100 रुपये से कम का शेयर, पहले ही दिन हर शेयर पर 41 रुपये का मुनाफा, 344 गुना से ज्यादा लगा था दांव
मुख्य बातें
- एलएपीएल ऑटोमोटिव के आईपीओ में कंपनी के शेयर का दाम 94 रुपये था
- कंपनी के शेयर गुरुवार को 135 रुपये पर लिस्ट हुए हैं
- यानी, हर शेयर पर निवेशकों को 41 रुपये का फायदा हुआ है

ऑटो कंपोनेंट्स एंड इक्विपमेंट इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी एलएपीएल ऑटोमोटिव की शेयर बाजार में धमाकेदार शुरुआत हुई है। आईपीओ में कंपनी के शेयर का दाम 100 रुपये से कम था। एलएपीएल ऑटोमोटिव ने बाजार में उतरते ही हर शेयर पर निवेशकों को 41 रुपये का बंपर फायदा करा दिया है। कंपनी के शेयर गुरुवार को BSE में 43 पर्सेंट से अधिक के फायदे के साथ 135 रुपये पर लिस्ट हुए हैं। एलएपीएल ऑटोमोटिव के आईपीओ का टोटल साइज 32 करोड़ रुपये तक का था।
लिस्टिंग के बाद लुढ़क गए कंपनी के शेयर
मजबूत लिस्टिंग के ठीक बाद कंपनी के शेयर और उछलकर 139 रुपये पर पहुंच गए। हालांकि, यह तेजी ज्यादा देर टिक नहीं सकी और एलएपीएल ऑटोमोटिव के शेयर 4 पर्सेंट लुढ़ककर 129 रुपये पर जा पहुंचे हैं। IPO में कंपनी के शेयर का दाम 94 रुपये था। कंपनी का मार्केट कैप गुरुवार को 162 करोड़ रुपये पहुंच गया है। कंपनी का आईपीओ दांव लगाने के लिए 6 अगस्त 2026 को खुला था और यह 10 अगस्त तक ओपन रहा।
IPO पर लगा 344 गुना से ज्यादा दांव
एलएपीएल ऑटोमोटिव (LAPL Automotive) के आईपीओ पर टोटल 344.31 गुना दांव लगा था। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों या इंडीविजुअल इनवेस्टर्स की कैटेगरी में 387.78 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। वहीं, गैर संस्थागत निवेशकों या नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का कोटा 433.26 गुना सब्सक्राइब हुआ। कंपनी के आईपीओ में क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स कैटेगरी में 200.23 गुना दांव लगा। एलएपीएल ऑटोमोटिव के आईपीओ में आम निवेशक 2 लॉट के लिए ही दांव लगा सकते थे। आईपीओ की 2 लॉट में 2400 शेयर थे। यानी, आम निवेशकों को कंपनी के आईपीओ में 2,25,600 रुपये का निवेश करना पड़ा।
क्या करती है एलएपीएल ऑटोमोटिव?
एलएपीएल ऑटोमोटिव (LAPL Automotive) ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स और एक्सेसरीज की एक बड़ी रेंज की डिजाइनिंग, मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई करती है। कंपनी की शुरुआत साल 2004 में हुई है। ऑटोमोटिव लाइटिंग और सिग्निंग प्रॉडक्ट्स में कंपनी का स्पेशलाइजेशन है। कंपनी अपने ब्रांड LAPL के तहत ओडीएम और ओबीएम के रूप में ऑपरेट करती है। एलएपीएल ऑटोमोटिव की मैन्युफैक्चरिंग इकाई महाराष्ट्र के औरंगाबाद में है। इस प्लांट में लेटेस्ट मशीनरी, टूल रूम फैसिलिटीज और एक डेडिकेटेड टेस्टिंग लैब है। 30 जून 2026 तक के डेटा के मुताबिक, कंपनी में 73 परमानेंट एंप्लॉयीज और 135 कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स हैं। IPO से पहले एलएपीएल ऑटोमोटिव में प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप की हिस्सेदारी 96.79 पर्सेंट थी, जो कि अब 70.18 पर्सेंट रह गई है। नीरज सत्यप्रकाश गोयल, शुभम नीरज गोयल और अनीता नीरज गोयल कंपनी के प्रमोटर्स हैं।


