
जयपुर-रींगस हाईवे प्रोजेक्ट: ED की जांच के बीच अनिल अंबानी का वर्चुअल हाजिरी का ऑफर
Anil Ambani News: मीडिया स्टेटमेंट के जरिए 66 वर्षीय अनिल अंबानी के प्रवक्ता ने आज एक बयान जारी किया है। इस बयान में कहा गया है कि उन्होंने यानी अनिल अंबानी ने एजेंसी को लिखकर FEMA जांच में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
अनिल अंबानी ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने "वर्चुअल साधनों" के जरिए पेश होने का प्रस्ताव दिया है। एजेंसी ने उन्हें विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत जारी किए गए समन के लिए शुक्रवार को व्यक्तिगत रूप से हाजिर होने को कहा था। मीडिया स्टेटमेंट के जरिए 66 वर्षीय अनिल अंबानी के प्रवक्ता ने आज एक बयान जारी किया है। इस बयान में कहा गया है कि उन्होंने यानी अनिल अंबानी ने एजेंसी को लिखकर FEMA जांच में "पूरा सहयोग" देने का आश्वासन दिया है।

जांच का कारण
पीटीआई सूत्रों के अनुसार, यह जांच जयपुर-रींगस हाईवे प्रोजेक्ट से जुड़ी है, जिसमें ED को संदेह है कि लगभग 100 करोड़ रुपये की रकम हवाला रास्ते से विदेश भेजी गई थी। एजेंसी ने कथित हवाला डीलरों समेत कई लोगों का बयान दर्ज करने के बाद अनिल अंबानी को तलब किया है।
कंपनी का पक्ष
अनिल अंबानी की ओर से जारी बयान में कहा गया है...
- ईडी का समन श्री अंबानी को विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) से जुड़े एक मामले के लिए भेजा गया है, न कि मनी लॉन्ड्रिंग कानून (PMLA) से जुड़े किसी मामले के लिए, जैसा कि कुछ मीडिया रिपोर्टों में गलत बताया गया है।
- ईडी की अपनी प्रेस विज्ञप्ति दिनांक 3 नवंबर 2025 के अनुसार, यह मामला जयपुर–रींगस हाईवे प्रोजेक्ट से जुड़ा हुआ है।
- श्री अंबानी अप्रैल 2007 से मार्च 2022 तक लगभग 15 वर्षों तक रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड में केवल गैर-कार्यकारी निदेशक रहे। वे कंपनी के दैनिक कार्यों में शामिल नहीं थे।
- अभी श्री अंबानी रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के बोर्ड के सदस्य नहीं हैं।
- यह मामला 15 साल पुराना है और 2010 का है, जो एक सड़क ठेकेदार से जुड़े मुद्दों से संबंधित है।
- रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने जयपुर-रींगस हाईवे के निर्माण का एक ठेका दिया था, जो पूरी तरह से एक घरेलू अनुबंध था और इसमें कोई विदेशी मुद्रा लेन-देन शामिल नहीं था।
- यह हाईवे पूरा हो चुका है और पिछले चार सालों से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के पास है।
इस अपडेट के बाद शेयरों पर क्या पड़ा असर
- रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर (Reliance Infrastructure) में करीब 1 पर्सेंट की गिरावट है और यह 182.90 रुपये पर ट्रेड कर रहा है।
- रिलायंस पावर (Reliance Power) में करीब 0.20 पर्सेंट की तेजी और यह 41.40 रुपये पर पहुंच गया है।
- रिलायंस कम्युनिकेशन (Reliance Communications)में करीब डेढ़ पर्सेंट की तेजी है और यह 1.36 रुपये पर है।
- रिलायंस होम फाइनेंस (Reliance Home Finance) करीब डेढ़ फीसद नीचे 3.45 रुपये था।



