49% मुनाफा बढ़ने पर डबल डिवेडेंड बांटेगी ये कंपनी, तेजी से ऊपर चढ़ रहा स्टॉक; इसके पास देश का पहला मेक-इन-इंडिया टरबाइन
KPI Green Energy Q4 Result; KPI ग्रीन एनर्जी का मुनाफा चौथी तिमाही में 49% तक बढ़ गया है, जिससे खुश होकर कंपनी ने बोर्ड से अब निवेशकों को डबल डिवेडेंड बांटने की सिफारिश की है। KPI ग्रीन ने हाल ही में देश का पहला मेक-इन-इंडिया विंड टरबाइन स्थापित किया है।

रिन्यूएबल एनर्जी के सेक्टर में इतिहास रचने वाली दिग्गज कंपनी KPI ग्रीन एनर्जी लिमिटेड ने बुधवार को अपने शानदार तिमाही नतीजों की घोषणा कर दी है। देश की पहली स्वदेशी 4.2 मेगावाट की पवन टरबाइन लगाने की ऐतिहासिक कामयाबी के ठीक बाद कंपनी ने वित्तीय मोर्चे पर भी दमदार प्रदर्शन किया है। 31 मार्च को समाप्त हुई चौथी तिमाही (Q4) में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट (शुद्ध मुनाफा) सालाना आधार पर 49 फीसदी से अधिक की जोरदार बढ़त के साथ ₹155.48 करोड़ पर पहुंच गया है। आइए कंपनी के इन बेहतरीन फाइनेंशियल नतीजों और निवेशकों को मिलने वाले फायदों को आसान भाषा में समझते हैं।
कैसा रहा कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन ?
मजबूत रेवेन्यू ग्रोथ के दम पर कंपनी ने इस तिमाही में रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है। पिछले साल की समान तिमाही (जनवरी-मार्च) में कंपनी का मुनाफा ₹104.18 करोड़ था, जो इस बार लगभग आधा बढ़कर ₹155.48 करोड़ हो गया है। रेवेन्यू की बात करें तो इसमें भी भारी उछाल हुआ है। चौथी तिमाही के दौरान कंपनी का कुल रेवेन्यू बढ़कर ₹810.20 करोड़ पर पहुंच गया। पिछले वित्तीय वर्ष (2024-25) की समान तिमाही में यह आंकड़ा ₹577.80 करोड़ था।
शेयरधारकों के लिए डबल बोनस
मुनाफे में आई इस बंपर तेजी की खुशी कंपनी ने अपने शेयरधारकों के साथ भी बांटी है। कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए दोहरे लाभांश (डबल डिविडेंड) की सिफारिश की है, जो आगामी वार्षिक आम बैठक (AGM) में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद दिया जाएगा।
1- फाइनल डिविडेंड (अंतिम लाभांश):- ₹0.25 प्रति इक्विटी शेयर।
2- स्पेशल डिविडेंड (विशेष लाभांश): - ₹0.15 प्रति इक्विटी शेयर।
आपको बता दें कि इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में देश की प्रमुख ग्रीन एनर्जी कंपनी KPI ग्रीन एनर्जी लिमिटेड ने एक नया इतिहास रच दिया है। इस कंपनी ने भारत का पहला 'मेक इन इंडिया' (स्वदेशी) 4.2 मेगावाट (4.2M160) का पवन टरबाइन (विंड टरबाइन) सफलतापूर्वक स्थापित किया है। यह भारत के पवन ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक बहुत बड़ी तकनीकी कामयाबी मानी जा रही है, जो भारत को हरित ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। ये विंड टरबाइन बहुत कम हवा में भी ज्यादा एनर्जी प्रोड्यूस कर सकती है।
शेयर परफॉर्मेंस
केपीआई ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (KPI Green Energy Ltd) के शेयरों में आज (6 मई 2026) के कारोबारी सत्र में तूफानी तेजी देखने को मिल रही है। खबर लिखे जाने तक नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE: KPIGREEN) पर कंपनी का शेयर 6.69% (₹30.50) की जोरदार बढ़त के साथ ₹486.35 पर कारोबार कर रहा है।
हाल ही में घोषित हुए चौथी तिमाही (Q4) के शानदार नतीजों में मुनाफे में 49% की बंपर उछाल और निवेशकों के लिए डबल डिविडेंड (फाइनल + स्पेशल) के ऐलान ने बाजार में जोश भर दिया है। इसके साथ ही देश का पहला स्वदेशी 4.2 मेगावाट विंड टरबाइन लगाने की बड़ी तकनीकी कामयाबी से निवेशकों का भरोसा सातवें आसमान पर है, जिसके दम पर आज इस शेयर में तगड़ी खरीदारी देखने को मिल रही है।
क्यों मजबूत है कंपनी की स्थिति?
सूरत के 'केपी ग्रुप' की यह प्रमुख कंपनी न केवल सौर और पवन ऊर्जा के बड़े प्रोजेक्ट्स लगा रही है, बल्कि अपनी बेहतरीन कार्यकुशलता से लगातार मुनाफे को बढ़ा रही है। पहले देश का पहला सबसे बड़ा 'मेक इन इंडिया' विंड टरबाइन लगाने की खबर और अब करीब 50% की प्रॉफिट ग्रोथ इन दोनों बड़े घटनाक्रमों ने साबित कर दिया है कि कंपनी आने वाले समय में रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में अपना दबदबा और मजबूत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। निवेशकों के लिए यह नतीजे किसी बड़े तोहफे से कम नहीं हैं।
डिस्क्लेमर- यह स्टोरी केवल शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और अनुशंसाएं व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, लाइव हिंदुस्तान के नहीं। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श लें।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


