यात्रियों को बड़ा झटका! IndiGo बंद करने जा रही इस रूट की सभी उड़ानें…वजह चौंका देगी

Sarveshwar Pathak लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo ने 31 अगस्त 2026 से मैनचेस्टर (यूके) के लिए अपनी उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है। कंपनी ने इसके पीछे बढ़ती ईंधन लागत, मध्य पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव, एयरस्पेस प्रतिबंध और विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव को प्रमुख वजह बताया है।

यात्रियों को बड़ा झटका! IndiGo बंद करने जा रही इस रूट की सभी उड़ानें…वजह चौंका देगी

भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनियों में से एक इंडिगो (IndiGo) ने अपने यात्रियों और निवेशकों को चौंकाते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। एयरलाइन ने घोषणा की है कि वह 31 अगस्त 2026 से यूनाइटेड किंगडम के मैनचेस्टर के लिए अपनी उड़ान सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर देगी। कंपनी का कहना है कि बढ़ती परिचालन लागत, अंतरराष्ट्रीय एयरस्पेस प्रतिबंध और भू-राजनीतिक चुनौतियों के कारण इस रूट को फिलहाल जारी रखना आर्थिक रूप से व्यवहारिक नहीं रह गया है। इस खबर ने यात्रियों को बड़ा झटका दिया है।

इंडिगो (IndiGo) ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि यह फैसला स्थायी नहीं है, बल्कि अस्थायी रूप से लिया गया है। कंपनी भविष्य में परिस्थितियां सामान्य होने पर इस रूट पर दोबारा उड़ानें शुरू करने की योजना बना सकती है। हालांकि, फिलहाल मैनचेस्टर रूट पर उड़ानें बंद करने से एयरलाइन को लागत नियंत्रण में मदद मिलेगी।

दरअसल, इंडिगो (IndiGo) ने 2025 की शुरुआत में यूरोपीय बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करने के लिए नॉर्स अटलांटिक एयरवेज (Norse Atlantic Airways) से 6 Boeing 787-9 Dreamliner विमान लीज पर लिए थे। इन विमानों की मदद से कंपनी ने मैनचेस्टर जैसे लंबी दूरी वाले अंतरराष्ट्रीय रूटों पर संचालन शुरू किया था। यह रणनीति IndiGo की दीर्घकालिक योजना का हिस्सा थी, जिसके तहत वह अपने एयरबस A350 (Airbus A350) विमानों के आने से पहले यूरोप में ब्रांड पहचान बनाना चाहती थी।

कंपनी के मुताबिक यात्रियों से इस रूट को अच्छा रिस्पॉन्स मिला और मांग भी उम्मीद के अनुरूप रही। लेकिन, पिछले कुछ महीनों में वैश्विक परिस्थितियों ने एयरलाइन उद्योग पर दबाव बढ़ा दिया। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण कई देशों के एयरस्पेस पर प्रतिबंध लगे हुए हैं, जिससे उड़ानों का मार्ग लंबा हो गया है। लंबी उड़ानों का मतलब अधिक ईंधन खर्च, ज्यादा क्रू लागत और विमान के उपयोग की कम दक्षता है। इसके अलावा एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में बढ़ोतरी, विदेशी मुद्रा विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव और बढ़ते ऑपरेटिंग खर्चों ने भी इंडिगो (IndiGo) की लागत को काफी बढ़ा दिया है। एयरलाइन का कहना है कि इन सभी कारणों से इस रूट पर संचालन की लागत शुरुआती अनुमान से काफी ऊपर पहुंच गई है।

इंडिगो (IndiGo) के नेटवर्क प्लानिंग और रेवेन्यू मैनेजमेंट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिजीत दासगुप्ता ने कहा कि मैनचेस्टर जैसे लंबी दूरी वाले रूटों पर यात्रियों की अच्छी मांग देखने को मिली, लेकिन एयरस्पेस प्रतिबंधों के कारण उड़ानों का समय बढ़ गया और लागत में भारी वृद्धि हुई। इसी वजह से कंपनी को यह कठिन फैसला लेना पड़ा।

मैनचेस्टर उड़ानों को बंद करने के साथ ही इंडिगो (IndiGo) अब नॉर्स अटलांटिक एयरवेज (Norse Atlantic Airways) को अपने लीज पर लिए गए 6 Dreamliner विमानों में से एक विमान वापस करने की भी योजना बना रही है। इससे कंपनी अपने खर्चों को और बेहतर तरीके से नियंत्रित कर सकेगी। हालांकि, राहत की बात यह है कि इंडिगो (IndiGo) की अन्य सभी लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें पहले की तरह जारी रहेंगी। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उसके वैश्विक विस्तार की रणनीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है और वह भविष्य में यूरोप समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी मौजूदगी मजबूत करने के लिए नए अवसर तलाशती रहेगी।

एक्सपर्ट का मानना है कि यह फैसला दिखाता है कि मौजूदा वैश्विक हालात में एयरलाइंस केवल यात्री मांग के आधार पर नहीं, बल्कि लागत और प्रॉफिटेबिलिटी को ध्यान में रखकर भी अपने नेटवर्क का पुनर्गठन कर रही हैं। इंडिगो (IndiGo) का यह कदम आने वाले समय में अन्य एयरलाइंस के लिए भी एक संकेत माना जा सकता है कि चुनौतीपूर्ण माहौल में लागत प्रबंधन सबसे बड़ी प्राथमिकता बन चुका है।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,