किसे मिलने जा रही IndiGo की कमान? जिसकी खबर आते ही 3% से ज्यादा टूट गए कंपनी के शेयर

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • IndiGo की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन (InterGlobe Aviation) के शेयरों में 3% से ज्यादा की गिरावट आई
  • इसकी वजह मीडिया रिपोर्ट्स में राहुल भाटिया द्वारा अपने बेटे माधव भाटिया को भविष्य की बड़ी भूमिका के लिए तैयार किए जाने की खबर बताई जा रही है
  • माधव भाटिया पिछले कुछ महीनों से काफी एक्टिव हैं
IndiGo
IndiGo के शेयरों में 3% से ज्यादा की गिरावट।

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन (InterGlobe Aviation) के शेयरों में मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान 3% से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि कंपनी के सह-संस्थापक राहुल भाटिया अपने बेटे माधव भाटिया को भविष्य में बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी कर रहे हैं। इस खबर के सामने आते ही निवेशकों में हलचल बढ़ गई और शेयरों पर दबाव दिखाई दिया। कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर करीब 3.41% गिरकर 5,124 रुपये तक पहुंच गया। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों से माधव भाटिया IndiGo की एग्जीक्यूटिव कमेटी (Executive Committee) की बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं। इतना ही नहीं, कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी उन्हें एयरलाइन बिजनेस की बारीकियां समझा रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह एक सुनियोजित "ग्रूमिंग प्रोसेस" का हिस्सा है, ताकि भविष्य में वह कंपनी की बड़ी जिम्मेदारियां संभालने के लिए तैयार हो सकें।

हालांकि, अभी तक कंपनी की ओर से आधिकारिक तौर पर यह नहीं कहा गया है कि माधव भाटिया को किसी विशेष पद पर नियुक्त किया जाएगा। लेकिन रिपोर्ट के अनुसार, राहुल भाटिया चाहते हैं कि उनका बेटा बिना किसी विशेष सुविधा के खुद अपने काम और क्षमता के दम पर कंपनी में अपनी पहचान बनाए। रिपोर्ट में राहुल भाटिया के करीबी सूत्र के हवाले से कहा गया है कि वह नहीं चाहते कि माधव सीधे किसी बड़े पद पर पहुंच जाएं, बल्कि पहले बिजनेस को गहराई से समझें और खुद को साबित करें।

यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब IndiGo पहले से ही नेतृत्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। एयरलाइन के मौजूदा CEO पीटर एल्बर्स (Pieter Elbers) ने मार्च में इस्तीफा दे दिया था और अगले महीने एविएशन इंडस्ट्री के अनुभवी अधिकारी विली वॉल्श (Willie Walsh) कंपनी के नए CEO का पद संभाल सकते हैं। ऐसे में कंपनी के भीतर कई बड़े बदलाव हो रहे हैं, जिन पर निवेशकों की नजर बनी हुई है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि दिसंबर में एयरलाइन को बड़े परिचालन संकट का सामना करना पड़ा था। उस समय पायलटों की कमी के कारण एक सप्ताह के भीतर 3,000 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। इस घटना के बाद राहुल भाटिया ने अंतरिम CEO के तौर पर कंपनी के संचालन में अधिक सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही उन्होंने इंटरग्लोब एंटरप्राइजेज के कुछ भरोसेमंद अधिकारियों को IndiGo की प्रमुख नेतृत्व टीम में शामिल किया, ताकि संचालन को और मजबूत बनाया जा सके।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी बड़ी कंपनी में नेतृत्व परिवर्तन या उत्तराधिकारी (Succession Planning) से जुड़ी खबरें अक्सर निवेशकों की धारणा को प्रभावित करती हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि माधव भाटिया को भविष्य में कौन-सी भूमिका मिलेगी, लेकिन इस तरह की अटकलों ने शेयर बाजार में हल्की बेचैनी जरूर पैदा कर दी है।

इंडिगो के शेयर में गिरावट

IndiGo (InterGlobe Aviation Ltd) के शेयर बुधवार को भारी दबाव में रहे। खबर लिखे जाने तक NSE पर कंपनी का शेयर 3.38% यानी 179.50 रुपये टूटकर 5,125.50 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

हालांकि, निवेशकों के लिए यह समझना जरूरी है कि फिलहाल यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है और कंपनी की ओर से किसी औपचारिक उत्तराधिकारी की घोषणा नहीं की गई है। इसलिए केवल इन खबरों के आधार पर निवेश का फैसला लेने के बजाय कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन, भविष्य की रणनीति और आधिकारिक घोषणाओं पर भी नजर रखना जरूरी होगा। IndiGo भारतीय विमानन बाजार की सबसे बड़ी एयरलाइन बनी हुई है और उसका मजबूत नेटवर्क, बढ़ती यात्री संख्या और विस्तार की योजनाएं लंबे समय में उसके प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण कारक रहेंगी।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़किसे मिलने जा रही IndiGo की कमान? जिसकी खबर आते ही 3% तक टूटे कंपनी के शेयर