इंतजार खत्म: इस दिन खुलेगा जियो का IPO, प्राइस बैंड का ऐलान, ₹220 प्रीमियम पर GMP

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर 2026 को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा
  • वहीं, बड़े इंस्टीट्यूशनल निवेशकों के लिए एंकर बिडिंग 19 अक्टूबर को होगी
  • इस बीच, कंपनी के शेयरों की ग्रे मार्केट में जबरदस्त डिमांड है
  • कंपनी के शेयर आज ग्रे मार्केट में 220 रुपये प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं

Jio ipo
जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर 2026 को खुलेगा।

Jio Platforms IPO: रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO का इंतजार कर रहे निवेशकों के लिए बड़ी खबर है। मुकेश अंबानी की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स ने अपने मोस्ट अवेटेड IPO के लिए प्राइस बैंड तय कर दिया है। कंपनी ने प्रति शेयर कीमत 1,065 रुपये से 1,119 रुपये के बीच रखी है। इस IPO के जरिए जियो प्लेटफॉर्म्स भारतीय शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। अगर यह इश्यू तय योजना के मुताबिक आता है, तो यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO बन सकता है। इस IPO में कंपनी 27 करोड़ तक नए इक्विटी शेयर जारी करेगी। हर शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये रखी गई है।

बता दें कि रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) ने बुधवार, 14 अक्टूबर को अपनी सब्सिडियरी कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO के लिए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) जमा कर दिया है। यह डॉक्यूमेंट गुजरात के अहमदाबाद स्थित रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के पास दाखिल किया गया है। फाइलिंग के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर 2026 को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। वहीं, बड़े इंस्टीट्यूशनल निवेशकों के लिए एंकर बिडिंग 19 अक्टूबर को होगी। इस बीच, कंपनी के शेयरों की ग्रे मार्केट में जबरदस्त डिमांड है। कंपनी के शेयर आज ग्रे मार्केट में 220 रुपये प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं।

इन शेयरधारकों के लिए खास मौका

जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO में पात्र कर्मचारियों के लिए 500 करोड़ रुपये तक के शेयर रिजर्व रखने का प्रावधान है। इसके अलावा, रिलायंस इंडस्ट्रीज के एलिजिबल शेयरधारकों के लिए 2,500 करोड़ रुपये तक के शेयर रिजर्व किए जा सकते हैं। इसका मतलब है कि IPO में आम निवेशकों के साथ-साथ कुछ एलिजिबल रिलायंस शेयरधारकों और कर्मचारियों को भी निवेश का मौका मिल सकता है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के वे शेयरधारक, जो तय नियमों और एलिजिबलिटी शर्तों को पूरा करते हैं, इस रिजर्वेशन का लाभ लेने के योग्य होंगे। इसमें इंडिविजुअल इन्वेस्टर्स के साथ हिंदू अनडिवाइडेड फैमिली (HUF) भी शामिल हैं। हालांकि, एलिजिबिलिटी का फैसला RHP दाखिल करने की तारीख पर लागू नियमों के आधार पर होगा। कानून के तहत निवेश के लिए अयोग्य कुछ शेयरधारकों को इस सुविधा से बाहर रखा जाएगा।

पहले SEBI के पास जमा हुआ था IPO का ड्राफ्ट

जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO की तैयारी पहले से चल रही थी। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने 19 जून को जानकारी दी थी कि जियो प्लेटफॉर्म्स ने IPO के लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) जमा किया है। उस समय कंपनी ने नए शेयर जारी करके 27 करोड़ तक इक्विटी शेयर बाजार में लाने का प्रस्ताव रखा था। हर शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये तय की गई थी। इसके बाद 28 अगस्त को रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बताया कि जियो प्लेटफॉर्म्स को भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) से DRHP पर ऑब्जर्वेशन लेटर मिल गया है। अब RHP दाखिल होने के साथ IPO की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है।

सिर्फ टेलीकॉम कंपनी नहीं है जियो प्लेटफॉर्म्स

जियो प्लेटफॉर्म्स को केवल मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराने वाली कंपनी के तौर पर नहीं देखा जाता। इसका कारोबार इंटरनेट कनेक्टिविटी, डिवाइस, ऑपरेटिंग सिस्टम और डिजिटल ऐप्स तक फैला हुआ है। कंपनी मोबाइल सेवाओं और फिक्स्ड ब्रॉडबैंड के अलावा कारोबार करने वाली कंपनियों को भी नेटवर्क और डिजिटल सेवाएं देती है। इसके डिजिटल ऐप्स में MyJio, JioSaavn, JioTV और JioAICloud जैसे नाम शामिल हैं। इस तरह जियो का कारोबार मोबाइल रिचार्ज और इंटरनेट सेवाओं से आगे बढ़कर डिजिटल टेक्नोलॉजी और एंटरप्राइज सेवाओं तक पहुंच चुका है।

आंकड़ों के मुताबिक, जियो के मोबाइल ग्राहकों की संख्या करीब 52.4 करोड़ थी। वहीं, फिक्स्ड ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या 2.7 करोड़ से ज्यादा बताई गई थी। कंपनी का नेटवर्क बैंकिंग, एयरपोर्ट और बिजली डिस्ट्रीब्यूशन जैसे सेक्टर्स में काम करने वाले संस्थानों को भी सेवाएं देता है। इससे साफ है कि जियो प्लेटफॉर्म्स का कारोबार आम मोबाइल ग्राहकों के साथ-साथ बड़े कारोबारी और संस्थागत ग्राहकों तक फैला हुआ है।

Varsha Pathak

लेखक के बारे में

Varsha Pathak

वर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़इस दिन खुलेगा जियो का IPO, प्राइस बैंड का ऐलान, ₹220 प्रीमियम पर GMP