LPG सिलेंडर की बुकिंग, डिलीवरी और सब्सिडी पर लेटेस्ट अपडेट, हाईकोर्ट पहुंचा मामला
मुख्य बातें
- दिल्ली हाईकोर्ट ने LPG के लिए अनिवार्य ऑथंटिकेशन पर रोक लगाने का कोई आदेश इस सुनवाई में पारित नहीं किया है
- मामले में आगे की स्थिति 18 नवंबर को होने वाली सुनवाई और अदालत के आगामी आदेशों पर निर्भर करेगी

एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग, सब्सिडी और डिलीवरी को लेकर लेटेस्ट अपडेट यह है कि मामला अब दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गया है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथंटिकेशन (BAA) अनिवार्य किए जाने के फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। दायर जनहित याचिका के मुताबिक 1 अक्टूबर से लागू व्यवस्था के तहत बायोमेट्रिक आधार ऑथंटिकेशन पूरा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं की 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई रोकी जा सकती है।
पीटीआई की खबर के मुताबिक बुधवार को सुनवाई के दौरान अदालत ने केंद्र सरकार, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड और सरकारी तेल कंपनियों को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई 18 नवंबर को होगी।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांब्रे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ ने यह आदेश वकील पुलकित लूथरा की ओर से दायर जनहित याचिका पर दिया। याचिकाकर्ता 75 प्रतिशत स्थायी दृष्टिबाधिता से प्रभावित हैं। उनका कहना है कि अनिवार्य बायोमेट्रिक ऑथंटिकेशन, जिसमें आइरिस स्कैन भी शामिल है। यह दृष्टिबाधित व्यक्तियों और अन्य जरूरतमंद उपभोक्ताओं के लिए गंभीर परेशानी पैदा कर सकता है।
3.16 करोड़ उपभोक्ताओं पर असर पड़ने का दावा
याचिका में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के 17 सितंबर के पत्र और 19 सितंबर की प्रेस विज्ञप्ति को चुनौती दी गई है। याचिकाकर्ता के अनुसार, 1 अक्टूबर से लागू व्यवस्था के तहत बायोमेट्रिक आधार ऑथंटिकेशन पूरा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं की 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई रोकी जा सकती है। IOCL, BPCL और HPCL की 19 सितंबर की प्रेस रिलीज में उन ग्राहकों के लिए LPG रिफिल रोकने पर विचार किया गया है, जिन्होंने BAA पूरा नहीं किया है। ऐसे उपभोक्ताओं को उपलब्धता के आधार पर पांच या 10 किलोग्राम के सिलेंडर बाजार मूल्य पर खरीदने का विकल्प दिया जा सकता है।
याचिका में दावा किया गया है कि इस व्यवस्था से करीब 3.16 करोड़ उपभोक्ता प्रभावित हो सकते हैं। इसमें विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांग व्यक्तियों और शारीरिक सीमाओं के कारण बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं करा पाने वाले लोगों की दिक्कतों के बारे में बताया गया है।
सरकार ने सब्सिडी के दुरुपयोग का दिया तर्क
सुनवाई के दौरान अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि बायोमेट्रिक ऑथंटिकेशन अनिवार्य करने का उद्देश्य सरकारी सब्सिडी के दुरुपयोग को रोकना है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि दिव्यांग व्यक्तियों की जरूरतों का ध्यान रखा जाएगा।
वहीं, याचिकाकर्ता की ओर से पेश सीनियर एडवोकेट जोहेब हुसैन ने दलील दी कि सरकार का यह फैसला कानून और आधार से संबंधित सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने अदालत से मामले में अंतरिम राहत पर विचार करने का आग्रह किया। उनका कहना था कि एक अक्टूबर से पहले लागू व्यवस्था के तहत एलपीजी सप्लाई प्रभावित हुई है।
आधार कानून और मौलिक अधिकारों का हवाला
जनहित याचिका में तर्क दिया गया है कि अनिवार्य बायोमेट्रिक ऑथंटिकेशन के लिए पर्याप्त वैधानिक आधार नहीं है। याचिकाकर्ता ने इसे आधार अधिनियम, 2016 के दायरे से आगे बढ़ने वाला कदम बताते हुए संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 के तहत प्राप्त अधिकारों के उल्लंघन का मामला बताया है।
याचिका में आधार की बायोमेट्रिक अपवाद संबंधी व्यवस्थाओं का भी उल्लेख किया गया है। इनके तहत कुछ परिस्थितियों में फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैन उपलब्ध नहीं करा पाने वाले व्यक्तियों के लिए वैकल्पिक सत्यापन की व्यवस्था हो सकती है।
आज क्या हैं एलपीजी सिलेंडर के रेट
इस बीच दिल्ली से लेकर चेन्नई तक घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर के रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल 2810 रुपये और घरेलू 942 रुपये पर स्थिर है। चेन्नई में कमर्शियल सिलेंडर 2983 रुपये का है। यहां घरेलू सिलेंडर की कीमत 957.5 रुपये है।
मुंबई में कमर्शियल 2764 रुपये और घरेलू अभी 941.5 रुपये पर ही टिका है। लखनऊ में घरेलू सिलेंडर के दाम 979.5 रुपये पर स्थिर है। जबकि कमर्शियल सिलेंडर 2932.50 रुपये का है। वहीं, पटना में घरेलू 1,031.50 और कमर्शियल अब 3100.50 रुपये का है।


