Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़IndiGo to cancel less than 1000 flights on Sat expect situation to normalise upto 15 dec
IndiGo की हजार से ज्यादा फ्लाइट्स आज हुईं कैंसल, CEO ने बताया, कब तक सब होगा ठीक

IndiGo की हजार से ज्यादा फ्लाइट्स आज हुईं कैंसल, CEO ने बताया, कब तक सब होगा ठीक

संक्षेप:

इंडिगो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी और 10 से 15 दिसंबर के बीच उड़ानों की स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई। बता दें कि इंडिगो की फ्लाइट सर्विसेज लगातार रद्द हो रही हैं।

Dec 05, 2025 08:32 pm ISTDeepak Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने शुक्रवार को 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी हैं। यह जानकारी इंडिगो सीईओ पीटर एल्बर्स ने दी है। उन्होंने कहा कि यह कुल दैनिक उड़ानों की आधी संख्या है। हालांकि, इंडिगो सीईओ ने यह भी कहा कि हमें उम्मीद है कल यानी शनिवार को रद्द होने वाली उड़ानों की संख्या 1000 से कम रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी और 10 से 15 दिसंबर के बीच उड़ानों की स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

क्या कहा सीईओ ने?

एल्बर्स ने एक वीडियो संदेश में उड़ानें रद्द होने के कारण यात्रियों को हुई भारी असुविधा के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा-दुर्भाग्यवश पिछले कुछ दिनों में उठाए गए कदम पर्याप्त साबित नहीं हुए हैं। इसलिए हमने आज अपनी सभी प्रणाली और समय-सारिणियों को पुनः चालू करने का निर्णय लिया है। इसके परिणामस्वरूप अब तक सबसे अधिक उड़ानें रद्द हुई हैं, लेकिन यह सुधार और कामकाज बेहतर बनाने के लिए जरूरी है। एल्बर्स के मुताबिक हम उम्मीद करते हैं कि कल रद्द होने वाली उड़ानों की संख्या 1,000 से कम रहेगी। विशिष्ट एफडीटीएल (उड़ान ड्यूटी समयसीमा) कार्यान्वयन राहत प्रदान करने में डीजीसीए का सहयोग मददगार साबित हुआ है।

क्यों बढ़ी समस्या?

दरअसल, इंडिगो के पायलटों के उड़ान-समय के लिए नए नियमों की योजना बनाने में विफल रहने के कारण यह संकट उत्पन्न हुआ। लोगों का गुस्सा बढ़ने और विपक्षी दलों के सरकार को घेरने के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने हस्तक्षेप करते हुए इंडिगो के पायलटों के लिए रात्रि ड्यूटी के कड़े नियमों से अस्थायी छूट दे दी। इंडिगो का संकट उन नए नियमों से खड़ा हुआ जिनके तहत पायलटों के साप्ताहिक आराम की जरूरत के समय को 12 घंटे से बढ़ाकर 48 घंटे कर दिया गया। साथ ही सप्ताह में केवल दो बार रात में लैंडिंग की अनुमति दी गई है, जो पहले छह हुआ करती थी। इंडिगो ने इन व्यवधानों के लिए गलत फैसलों और योजनागत कमियों को जिम्मेदार ठहराया है।

राहुल गांधी ने उठाए सवाल

मामला राजनीतिक गलियारों तक पहुंचा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इंडिगो में परिचालन संबंधी व्यवधान को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह संकट इस सरकार के एकाधिकार मॉडल का परिणाम है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि इंडिगो का संकट इस सरकार के ‘एकाधिकार मॉडल’ का परिणाम है। उड़ानों में देरी व उनके रद्द होने से एक बार फिर इसकी कीमत आम भारतीयों को चुकानी पड़ रही है।

सरकार का बयान

हवाई अड्डों पर तीन दिन से मची अफरा-तफरी के मद्देनजर नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने बयान में कहा कि हमें उम्मीद है कि अगले तीन दिन में सेवाएं पूरी तरह बहाल हो जाएंगी। विभिन्न परिचालनात्मक कदमों की शुरुआत के साथ कल (शनिवार) तक सेवाएं सामान्य हो जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि नए उड़ान शुल्क मानदंडों को स्थगित रखा जा रहा है और परिचालन को सामान्य बनाने के लिए अन्य परिचालनात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार ने इंडिगो की उड़ानों में व्यवधान के कारणों का पता लगाने और जवाबदेही तय करने के लिए उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उड़ान ड्यूटी मानदंडों में ढील देते हुए डीजीसीए ने छुट्टियों के स्थान पर साप्ताहिक विश्राम अवधि की अनुमति दे दी।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar
दीपक कुमार, हिन्दुस्तान डिजिटल में बिजनेस की खबरें लिखते हैं। वह स्टॉक मार्केट, यूटिलिटी समेत बिजनेस सेक्शन से जुड़ी हर खबरों की ना सिर्फ समझ रखते हैं, बल्कि आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का काम करते हैं। दीपक की बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी जबरदस्त पकड़ है। उन्हें बेहतरीन काम की सराहना मिलती रही है और सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से सीवान (बिहार) के रहने वाले दीपक के पास करीब 11 साल का अनुभव है। करियर की बात करें तो अमर उजाला से शुरू हुआ सफर दैनिक भास्कर,आजतक, इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप होते हुए हिन्दुस्तान डिजिटल तक पहुंच चुका है। फिलहाल, वह हिन्दुस्तान डिजिटल में बतौर असिस्टेंट न्यूज एडिटर कार्यरत हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है। वहीं, पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई के लिए हिमाचल यूनिवर्सिटी चले गए। दीपक सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहते हैं। उन्हें नई-नई तकनीक से रूबरू होना अच्छा लगता है। खाली वक्त में फिल्में देखना या क्रिकेट खेलना पसंद करते हैं। और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।