शानदार नतीजे के बाद फोकस में आया यह शेयर, 30 रुपये के स्तर पर है भाव
इस तिमाही में बैंक का मुनाफा 16 प्रतिशत बढ़कर 740 करोड़ रुपये हो गया। मुख्य आय में वृद्धि और एनपीए में कमी से बैंक के मुनाफे को बल मिला है। यूको बैंक के शेयर की बात करें तो 29.40 रुपये की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले शुक्रवार को 30.10 रुपये तक पहुंच गया था।

UCO Bank share: सार्वजनिक क्षेत्र के यूको बैंक के शेयर पर सोमवार को निवेशकों की नजर रहेगी। दरअसल, बैंक ने दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। इस तिमाही में बैंक का मुनाफा 16 प्रतिशत बढ़कर 740 करोड़ रुपये हो गया। मुख्य आय में वृद्धि और एनपीए में कमी से बैंक के मुनाफे को बल मिला है। कोलकाता मुख्यालय वाले बैंक ने शनिवार को बताया कि उसने पिछले साल की समान अवधि में 639 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था।
बैंक की आय और एनपीए
शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार, तिमाही के दौरान बैंक की कुल आय बढ़कर 7,521 करोड़ रुपये हो गई। यह पिछले साल इसी अवधि में 7,406 करोड़ रुपये थी। वहीं, बैंक की ब्याज आय भी पिछले साल के 6,220 करोड़ रुपये से बढ़कर 6,652 करोड़ रुपये पर आ गई। दिसंबर तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) 11.27 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2,646 करोड़ रुपये रही। यह पिछले वर्ष की समान अवधि में 2,378 करोड़ रुपये थी। इस दौरान बैंक का परिचालन लाभ भी 5.93 प्रतिशत बढ़कर 1,680 करोड़ रुपये हो गया। इस अवधि के दौरान बैंक की ग्रॉस एनपीए का अनुपात घटकर 2.41 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले 2.91 प्रतिशत था। इसी तरह, नेट एनपीए भी 0.63 प्रतिशत से कम होकर 0.36 प्रतिशत के स्तर पर आ गया। बैंक का पूंजी पर्याप्तता अनुपात दिसंबर 2024 के 16.25 प्रतिशत के मुकाबले सुधरकर 17.43 प्रतिशत हो गया है।
बैंक के शेयर का परफॉर्मेंस
यूको बैंक के शेयर की बात करें तो 29.40 रुपये की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले शुक्रवार को 30.10 रुपये तक पहुंच गया था। वहीं, शेयर की क्लोजिंग 29.69 रुपये पर हुई। जनवरी 2025 में शेयर 45.25 रुपये पर था तो अप्रैल 2025 में शेयर 26.83 रुपये पर आ गया था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई और लो है।





