Jio IPO का बिगुल बजा! SEBI के पास DRHP फाइल, निवेशकों के लिए खुल सकता है बड़ा मौका
मुख्य बातें
- रिलायंस जियो ने अपने IPO के लिए SEBI के पास DRHP दाखिल कर दिया है
- कंपनी 27 करोड़ नए शेयर जारी कर लगभग 3 अरब डॉलर जुटाने की तैयारी में है
- IPO से मिलने वाले अमाउंट का बड़ा हिस्सा कर्ज चुकाने में इस्तेमाल होगा

रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) की 49वीं AGM में सबसे बड़ी घोषणा आखिरकार सामने आ गई। देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो (Reliance Jio) ने अपने IPO की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाते हुए SEBI के पास ड्रॉफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर दिया है। लंबे समय से निवेशकों को जिस जियो IPO का इंतजार था, अब वह हकीकत के करीब पहुंचता दिख रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार यह IPO करीब 3 अरब डॉलर (लगभग ₹25,000-27,000 करोड़) जुटाने का लक्ष्य रखता है।
Jप्लेटफॉर्म्स ने DRHP में बताया है कि कंपनी 27 करोड़ नए शेयर जारी करेगी। खास बात यह है कि यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू (Fresh Issue) होगा, यानी IPO से जुटाई गई रकम सीधे कंपनी के पास जाएगी और इसका इस्तेमाल कारोबार को मजबूत करने में किया जाएगा। आमतौर पर कई IPO में मौजूदा निवेशक अपने शेयर बेचते हैं, जिसे ऑफर फॉर सेल (OFS) कहा जाता है, लेकिन जियो ने अलग रास्ता चुना है। इससे निवेशकों के बीच सकारात्मक संदेश गया है कि कंपनी केवल शेयर बेचकर निकासी नहीं कर रही, बल्कि भविष्य की ग्रोथ के लिए पूंजी जुटा रही है।
कंपनी के अनुसार IPO से मिलने वाली रकम का बड़ा हिस्सा कर्ज चुकाने में इस्तेमाल होगा। DRHP में बताया गया है कि लगभग ₹27,500 करोड़ तक का अमाउंट लोन को आंशिक या पूर्ण रूप से चुकाने के लिए खर्च की जाएगी। इससे कंपनी की बैलेंस शीट और मजबूत होगी तथा ब्याज का बोझ कम होगा, बची हुई राशि को सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों और भविष्य के विस्तार कार्यक्रमों में लगाया जाएगा।
AGM के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो की लिस्टिंग से निवेशकों के लिए अपार मूल्य (Value Unlocking) पैदा होगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जियो केवल एक टेलीकॉम कंपनी नहीं, बल्कि डिजिटल सेवाओं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लाउड और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रही है।
फाइनेंशियर परफॉर्मेंस की बात करें तो जियो लगातार मजबूत नतीजे दे रही है। वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही में कंपनी की ऑपरेटिंग आय 13% बढ़कर ₹44,928 करोड़ पहुंच गई, जबकि शुद्ध मुनाफा भी 13% बढ़कर ₹7,935 करोड़ हो गया। EBITDA में 18% की वृद्धि दर्ज की गई और मार्जिन में भी सुधार हुआ। कंपनी का औसत राजस्व प्रति ग्राहक (ARPU) बढ़कर ₹214 पहुंच गया है, जो बेहतर ग्राहक गुणवत्ता और टैरिफ बढ़ोतरी का परिणाम माना जा रहा है।
Jio के ग्राहकों की डेटा खपत भी लगातार बढ़ रही है। प्रति ग्राहक औसतन 42.3 GB डेटा प्रति माह इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि कुल डेटा ट्रैफिक में सालाना आधार पर लगभग 35% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह दिखाता है कि भारत में डिजिटल सेवाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है और जियो इस बदलाव का सबसे बड़ा लाभार्थी बन रही है।
एक्सपर्ट का मानना है कि जियो IPO के बाद निवेशकों को कंपनी का स्वतंत्र मूल्यांकन देखने का मौका मिलेगा। अभी तक जियो का कारोबार रिलायंस इंडस्ट्रीज के बड़े समूह का हिस्सा था, लेकिन लिस्टिंग के बाद इसकी वास्तविक बाजार कीमत और क्षमता अधिक स्पष्ट रूप से सामने आएगी। यही वजह है कि मार्केट एक्सपर्ट इस IPO को भारतीय शेयर बाजार की सबसे महत्वपूर्ण घटनाओं में से एक मान रहे हैं। जियो की मजबूत वित्तीय स्थिति, बढ़ता ग्राहक आधार और डिजिटल भविष्य पर फोकस इसे निवेशकों के लिए बेहद आकर्षक बना सकता है।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


