गैस संकट के बीच इन कंपनियों के शेयर बने रॉकेट, 20% चढ़ा भाव, जानिए वजह
निवेशकों का मानना है कि अगर गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होती है तो इलेक्ट्रिक कुकिंग अप्लायंस की मांग तेजी से बढ़ सकती है, जिसका फायदा इन कंपनियों को मिल सकता है।

Gas Stocks: एलपीजी की संभावित कमी की खबरों के बीच गुरुवार को किचन अप्लायंस बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। बाजार खुलते ही जैपन इंडस्ट्रीज के शेयर में 20 फीसदी का उछाल आ गया, जबकि टीटीके प्रेस्टीज और बटरफ्लाई गांधीमथी अप्लायंसेज के शेयर भी तेजी के साथ कारोबार करते दिखे। निवेशकों का मानना है कि अगर गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होती है तो इलेक्ट्रिक कुकिंग अप्लायंस की मांग तेजी से बढ़ सकती है, जिसका फायदा इन कंपनियों को मिल सकता है।
क्या है डिटेल
गुरुवार की शुरुआती ट्रेडिंग में टीटीके प्रेस्टीज के शेयर करीब 6.5 फीसदी तक चढ़ गए, जबकि बटरफ्लाई गांधीमथी अप्लायंसेज में करीब 5 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा इस सेक्टर से जुड़ी अन्य कंपनियों के शेयरों में भी हल्की मजबूती दिखी। ईपैक ड्यूरेबल, बजाज इलेक्ट्रिकल्स और स्टोव क्राफ्ट जैसे शेयर भी हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि कुकिंग गैस को लेकर बढ़ती चिंता के कारण निवेशकों ने इस सेक्टर के शेयरों में खरीदारी बढ़ाई है।
दरअसल, हाल के दिनों में एलपीजी की सप्लाई को लेकर अनिश्चितता की खबरों के बीच लोग गैस के विकल्प तलाशने लगे हैं। इसी वजह से इंडक्शन कुकटॉप, राइस कुकर और इलेक्ट्रिक प्रेशर कुकर जैसे अप्लायंस की मांग अचानक बढ़ गई है। कई क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर तो इंडक्शन कुकटॉप “सोल्ड आउट” तक हो गए हैं। इससे साफ है कि लोग एहतियात के तौर पर पहले से ही इलेक्ट्रिक कुकिंग के विकल्प खरीदने लगे हैं।
ई-कॉमर्स कंपनियों ने क्या कहा
ई-कॉमर्स कंपनियों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में इन प्रोडक्ट्स की बिक्री में रिकॉर्ड तेजी आई है। फ्लिपकार्ट के एक प्रवक्ता ने बताया कि पिछले 4–5 दिनों में इंडक्शन कुकटॉप की बिक्री सामान्य हफ्तों के मुकाबले चार गुना तक बढ़ गई है। खासकर दिल्ली, कोलकाता और उत्तर प्रदेश जैसे इलाकों में इसकी मांग सबसे ज्यादा देखी जा रही है। वहीं, अमेजन इंडिया ने भी बताया कि इंडक्शन कुकटॉप की बिक्री में जबरदस्त उछाल आया है। कंपनी के मुताबिक पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन की बिक्री करीब 30 गुना तक बढ़ गई है। इसके अलावा राइस कुकर और इलेक्ट्रिक प्रेशर कुकर की मांग करीब चार गुना बढ़ी है, जबकि एयर फ्रायर और मल्टी-यूज केतली की बिक्री भी सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी हो गई है।
हालांकि, शेयर बाजार का व्यापक रुख गुरुवार को कमजोर रहा। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। इसके चलते भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों पर दबाव देखने को मिला। बावजूद इसके, इलेक्ट्रिक कुकिंग अप्लायंस बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में तेजी इस बात का संकेत दे रही है कि एलपीजी से जुड़े हालात का सीधा असर बाजार के कुछ खास सेक्टरों पर पड़ रहा है।
लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें

