IPO के इश्यू प्राइस पर चली कैंची, क्लोजिंग डेट में बदलाव… मजबूर हुई यह कंपनी!

Mar 12, 2026 11:19 pm ISTDeepak Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

कंपनी ने अपने आईपीओ की अंतिम तारीख 17 मार्च तक बढ़ा दी है। पिछले कार्यक्रम के अनुसार आईपीओ 10 मार्च को खुलकर 12 मार्च को बंद होने वाला था। कंपनी ने अब इश्यू प्राइस को घटाकर 494-519 रुपये प्रति शेयर कर दिया है, जो पहले 521-548 रुपये प्रति शेयर था।

IPO के इश्यू प्राइस पर चली कैंची, क्लोजिंग डेट में बदलाव… मजबूर हुई यह कंपनी!

ग्लोबल टेंशन के कारण शेयर बाजार में हाहाकार मचा हुआ है। इस माहौल में आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) का मार्केट भी ठंडा पड़ा है। ऐसे में कंपनियां या तो आईपीओ लॉन्च करने की योजना को आगे बढ़ा रही हैं या फिर अधिक आकर्षित बना रही हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा ग्राहक दिलचस्पी दिखा सकें। ऐसा ही एक आईपीओ एचआर और टोल प्लाजा प्रबंधन सेवाएं देने वाली कंपनी इनोविजन लिमिटेड का है। कंपनी ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) की अंतिम तारीख 17 मार्च तक बढ़ा दी है। पिछले कार्यक्रम के अनुसार आईपीओ 10 मार्च को खुलकर 12 मार्च को बंद होने वाला था।

इश्यू प्राइस में कटौती

निवेशकों की ओर से सुस्त प्रतिक्रिया मिलने के बाद कंपनी ने इश्यू के लिए कीमत के दायरे में भी कटौती की है। शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक, कंपनी ने अब इश्यू प्राइस को घटाकर 494-519 रुपये प्रति शेयर कर दिया है, जो पहले 521-548 रुपये प्रति शेयर था। बता दें कि बोली के लिए कीमत का नया दायरा 13 मार्च से प्रभावी होगा। इश्यू के पहले तीन दिन के दौरान निवेशकों की भागीदारी काफी कम रही।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के आंकड़ों के मुताबिक, तीसरे दिन तक आईपीओ को कुल मिलाकर केवल 32 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिला था। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व हिस्सा 99 प्रतिशत भरा जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में 36 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिला। खुदरा निवेशक खंड में मांग सबसे कमजोर रही, जहां केवल 28 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिला। कंपनी का प्रस्तावित आईपीओ 255 करोड़ रुपये के नए इश्यू और प्रवर्तकों द्वारा 68 करोड़ रुपये के 12.38 लाख शेयरों की बिक्री की पेशकश (ओएफएस) का संयोजन है।

एक्सईडी आईपीओ ने बदली तारीख

इससे पहले, वरिष्ठ पेशेवरों को प्रशिक्षण प्रदान करने वाली कंपनी एक्सईडी एक्जिक्यूटिव डेवलपमेंट ने अपने 1.2 करोड़ डॉलर के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए पहले तय की गई छह मार्च की तारीख से बदलकर 16 मार्च कर दिया है। अब कंपनी का 10 से 10.5 डॉलर प्रति शेयर के इश्यू प्राइस वाला यह आईपीओ 16 मार्च को खुलकर 24 मार्च को बंद होगा। यह आईपीओ अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण (आईएफएससीए) के नियमों के तहत लाया जा रहा है। गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) में होने वाली यह पहली शेयर बिक्री होगी।

शेयर बाजार में हाहाकार

पश्चिम एशिया में संकट के कारण कच्चे तेल के दाम में तेजी का असर घरेलू शेयर बाजार पर पड़ना जारी है। स्थानीय शेयर बाजारों में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 829 अंक टूटा, जबकि एनएसई निफ्टी 228 अंक के नुकसान में रहा। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 829.29 अंक यानी 1.08 प्रतिशत टूटकर 76,034.42 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 992.53 अंक लुढ़क कर 75,871.18 अंक पर आ गया था। इसी तरह, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 227.70 अंक यानी 0.95 प्रतिशत टूटकर 23,639.15 अंक पर बंद हुआ। वहीं, रुपया भी अपने ऑल टाइम लो पर पहुंच गया।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,