IndiGo संकट: पायलटों की कमी के बीच DGCA ने संभाला मोर्चा, अब इंस्पेक्टर्स भी चलाएंगे फ्लाइट
IndiGo Flight Cancellations: आमतौर पर DGCA के अनुबंधित पायलट पांच साल तक केवल निरीक्षण और ऑडिट का काम करते हैं और किसी एयरलाइन के लिए उड़ान नहीं भरते लेकिन वर्तमान संकट को देखते हुए यह विशेष अनुमति दी गई है।
IndiGo Flight Cancellations: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो इन दिनों अभूतपूर्व संकट से गुजर रही है। पायलटों की भारी कमी के कारण लगातार उड़ानें रद्द हो रही हैं। इस बीच, अब विमानन नियामक DGCA एक्शन मोड में है। ईटी की खबर के मुताबिक स्थिति की गंभीरता देखते हुए DGCA ने अपने निरीक्षकों को इंडिगो की उड़ानें संचालित करने के निर्देश दिए हैं। आमतौर पर DGCA के अनुबंधित पायलट पांच साल तक केवल निरीक्षण और ऑडिट का काम करते हैं और किसी एयरलाइन के लिए उड़ान नहीं भरते लेकिन वर्तमान संकट को देखते हुए यह विशेष अनुमति दी गई है।
डीजीसीए की अपील
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के महानिदेशक फैज अहमद किदवई ने शुक्रवार को इंडिगो के परिचालन में बड़े पैमाने पर पैदा हुए व्यवधान के बीच उड़ानों के सुचारू संचालन के लिए सभी पायलटों से सहयोग का अनुरोध किया। किदवई ने अपनी अपील में कहा कि परिचालन संबंधी बाधाओं के कारण इंडिगो की वर्तमान उड़ान बाधाओं, अप्रत्याशित मौसम और बढ़ती मांग के कारण विमानन क्षेत्र इस समय काफी दबाव का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन व्यवधानों के कारण देरी हुई है, यात्रियों को असुविधा हुई है और विमानों के संचालन पर दबाव बढ़ा है।
उड़ान ड्यूटी समय सीमा पर क्या कहा?
किदवई ने कहा कि अब कोहरे के मौसम, छुट्टियों और शादियों के मौसम को देखते हुए यह जरूरी है कि उद्योग और भी बड़ी परिचालन चुनौतियों के लिए तैयार रहे। यात्रियों की संख्या में तेजी से वृद्धि होने की उम्मीद है। मौसम संबंधी प्रभाव उड़ान सेवाओं के समय-निर्धारण एवं उनकी सुरक्षा को अधिक जटिल बना सकते हैं। उन्होंने स्थिति को सक्रियतापूर्वक एवं सुरक्षित रूप से प्रबंधित करने के लिए पायलट और विमानन कंपनियों के बीच समन्वय को मजबूत करने की जरूरत पर भी बल दिया। उड़ान ड्यूटी समय सीमा (एफडीटीएल) मानदंडों में ढील को लेकर कुछ हलकों में व्याप्त चिंताओं के बीच डीजीसीए ने कहा कि वह एफडीटीएल के नागर विमानन प्रावधानों को पूरी तरह लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। बता दें कि संशोधित एफडीटीएल नियमों का दूसरा चरण एक नवंबर से लागू हुआ है। इसके लिए समय से तैयारी नहीं कर पाने की वजह से इंडिगो में चालक दल की बड़े पैमाने पर कमी सामने आई है।
इंडिगो की सफाई
इसबीच, इंडिगो ने कहा कि शुक्रवार को सबसे अधिक उड़ानें रद्द होने की आशंका है। हवाईअड्डों पर भीड़ कम करने और परिचालन को आसान बनाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। कंपनी अपनी व्यवस्थाओं और शेड्यूल को पूरी तरह नया बनाने के लिए जरूरी कदम उठा रही है, ताकि शनिवार से लगातार सुधार शुरू हो सके। एयरलाइन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि परिचालन को आसान बनाने और हवाईअड्डों पर भीड़ कम करने के लिए थोड़े समय के लिए अधिक संख्या में उड़ानें रद्द की जा रही हैं। कल से हम बेहतर ढंग से शुरुआत करेंगे। बता दें कि शुक्रवार को चौथे दिन भी इंडिगो की सैकड़ों उड़ानें रद्द हुईं या उनमें देरी हुई, जिससे बड़ी संख्या में यात्री हवाईअड्डों पर फंसे रहे।





