आ रहा है अब तक का सबसे बड़ा IPO, मुकेश अंबानी की कंपनी कर रही बड़ी तैयारी
Jio IPO: देश की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक रिलायंस इंडस्ट्रीज अब अपनी टेलीकॉम यूनिट जियो प्लेटफार्म को शेयर बाजार में उतारने की तैयारी तेज कर रही है।

Jio IPO: देश की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक रिलायंस इंडस्ट्रीज अब अपनी टेलीकॉम यूनिट जियो प्लेटफार्म को शेयर बाजार में उतारने की तैयारी तेज कर रही है। खबर है कि कंपनी इस संभावित आईपीओ के लिए कई बड़े निवेश बैंकों के साथ काम कर रही है। अगर यह योजना आगे बढ़ती है तो यह भारत के इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ साबित हो सकता है।
निवेश बैंकों को सलाहकार चुना गया
सूत्रों के मुताबिक, इस बड़े इश्यू की तैयारी के लिए कंपनी ने कई वैश्विक और भारतीय निवेश बैंकों को सलाहकार के तौर पर चुना है। इनमें BofA सिक्योरिटीज, सिटीग्रुप, गोल्डमैन सैक्स, जेएम फाइनेंशियल, कोटक महिंद्रा कैपिटल और मॉर्गन स्टेनली शामिल हैं। माना जा रहा है कि आगे चलकर इस प्रक्रिया में कुछ और सलाहकार भी जोड़े जा सकते हैं, ताकि आईपीओ की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा सके।
रिलायंस समूह की पहला बड़ा IPO
यह आईपीओ इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि यह लगभग दो दशकों में मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस समूह की किसी बड़ी इकाई का पहला पब्लिक इश्यू होगा। जियो प्लेटफॉर्म्स आज देश की सबसे बड़ी वायरलेस टेलीकॉम कंपनी बन चुकी है और डिजिटल सेवाओं, इंटरनेट, क्लाउड और फिनटेक जैसे कई क्षेत्रों में तेजी से विस्तार कर रही है।
170 अरब डॉलर तक का मूल्यांकन
बैंकिंग सूत्रों के अनुसार, जियो प्लेटफॉर्म्स का संभावित मूल्यांकन करीब 170 अरब डॉलर तक रखा जा सकता है। अगर सरकार द्वारा हाल ही में किए गए नियमों के मुताबिक कंपनी केवल 2.5% हिस्सेदारी भी बाजार में बेचती है, तो इस आईपीओ के जरिए करीब 4.3 अरब डॉलर यानी लगभग 35 हजार करोड़ रुपये तक जुटाए जा सकते हैं। यही वजह है कि बाजार में इस इश्यू को लेकर काफी उत्सुकता देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि जैसे ही आईपीओ की शर्तें और संरचना तय हो जाएंगी, कंपनी भारतीय बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल करेगी। हालांकि अभी टाइमलाइन और इश्यू के आकार में बदलाव की संभावना बनी हुई है, इसलिए अंतिम फैसला आने में थोड़ा समय लग सकता है।
इस बीच भारत के आईपीओ बाजार की बात करें तो साल 2026 की शुरुआत थोड़ी धीमी रही है। आंकड़ों के मुताबिक इस साल की पहली तिमाही में आईपीओ के जरिए करीब 1.7 अरब डॉलर ही जुटाए गए हैं, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा करीब 2.3 अरब डॉलर था। ऐसे में अगर जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ आता है, तो यह भारतीय शेयर बाजार में नई ऊर्जा और निवेशकों की दिलचस्पी दोनों को बढ़ा सकता है।
लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें

