
इस पेनी शेयर पर दिग्गज निवेशक ने लगाया दांव, 20 रुपये से भी कम है कीमत
दिग्गज निवेशक मुकुल अग्रवाल ने कंपनी में 1.68% हिस्सेदारी खरीदी है। यह 4.40 करोड़ शेयर के बराबर है। इस निवेश के बाद HCC के शेयरों में बंपर उछाल आया। मंगलवार को यह शेयर 5.13% चढ़कर 19.67 रुपये पर बंद हुआ।
HCC Stock Return: दिग्गज निवेशक मुकुल अग्रवाल के पोर्टफोलियो में कई ऐसे स्टॉक हैं जिन्होंने निवेशकों को मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। अब मुकुल अग्रवाल ने अपने पोर्टफोलियो में एक और स्टॉक हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (HCC) को शामिल कर लिया है। बीएसई के शेयरहोल्डिंग डेटा के मुताबिक उन्होंने कंपनी में 1.68% हिस्सेदारी खरीदी है। यह 4.40 करोड़ शेयर के बराबर है। इस निवेश के बाद HCC के शेयरों में बंपर उछाल आया है। सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को यह शेयर 5.13% चढ़कर 19.67 रुपये पर बंद हुआ। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 31.45 रुपये तो 52 हफ्ते का लो 16.93 रुपये है।
बिकवाली मोड में था शेयर
पैराम कैपिटल ग्रुप के संस्थापक मुकुल अग्रवाल ने यह निवेश ऐसे समय किया है जब HCC के शेयर ने पिछले एक साल में 30% से अधिक की गिरावट देख चुकी थी। इसके बावजूद यह शेयर पिछले पांच वर्षों में 170% से ज्यादा का रिटर्न दे चुका है, जो कंपनी की लॉन्ग टर्म संभावनाओं को दिखाता है। मुकुल अग्रवाल का यह निवेश फिलहाल करीब ₹86 करोड़ का है।
कंपनी के बारे में
हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी देश की एक प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी है, जिसने भारत भर में कई बड़े प्रोजेक्ट्स पूरे किए हैं। कंपनी परिवहन, बिजली और जल प्रबंधन जैसे अहम क्षेत्रों में काम करती है। इसके मजबूत ऑर्डर बुक और प्रोजेक्ट निष्पादन क्षमता को निवेशक सकारात्मक रूप से देख रहे हैं। हाल ही में कंपनी का राइट्स इश्यू लॉन्च हुआ था। ₹1000 करोड़ के इस इश्यू को 200% सब्सक्रिप्शन मिला और लगभग ₹2008 करोड़ के आवेदन आए। कंपनी ने इश्यू साइज के बराबर राशि अपने पास रखी है जबकि अतिरिक्त सब्सक्रिप्शन की रकम निवेशकों को नियमों के अनुसार लौटाई जाएगी।
राइट इश्यू किसी कंपनी के लिए धन जुटाने का एक साधन है, जहां वह कर्ज का बोझ बढ़ाए बिना धन जुटाने के लिए मौजूदा कीमत पर छूट देकर शेयर जारी करती है। कंपनी के वाइस चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर अर्जुन धवन ने कहा कि इस मजबूत प्रतिक्रिया से बैलेंस शीट मजबूत होगी, कर्ज घटाने में मदद मिलेगी और दीर्घकालिक विकास रणनीति को समर्थन मिलेगा।





