इक्सिगो की झोली में आई स्पेन की कंपनी, अब इस शेयर में हलचल की है उम्मीद
इक्सिगो के निदेशक मंडल ने स्पेन के दूसरे सबसे बड़े ट्रेन बुकिंग मंच 'ट्रेनेस' में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करने संबंधी डील को मंजूरी दे दी है। अब इक्सिगो की मूल कंपनी ले ट्रैवेन्यूज टेक्नोलॉजी लिमिटेड के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी।

Le travenues technology share price: सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को ट्रैवल एग्रीगेटर इक्सिगो की मूल कंपनी ले ट्रैवेन्यूज टेक्नोलॉजी लिमिटेड के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। असल में यात्रा बुकिंग पोर्टल इक्सिगो ने एक बड़ी डील की है। इस डील की डिटेल जान लेते हैं।
स्पेन की कंपनी का अधिग्रहण
इक्सिगो के निदेशक मंडल ने स्पेन के दूसरे सबसे बड़े ट्रेन बुकिंग मंच 'ट्रेनेस' में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी का 1.17 करोड़ यूरो (लगभग 125 करोड़ रुपये) में अधिग्रहण करने संबंधी बाध्यकारी समझौते को मंजूरी दे दी है। इक्सिगो का यह पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय अधिग्रहण है। ट्रेनेस मंच का संचालन करने वाली कंपनी ऑनलाइन ट्रैवल सॉल्यूशंस में नियंत्रक हिस्सेदारी का अधिग्रहण इक्सिगो के लिए यूरोप के बाजार में रणनीतिक प्रवेश का मार्ग प्रशस्त करता है।
क्या कहा कंपनी ने?
इक्सिगो ने एक बयान में कहा- इस निवेश से 'ट्रेनेस' मंच के मजबूत ग्राहक आधार और स्थानीय रेल सेवा प्रदाताओं के साथ उसके जुड़ाव को इक्सिगो के एआई-आधारित नवाचार और प्रौद्योगिकी विशेषज्ञता के साथ जोड़कर बेहतर तालमेल बनाने की उम्मीद है। कंपनी ने बताया कि इस अधिग्रहण के साथ उसका लक्ष्य यूरोप में विकास के नए अवसरों को तलाशने के लिए ट्रेनेस के उत्पाद विकास को गति देना, उसे एआई टेक्नोलॉजी से लैस करना और ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाना है। इस अधिग्रहण के बाद ऑनलाइन ट्रैवल सॉल्यूशंस एस.एल. कंपनी इक्सिगो के एक सब्सिडयरी बन जाएगी।
एक और कंपनी में हिस्सेदारी
इसके अलावा इक्सिगो के निदेशक मंडल ने स्पेन की एक अन्य कंपनी 'स्क्वाड एज सर्विस' (स्कास) में भी 45.02 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दी है। यह सौदा 4.5 लाख यूरो (करीब 4.83 करोड़ रुपये) में तय हुआ है। इन दोनों कंपनियों को खरीदने के लिए दी जाने वाली कुल राशि में 'गैर-प्रतिस्पर्धा' शुल्क भी शामिल है। हालांकि, यह पूरा सौदा स्पेन में कानूनी प्रक्रियाओं और वहां की नियामक संस्थाओं की अनुमति मिलने के बाद ही पूरा होगा।
शेयर का हाल
इक्सिगो की मूल कंपनी ले ट्रैवेन्यूज टेक्नोलॉजी लिमिटेड के शेयर शुक्रवार को 196.20 रुपये पर बंद हुए। यह शेयर एक दिन पहले के मुकाबले 7.58% गिरकर बंद हुआ। यह शेयर 339.05 रुपये तक जा चुका है। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। शेयर के 52 हफ्ते का लो 118.65 रुपये है। बता दें कि बीते शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार भी बिकवाली मोड में थे। शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1000 अंक से ज्यादा टूटकर बंद हुआ तो निफ्टी में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें


