Jio IPO: ₹220 पर पहुंचा GMP, 20% लिस्टिंग गेन का संकेत! निवेश से पहले जानें प्राइस बैंड समेत ये जरूरी बातें

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

मुख्य बातें

  • Jio Platforms का IPO 21 से 23 अक्टूबर 2026 तक खुलने वाला है
  • कंपनी ने प्रति शेयर ₹1,065–₹1,119 का प्राइस बैंड तय किया है और इश्यू के जरिए करीब ₹30,213 करोड़ जुटाने की योजना है
  • ग्रे मार्केट में GMP ₹220 तक पहुंचने की खबर है, जो ऊपरी प्राइस बैंड से करीब 19.7% अधिक है

Jio IPO News
Jio Platforms का IPO 21 अक्टूबर 2026 को खुलेगा और 23 अक्टूबर को होगा बंद।

Jio IPO: रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) की डिजिटल और टेलीकॉम कंपनी Jio प्लेटफॉर्म्स के IPO को लेकर शेयर बाजार में काफी चर्चा है। कंपनी ने अपने IPO के लिए ₹1,065 से ₹1,119 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। वहीं, ग्रे मार्केट में इसके शेयरों का प्रीमियम (GMP) बढ़कर ₹220 तक पहुंचने की खबर है। ऊपरी प्राइस बैंड के मुकाबले यह करीब 19.7% का संभावित प्रीमियम है। हालांकि, ग्रे मार्केट के ये भाव अनौपचारिक हैं और लिस्टिंग के दिन मिलने वाले रिटर्न की गारंटी नहीं देते। आइए इस IPO की अन्य डिटेल्स पर एक नजर डालते हैं।

21 अक्टूबर से खुलेगा Jio प्लेटफॉर्म्स का IPO

कंपनी के रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) के मुताबिक, Jio Platforms का IPO 21 अक्टूबर 2026 को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। कंपनी इस इश्यू के जरिए करीब ₹30,213 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है। यह इश्यू पूरी तरह नए शेयर जारी करके लाया जा रहा है, जिसके तहत अधिकतम 27 करोड़ इक्विटी शेयर पेश किए जाएंगे।

अगर इश्यू अपने तय साइज के साथ आगे बढ़ता है, तो यह 2024 में आए हुंडई मोटर इंडिया (Hyundai Motor India) के करीब ₹27,900 करोड़ के IPO को पीछे छोड़ सकता है। इस तरह Jio Platforms का इश्यू भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO बन सकता है। कंपनी के शेयरों के NSE और BSE पर 28 अक्टूबर को लिस्ट होने की संभावित तारीख दी गई है, जबकि शेयरों का अलॉटमेंट 26 अक्टूबर को तय होने की उम्मीद है।

₹220 GMP का क्या है मतलब?

अनौपचारिक ग्रे मार्केट में Jio IPO के शेयर करीब ₹1,339 पर कोट किए जाने की खबर है। यह ₹1,119 के ऊपरी प्राइस बैंड से ₹220 अधिक है। इस आधार पर संभावित प्रीमियम करीब 19.7% बैठता है। अगर यह अंतर लिस्टिंग तक बना रहता है, तो ऊपरी प्राइस बैंड पर शेयर पाने वाले निवेशकों को लगभग 20% की संभावित लिस्टिंग बढ़त का संकेत मिल सकता है। ग्रे मार्केट में GMP बढ़ने का रुझान भी चर्चा में है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 4 अक्टूबर को यह करीब ₹148 था, जो बाद में बढ़कर ₹220 तक पहुंच गया। हालांकि, अलग-अलग अनौपचारिक प्लेटफॉर्म पर GMP के आंकड़े और अपडेट का समय अलग हो सकता है। इसलिए इसे शेयर की संभावित लिस्टिंग कीमत का पक्का अनुमान नहीं माना जाना चाहिए।

यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि GMP न तो स्टॉक एक्सचेंज का आधिकारिक भाव है और न ही कंपनी की ओर से तय किया गया रिटर्न। बाजार की स्थिति, निवेशकों की मांग और लिस्टिंग के समय के माहौल के कारण वास्तविक लिस्टिंग कीमत इससे काफी अलग हो सकती है।

₹10.3 लाख करोड़ की वैल्यूएशन पर आ सकती है कंपनी

₹1,119 के ऊपरी प्राइस बैंड पर Jio Platforms की अनुमानित इक्विटी वैल्यूएशन करीब ₹10.3 लाख करोड़ बताई गई है। यह वैल्यूएशन 2020 में कंपनी में निवेश करने वाले कई वित्तीय और सॉवरेन निवेशकों की एंट्री वैल्यूएशन से काफी अधिक है। उस समय कंपनी में निवेश करने वाले कई निवेशकों के लिए इक्विटी वैल्यूएशन करीब ₹4.91 लाख करोड़ थी, जबकि गूगल (Google) का निवेश करीब ₹4.36 लाख करोड़ की वैल्यूएशन पर हुआ था।

रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के पास Jio Platforms की करीब दो-तिहाई हिस्सेदारी है। IPO से कंपनी को शेयर बाजार में स्वतंत्र वैल्यूएशन मिलने का अवसर मिलेगा। निवेशकों के लिए अब यह देखना अहम होगा कि इश्यू की कीमत कंपनी की कमाई, कारोबार की ग्रोथ और भविष्य की संभावनाओं के मुकाबले कितनी आकर्षक है।

डिजिटल कारोबार भी है Jio की ताकत

Jio Platforms का कारोबार केवल मोबाइल सेवाओं तक सीमित नहीं है। इसके अंतर्गत मोबाइल नेटवर्क, ब्रॉडबैंड, क्लाउड सर्विस, एंटरटेनमेंट, एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी डिजिटल सेवाएं भी आती हैं। कंपनी खुद को एक व्यापक डिजिटल और कंज्यूमर टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म के रूप में आगे बढ़ा रही है। हालांकि, IPO में निवेश करने से पहले निवेशकों को कंपनी की वित्तीय स्थिति, जोखिमों, कारोबार की संभावनाओं और RHP में दी गई डिटेल्स को जरूर जान लेना चाहिए। सिर्फ ऊंचे GMP के आधार पर निवेश का फैसला करना जोखिम भरा हो सकता है।

(डिस्क्लेमर:- ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयरों का प्रीमियम लगातार बदलता रहता है, इसलिए किसी भी आईपीओ पर दांव लगाने से पहले कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन और उसके कारोबार की पूरी जानकारी जरूर कर लें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें)

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़Jio IPO: ₹220 पर पहुंचा GMP, 20% लिस्टिंग गेन का संकेत! जानें ये जरूरी बातें