निवेशकों के लिए अलर्ट! कमाई पर मंडरा रहा खतरा, जेपी मॉर्गन ने दी ये चेतावनी
JP Morgan Report: वैश्विक ब्रोकरेज जेपी मॉर्गन (JP Morgan) ने भारत को ओवरवेट (Overweight) से घटाकर न्यूट्रल (Neutral) कर दिया है, जिससे निवेशकों के बीच चिंता बढ़ गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय बाजार अभी भी अन्य उभरते देशों की तुलना में महंगा है।

JP Morgan Report: ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेपी मॉर्गन (JP Morgan) ने भारत के शेयर बाजार को लेकर अपना नजरिया थोड़ा सतर्क कर दिया है। कंपनी ने भारत की रेटिंग को ओवरवेट से घटाकर न्यूट्रल कर दिया है। इसका मतलब यह है कि अब विदेशी निवेशकों के लिए भारत पहले जितना आकर्षक नहीं दिख रहा। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण महंगे वैल्यूएशन (valuations) और आने वाले समय में कंपनियों की कमाई (earnings) पर दबाव का खतरा बताया गया है।
दरअसल, जेपी मॉर्गन (JP Morgan) का कहना है कि भारतीय बाजार अभी भी अन्य उभरते बाजारों (Emerging Markets) के मुकाबले काफी प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। हालांकि, यह प्रीमियम पहले 109% तक था, जो अब घटकर करीब 65% रह गया है, लेकिन फिर भी यह काफी ज्यादा है, यानी निवेशकों को वही ग्रोथ दूसरे देशों जैसे ब्राजील, चीन या मेक्सिको में कम कीमत पर मिल सकती है।
इतना ही नहीं, एक और बड़ी चिंता कंपनियों की कमाई को लेकर है। बढ़ती महंगाई और कच्चे तेल की ऊंची कीमतें कंपनियों के मुनाफे को प्रभावित कर सकती हैं। इसी वजह से HSBC ने भी हाल ही में भारत को अंडरवेट कर दिया है, यानी दोनों बड़ी ग्लोबल संस्थाएं अब भारत को लेकर थोड़ी सावधानी बरतने की सलाह दे रही हैं।
ब्रोकरेज का मानना है कि साल 2025 पहले ही बाजार के लिए कमजोर रहा है और 2026 भी आसान नहीं दिख रहा। हालांकि, निफ्टी 50 (Nifty 50) के लिए 27,000 का टारगेट दिया गया है, जो मौजूदा स्तर से करीब 13% की बढ़त दिखाता है। लेकिन, यह ग्रोथ आसान नहीं होगी, क्योंकि बाजार को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
एक और दिलचस्प बात यह है कि भारत को अब तक स्कैरसिटी प्रीमियम (scarcity premium) मिलता था, यानी मजबूत ग्रोथ और स्थिर नीतियों के कारण निवेशक ज्यादा कीमत देने को तैयार रहते थे। लेकिन, पिछले कुछ तिमाहियों में ग्रोथ धीमी पड़ने से यह प्रीमियम दबाव में आ गया है।
यह रिपोर्ट निवेशकों के लिए एक संकेत है कि भारतीय बाजार में अभी भी मौके हैं, लेकिन आंख बंद करके निवेश करने का समय नहीं है। समझदारी यही होगी कि निवेशक वैल्यूएशन, ग्लोबल संकेत और सेक्टर-वार प्रदर्शन को ध्यान में रखकर फैसले लें।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


