फायदे पर लिस्टिंग, फिर धड़ाम हुआ शेयर, IPO प्राइस से भी नीचे आया शेयर का दाम
मुख्य बातें
- लीप इंडिया के शेयर अपने IPO प्राइस से भी नीचे पहुंच गए हैं
- IPO में कंपनी के शेयर का दाम 159 रुपये था
- कंपनी के शेयर शुक्रवार को BSE में 166 रुपये पर लिस्ट हुए
- लिस्टिंग के बाद कंपनी के शेयर 12% से अधिक लुढ़ककर 145.05 रुपये पर पहुंच गए

Leap India IPO: लीप इंडिया लिमिटेड की शुक्रवार को शेयर बाजार में पॉजिटिव लिस्टिंग हुई। हालांकि, लिस्टिंग के बाद कंपनी के शेयर धड़ाम हो गए। लीप इंडिया के शेयर अपने IPO प्राइस से भी नीचे पहुंच गए। IPO में कंपनी के शेयर का दाम 159 रुपये था। लीप इंडिया के शेयर BSE में लुढ़ककर 145.05 रुपये पर जा पहुंचे। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर कंपनी के शेयरों ने 145 रुपये का निचला स्तर छुआ। लीप इंडिया लिमिटेड के आईपीओ का टोटल साइज 2480 करोड़ रुपये तक का था।
4% से ज्यादा के फायदे के साथ लिस्ट हुए लीप इंडिया के शेयर
लीप इंडिया लिमिटेड (Leap India) के शेयर शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में 4 पर्सेंट से अधिक के फायदे के साथ 166 रुपये पर लिस्ट हुए। लिस्टिंग के बाद लीप इंडिया के शेयर BSE में 12 पर्सेंट से अधिक टूटकर 145.05 रुपये पर पहुंच गए। कंपनी के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में 165.90 रुपये पर लिस्ट हुए। लिस्टिंग के बाद कंपनी के शेयर NSE में लुढ़ककर 145 रुपये पर जा पहुंचे। लीप इंडिया के शेयर आईपीओ प्राइस के भी नीचे पहुंच गए हैं।
8.82 गुना सब्सक्राइब हुआ था लीप इंडिया का IPO
लीप इंडिया लिमिटेड (Leap India) का आईपीओ टोटल 8.82 गुना सब्सक्राइब हुआ था। कंपनी के आईपीओ में रिटेल इनवेस्टर्स या आम निवेशकों की कैटेगरी में 1.81 गुना दांव लगा। वहीं, एंप्लॉयीज का कोटा 11.57 गुना सब्सक्राइब हुआ था। लीप इंडिया के आईपीओ में गैर संस्थागत निवेशकों या नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का कोटा 13.31 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) कैटेगरी में 17.73 गुना दांव लगा।
क्या करती है लीप इंडिया?
लीप इंडिया लिमिटेड (Leap India) की शुरुआत साल 2013 में हुई है। सस्टेनेबल सप्लाई चेन और एसेट-पूलिंग सॉल्यूशंस में कंपनी का स्पेशलाइजेशन है। लीप इंडिया लिमिटेड ई-कॉमर्स, एफएमसीजी, ऑटोमोटिव और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स जैसी इंडस्ट्रीज को इक्विपमेंट पूलिंग, रिटर्नएबल पैकेजिंग, इनवेंटरी मैनेजमेंट, ट्रांसपोर्टेशन और रिपेयर एंड मेंटीनेंस सर्विसेज उपलब्ध कराती है। ग्लोबल इनवेस्टमेंट फर्म केकेआर ने साल 2023 में लीप इंडिया लिमिटेड में नियंत्रण हिस्सेदारी खरीदी थी। 31 मार्च 2026 तक के डेटा के मुताबिक, कंपनी में 419 परमानेंट एंप्लॉयीज और 2062 MHE ऑपरेटर्स थे। आईपीओ से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल लीप इंडिया लिमिटेड अपनी कुछ उधारी चुकाने और जनरल कॉरपोरेट पर्पज में करेगी। आईपीओ से पहले लीप इंडिया लिमिटेड में प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप की हिस्सेदारी 90.04 पर्सेंट थी, जो कि अब 55.64 पर्सेंट रह गई है। कंपनी का आईपीओ दांव लगाने के लिए 7 अगस्त को खुला था और यह 11 अगस्त तक ओपन रहा।


