होम लोन की EMI पर 65 महीने तक नो टेंशन...इस बैंक ने दिया बड़ा तोहफा

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • कोटक महिंद्रा बैंक ने  'हाइब्रिड होम लोन' पेश किया है
  • इसके तहत ग्राहक 65 महीने तक अपने होम लोन की ब्याज दर तय रख सकेंगे
Home loan
बैंक 7.6 प्रतिशत की शुरुआती ब्याज दर पर होम लोन दे रहा।

अपने घर का सपना हर कोई देखता है लेकिन इसे साकार करना आसान नहीं होता। हालांकि, बैंकों की ओर से होम लोन दिए जाने की वजह से घर खरीदना आसान हो जाता है। प्राइवेट से लेकर सरकारी बैंक तक अपने ग्राहकों को रिझाने के लिए तरह-तरह के ऑफर लाते हैं। ऐसा ही एक ऑफर प्राइवेट सेक्टर के कोटक महिंद्रा बैंक ने लाया है। इस बैंक ने होम लोन पर निश्चित अवधि के लिए ब्याज दर लॉक करने की सुविधा की घोषणा की है। आइए ऑफर की डिटेल जान लेते हैं।

क्या है ऑफर?

कोटक महिंद्रा बैंक ने ग्राहकों को होम लोन की मासिक किस्त (ईएमआई) को लेकर अधिक निश्चितता देने के उद्देश्य से 'हाइब्रिड होम लोन' पेश किया है। इसके तहत ग्राहक 65 महीने तक अपने होम लोन की ब्याज दर तय रख सकेंगे। इस योजना के तहत ग्राहक 39, 52 या 65 महीने की निश्चित ब्याज दर अवधि चुन सकते हैं। इस दौरान भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की रेपो दर में बदलाव होने पर भी उनके लोन की ब्याज दर और ईएमआई में कोई बदलाव नहीं होगा। बता दें कि बैंक फिलहाल 7.6 प्रतिशत की शुरुआती ब्याज दर पर होम लोन उपलब्ध करा रहा है।

क्या कहा बैंक ने?

बैंक ने कहा कि घर खरीदना किसी परिवार की वित्तीय यात्रा की शुरुआत भर होता है। शुरुआती वर्षों में परिवारों को घर की साज-सज्जा, बच्चों की शिक्षा, बचत और अन्य दैनिक खर्चों के साथ ईएमआई का भी प्रबंधन करना पड़ता है। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद लोन ऑटोमैटिक फ्लोटिंग ब्याज दर व्यवस्था में बदल जाएगा, जो रेपो रेट और लोन स्वीकृति के समय तय किए गए अतिरिक्त मार्जिन (स्प्रेड) से जुड़ी होगी।

बैंक के अनुसार, एक करोड़ रुपये के होम लोन पर यदि ब्याज दरें हाल के उच्च स्तर तक बढ़ती हैं, तो उधारकर्ता को 3.46 लाख रुपये तक की बचत हो सकती है।

कोटक महिंद्रा बैंक में मॉर्गेज के प्रमुख नकुल सक्सेना ने कहा, "होम लोन कई दशकों तक चल सकता है और इस दौरान ब्याज दरों के कई चक्र आ सकते हैं। कई उधारकर्ताओं के लिए ब्याज दर की हर समीक्षा के साथ यह सवाल उठता है कि अगला बदलाव उनकी ईएमआई या घरेलू बजट को किस तरह प्रभावित करेगा। साथ ही, समय के साथ आय, प्राथमिकताओं और वित्तीय जिम्मेदारियों में बदलाव के बीच परिवारों को जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण खर्चों का भी संतुलन बनाना पड़ता है। यही वजह है कि ग्राहकों को 65 महीनों तक अपनी ब्याज दर लॉक करने का विकल्प दिया गया है ताकि अतिरिक्त बोझ नहीं पड़े।"

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़होम लोन की EMI पर 65 महीने तक नो टेंशन...इस बैंक ने दिया बड़ा तोहफा