्टूबर को एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के शेयरों ने NSE पर ₹1,710.10 के स्तर पर डेब्यू किया, जो इसके ₹1,140 के इश्यू प्राइस से 50% प्रीमियम पर था। दिनभर के कारोबार में शेयरों ने ₹1,736.40 तक की ऊंचाई छुई और अंत में ₹1,689.90 पर बंद हुए, यानी करीब 48% की बढ़त दर्ज की। BSE पर भी यही रुझान दिखा। यहां शेयर ₹1,715 पर लिस्ट हुए, जो 50.43% अधिक था और कारोबार के अंत में ₹1,689.40 पर स्थिर हुए। यानी ₹1,140 के इश्यू प्राइस से 48.19% की छलांग। इसी के साथ एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स का मार्केट कैपिटलाइजेशन ₹1,14,671.81 करोड़ पर पहुंच गया। यह भारत की सबसे बड़ी लिस्टेड मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों में से एक बन गया।

IPO में रिकॉर्ड सब्सक्रिप्शन

एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के आईपीओ को निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। आईपीओ 54.02 गुना ओवरसब्सक्राइब हुआ था। इसमें संस्थागत निवेशकों, रिटेल निवेशकों और कर्मचारियों सभी ने बड़ी रुचि दिखाई। यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) था, जिसमें दक्षिण कोरिया स्थित पैरेंट कंपनी ने अपनी 15% हिस्सेदारी (10.18 करोड़ शेयर) बेची। आईपीओ का प्राइस बैंड ₹1,080 से ₹1,140 प्रति शेयर तय किया गया था और कुल साइज लगभग ₹11,607 करोड़ का रहा। बता दें कि एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स, भारत के शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने वाली दूसरी दक्षिण कोरियाई कंपनी बनी — हुंडई मोटर्स इंडिया के बाद, जिसने पिछले साल अक्टूबर में लिस्टिंग की थी।