संकट के बीच IndiGo ने ग्राहकों से मांगी माफी, रिफंड और फ्लाइट रीशेड्यूल पर किए बड़े ऐलान
कंपनी ने एक सार्वजनिक बयान जारी कर सभी ग्राहकों से माफी मांगते हुए कहा है कि बीते दिनों की कठिनाइयों को वे समझते हैं और पूरी क्षमता के साथ सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने में जुटे हुए हैं। इंडिगो के अनुसार आज सबसे अधिक कैंसिलेशन किए जा रहे हैं।
Indigo flights: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो पिछले कुछ दिनों से भारी ऑपरेशनल संकट से जूझ रही है। इस वजह से हजारों यात्रियों को उड़ान रद्द होने, लंबे इंतजार और जानकारी की कमी जैसी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कंपनी ने एक सार्वजनिक बयान जारी कर सभी ग्राहकों से माफी मांगते हुए कहा है कि बीते दिनों की कठिनाइयों को वे समझते हैं और पूरी क्षमता के साथ सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने में जुटे हुए हैं। इंडिगो के अनुसार आज सबसे अधिक कैंसिलेशन किए जा रहे हैं ताकि सभी सिस्टम को रीबूट किया जा सके और कल से संचालन में चरणबद्ध सुधार शुरू हो सके।
ग्राहकों के लिए क्या किया कंपनी ने?
एयरलाइन ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई कदमों की घोषणा की है। इसके तहत कैंसिलेशन पर पूरा शुल्क माफ करना, 5 दिसंबर से 15 दिसंबर 2025 तक की बुकिंग पर रीशेड्यूल और कैंसिलेशन में छूट, स्वचालित रिफंड, जरूरतमंद ग्राहकों के लिए शहरों में होटल व सतह परिवहन की व्यवस्था, एयरपोर्ट पर स्नैक्स-फूड की उपलब्धता और वरिष्ठ नागरिकों के लिए लाउंज एक्सेस शामिल है। कंपनी ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे उड़ान स्थिति ऑनलाइन चेक करें और कैंसिल हुई फ्लाइट के लिए एयरपोर्ट न पहुंचे। इंडिगो ने भरोसा दिलाया कि धीरे-धीरे संचालन सामान्य होगा और वे ग्राहकों का विश्वास किसी भी कीमत पर खोना नहीं चाहते।
बता दें कि शुक्रवार को देश भर में इंडिगो की सैकड़ों उड़ानें रद्द रही हैं। अकेले दिल्ली एयरपोर्ट पर कुल 225 (135 प्रस्थान और 90 आगमन) उड़ानें रद्द की गई हैं। इससे देश भर में हजारों यात्री परेशान रहे। इससे पहले गुरुवार को भी देश भर में करीब 400 उड़ानें रद्द की गयी थीं। इंडिगो ने कहा है कि वह जल्द से जल्द स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास कर रही है। उसने इसमें यात्रियों का सहयोग मांगा है।





