15 साल बाद शेयर को टुकड़ों में बांट रहा दिग्गज बैंक, 21 नवंबर को बुलाई अहम बैठक
साल 2010 में कोटक महिंद्रा बैंक ने अपने शेयरों का विभाजन किया था, जिससे फेस वैल्यू ₹10 से घटकर ₹5 हो गया था। साल 2015 में बैंक ने 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर भी जारी किए थे। अब एक बार फिर बैंक शेयर विभाजन करने जा रहा है।
kotak mahindra bank stock split: प्राइवेट सेक्टर के कोटक महिंद्रा बैंक ने शुक्रवार, 21 नवंबर को अहम बैठक बुलाई है। बैंक की इस बैठक में इक्विटी शेयरों के विभाजन यानी स्टॉक स्प्लिट पर फैसला लिया जाएगा। यह 15 साल बाद पहली बार होगा जब बैंक शेयरों का विभाजन करेगा। बता दें कि बैंक ने पहले भी शेयर विभाजन किया है। साल 2010 में कोटक महिंद्रा बैंक ने अपने शेयरों का विभाजन किया था, जिससे फेस वैल्यू ₹10 से घटकर ₹5 हो गया था। साल 2015 में बैंक ने 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर भी जारी किए थे। फिलहाल कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों का फेस वैल्यू ₹5 है।
स्टॉक स्प्लिट की वजह
आमतौर पर स्टॉक स्प्लिट किसी कंपनी द्वारा अपने बकाया शेयरों को बढ़ाने और अपने शेयरधारकों के लिए स्टॉक को अधिक किफायती बनाकर व्यापारिक लिक्विडिटी में सुधार करने के लिए किया जाता है। इसका निवेशकों के पोर्टफोलियो पर असर नहीं पड़ता है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
हाल ही में कोटक महिंद्रा बैंक ने अपनी सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए थे। इस तिमाही में बैंक का प्रॉफिट ₹3253 करोड़ रहा, जो साल-दर-साल 2.7% कम है। बैंक की शुद्ध ब्याज आय सालाना आधार पर 4% बढ़कर ₹7311 करोड़ हो गई जबकि शुद्ध ब्याज मार्जिन 4.54% पर रहा। परिचालन लाभ साल-दर-साल 3% बढ़कर ₹5268 करोड़ हो गया। तिमाही के दौरान प्रावधान ₹947 करोड़ रहे और ऋणदाताओं की परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार हुआ। वहीं, ग्रॉस एनपीए ₹6480 करोड़ रहा जो वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही के ₹6,638 करोड़ से कम है।
शेयर का हाल
कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर शुक्रवार, 14 नवंबर को ₹2075.15 पर बंद हुए। 2025 में अब तक स्टॉक 16% ऊपर है। अप्रैल 2025 में शेयर 2,301.55 रुपये तक गया था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। शेयर के 52 हफ्ते का लो 1,688.70 रुपये है।





