2 दिन में 36% चढ़ा शेयर, मुकेश अंबानी का है बड़ा दांव, एक्सपर्ट बोले- और चढ़ेगा शेयर
मुख्य बातें
- जस्ट डॉयल के शेयर मंगलवार को 16% से ज्यादा चढ़कर 790.35 रुपये पर बंद हुए हैं
- दो दिन में कंपनी के शेयरों में 36% से अधिक की तेजी देखने को मिली है
- मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि कंपनी के शेयर 1250 रुपये तक जा सकते हैं

जस्ट डॉयल के शेयर इन दिनों मार्केट में दहाड़ रहे हैं। जस्ट डॉयल (Just Dial) के शेयर मंगलवार को BSE में 16 पर्सेंट से अधिक उछलकर 790.35 रुपये पर बंद हुए हैं। कंपनी के शेयरों ने दिन के कारोबार के दौरान 809 रुपये के स्तर को भी छुआ है। दो दिन में कंपनी के शेयरों में 36 पर्सेंट से ज्यादा की तेजी आई है। दो साल में अपनी सबसे मजबूत तिमाही रेवेन्यू ग्रोथ हासिल करने और अपने टॉप मैनेजमेंट में बड़े बदलाव की घोषणा के बाद कंपनी के शेयरों में यह तूफानी तेजी आई है। मुकेश अंबानी का कंपनी पर बड़ा दांव है। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि जस्ट डॉयल के शेयरों में और तेजी देखने को मिल सकती है।
1250 रुपये तक का मिला है टारगेट
जस्ट डॉयल (Just Dial) का कवरेज करने वाले 8 एनालिस्ट्स में से 7 ने कंपनी के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। केवल एक एनालिस्ट ने कंपनी के शेयरों को बेचने की रेटिंग दी है। घरेलू ब्रोकरेज हाउस ICICI डायरेक्ट ने जस्ट डॉयल के शेयरों के लिए 1250 रुपये तक का टारगेट दिया है। यह बात सीएनबीसी-टीवी 18 की एक रिपोर्ट में कही गई है। कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने कंपनी के शेयरों पर अपनी बाय (Buy) रेटिंग बनाए रखी है और कंपनी के शेयरों के लिए 1110 रुपये का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज हाउस सिटी (Citi) ने जस्ट डॉयल के शेयरों के लिए 930 रुपये का टारगेट दिया है।
8 तिमाहियों में सबसे तेज रेवेन्यू ग्रोथ
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में जस्ट डॉयल का रेवेन्यू 327 करोड़ रुपये रहा है। सालाना आधार पर यह 9.9 पर्सेंट और तिमाही आधार पर 6.6 पर्सेंट बढ़ा है। 30 जून 2026 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी ने 8 तिमाही में सबसे तेज सालाना रेवेन्यू ग्रोथ हासिल की है। पहली तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 166.2 करोड़ रुपये रहा है, सालाना आधार पर यह 4.1 पर्सेंट बढ़ा है। जस्ट डॉयल का इबिट्डा सालाना आधार पर 1.1 पर्सेंट बढ़कर 87.4 करोड़ रुपये रहा है। इबिट्डा मार्जिन 26.7 पर्सेंट रहा है।
जस्ट डॉयल में मुकेश अंबानी की कंपनी का 63.84% हिस्सा
मुकेश अंबानी के मालिकाना हक वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) की सहायक कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की जस्ट डॉयल में 63.84 पर्सेंट हिस्सेदारी है। शेयरहोल्डिंग का यह डेटा 31 मार्च 2026 को खत्म हुई तिमाही के मुताबिक है। टॉप मैनेजमेंट में बदलाव की बात करें तो तीन दशक से भी ज्यादा समय से जस्ट डॉयल की अगुवाई करने वाले इसके फाउंडर वीएसएस मणि 31 जुलाई को मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ का पद छोड़ेंगे। उनकी जगह दिनकर अयिलावरपु लेंगे। वहीं, रिलायंस रिटेल के पूर्व चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर दिनेश तलूजा को नया CFO नियुक्त किया गया है।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


