
70% से ज्यादा टूट गया लेंसकार्ट के शेयरों का GMP, लिस्टिंग से ठीक पहले बड़ा झटका
लेंसकार्ट के शेयरों का ग्रे मार्केट प्रीमियम कुछ दिन पहले 108 रुपये पहुंच गया था। इनवेस्टरगेन के मुताबिक, कंपनी के शेयरों का GMP शुक्रवार को लुढ़ककर सिर्फ 11 रुपये रह गया है। IPO में कंपनी के शेयर का दाम 402 रुपये है।
लेंसकार्ट के आईपीओ से तगड़े मुनाफे की आस लगाए बैठे निवेशकों को ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) के मोर्चे पर बड़ा झटका लगा है। लिस्टिंग से ठीक पहले लेंसकार्ट के शेयरों का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) अपने हाई से 70 पर्सेंट से अधिक टूट गया है। कुछ दिन पहले लेंसकार्ट के शेयरों का ग्रे मार्केट प्रीमियम 108 रुपये के हाई पर पहुंच गया था। इनवेस्टरगेन के मुताबिक, कंपनी के शेयरों का GMP शुक्रवार 7 नवंबर को लुढ़ककर सिर्फ 11 रुपये रह गया है। IPO में कंपनी के शेयर का दाम 402 रुपये है। ग्रे मार्केट प्रीमियम, किसी भी कंपनी के शेयरों के लिस्टिंग परफॉर्मेंस का केवल एक मोटा अनुमान देता है। कंपनी की लिस्टिंग से इसका सीधा कोई नाता नहीं है।

10 नवंबर को बाजार में लिस्ट होंगे लेंसकार्ट के शेयर
लेंसकार्ट के शेयर सोमवार 10 नवंबर को बाजार में लिस्ट होंगे। कंपनी के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज दोनों जगह लिस्ट होंगे। लेंसकार्ट के पब्लिक इश्यू का टोटल साइज 7278.76 करोड़ रुपये तक का था। लेंसकार्ट का आईपीओ दांव लगाने के लिए 31 अक्टूबर 2025 को खुला था और यह 4 नवंबर तक ओपन रहा।
लेंसकार्ट के IPO पर लगा 28 गुना से ज्यादा दांव
लेंसकार्ट का आईपीओ (Lenskart IPO) टोटल 28.27 गुना सब्सक्राइब हुआ है। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों का कोटा 7.56 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, एंप्लॉयीज कैटेगरी में 4.96 गुना दांव लगा। लेंसकार्ट के आईपीओ में गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) की कैटेगरी में 18.23 गुना सब्सक्रिप्शन मिला, जबकि क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स कैटेगरी में 40.36 गुना दांव लगा। लेंसकार्ट के आईपीओ में आम निवेशक कम से कम 1 लॉट और अधिकतम 13 लॉट के लिए दांव लगा सकते थे। आईपीओ की एक लॉट में 37 शेयर थे। यानी, एक लॉट के लिए रिटेल निवेशकों को 14,874 रुपये का निवेश करना पड़ा।
कंपनी का कारोबार
लेंसकार्ट सॉल्यूशंस लिमिटेड की शुरुआत साल 2008 में हुई है। लेंसकार्ट एक टेक्नोलॉजी-फोकस्ड आईवियर कंपनी है, जो कि प्रिस्क्रिप्शन आईग्लासेज, सनग्लासेज, कॉन्टैक्ट लेंसेज और एक्सेसरीज के डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, ब्रॉन्डिंग और रिटेल का काम करती है। 31 मार्च 2025 के डेटा के मुताबिक, लेंसकार्ट दुनिया भर में 2723 स्टोर्स ऑपरेट कर रही थी, जिसमें से 2067 स्टोर भारत में और 656 स्टोर विदेश में थे।





