इंडिगो संकट: आसमान पर था जिसका कब्जा, वो कैसे आ गया जमीन पर... जानिए पूरी कहानी
DGCA और उड्डयन मंत्रालय ने तुरंत कंपनी के शीर्ष अधिकारियों को बुलाया, जबकि CEO पीटर एल्बर्स ने कर्मचारियों से साफ कहा, 'हमने जो भरोसा बनाया था, उसे वापस पाना आसान नहीं होगा।'
IndiGo Crisis: इस हफ्ते इंडिगो के नीले आसमान पर काले बादल छाए रहे। एक ही दिन में 550 से ज्यादा फ्लाइटें रद्द और नतीजा यह कि देशभर के एयरपोर्ट्स पर यात्री घंटों लाइन में, अनाउंसमेंट स्पीकर पर बार-बार 'फ्लाइट कैंसिल्ड' की आवाज और सोशल मीडिया पर गुस्से की बाढ़। मुंबई में 118, बेंगलुरु में 100, हैदराबाद में 75 और बाकी बड़े शहरों में भी दर्जनों उड़ानें ठप रहीं। स्थिति इतनी बिगड़ी कि IndiGo का कभी गर्व रहा ऑन-टाइम परफॉर्मेंस 19.7% पर आ गिरा। DGCA और उड्डयन मंत्रालय ने तुरंत कंपनी के शीर्ष अधिकारियों को बुलाया, जबकि CEO पीटर एल्बर्स ने कर्मचारियों से साफ कहा, 'हमने जो भरोसा बनाया था, उसे वापस पाना आसान नहीं होगा।'
IndiGo सिर्फ एक एयरलाइन नहीं...
लेकिन इस अफरा-तफरी के बीच, यह याद रखना जरूरी है कि IndiGo सिर्फ एक एयरलाइन नहीं, भारतीय एविएशन की सबसे बड़ी सफलता की कहानी है। 2005 में राहुल भाटिया और राकेश गंगवाल ने मिलकर एक ऐसे सपने को जामा पहनाया, जिसमें ना कोई दिखावा था, ना बिजनेस क्लास की चमक—बस एक सादा आइडिया: समय पर उड़ान, कम लागत, ज्यादा भरोसा। दुनिया हैरान रह गई जब कंपनी ने पहली उड़ान से पहले ही 100 एयरबस A320 का ऑर्डर दे दिया। 2006 में पहली फ्लाइट उड़ी और कुछ ही वर्षों में IndiGo ने एयर इंडिया, जेट और किंगफिशर जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़कर भारत के आसमान पर राज करना शुरू कर दिया। 2019 में 300 और 2023 में 500 विमानों का ऐतिहासिक ऑर्डर देकर IndiGo ने साबित कर दिया कि उसका खेल लंबे समय का है।
Indigo का बिजनेस मॉडल
IndiGo की असली ताकत उसका बिजनेस मॉडल था—एक जैसा बेड़ा, तेज टर्नअराउंड, सेल-एंड-लीसबैक से कैशफ्लो, और टिकटों से ज्यादा कमाई बैग, सीट और खाने जैसे एंसिलरी चार्जेज़ से। जब किंगफिशर लक्ज़री के चक्कर में डूब गया और जेट एयरवेज लागत संभाल न सका, IndiGo ने भरोसे को अपनी पहचान बनाया। कोविड के दौरान जब पूरा एविएशन क्षेत्र चरमरा गया, IndiGo ने सबसे तेज़ मोड़ लिया—कुछ जहाजों को कार्गो प्लेन बना दिया, छोटे शहरों पर फोकस बढ़ा दिया और 2022-23 में फिर से मुनाफे में लौट आई। यही नहीं, यह भारत की पहली एयरलाइन बनी जिसने एक साल में 10 करोड़ यात्री उड़ाए।
जब संस्थापक भाटिया और गंगवाल की साझेदारी में दरारें
इसी बीच, संस्थापक भाटिया और गंगवाल की साझेदारी में दरारें भी पड़ीं। गंगवाल ने बेहतर गवर्नेंस की मांग की, भाटिया नियंत्रण चाहते थे। विवाद सार्वजनिक हुआ, और 2025 तक गंगवाल ने अपनी हिस्सेदारी भी बेच दी। लेकिन इस टूटन के बावजूद IndiGo तेजी से आगे बढ़ती रही—आज यह लगभग 64% घरेलू बाजार अपने हाथ में रखे है और अब A350 और बोइंग 777 जैसे वाइड-बॉडी विमानों के साथ इंटरनेशनल गेम में भी बड़ा कदम रखने जा रही है।
मगर मौजूदा संकट ने एक बार फिर याद दिलाया है कि आसमान में उड़ने वाली चीन की बख्तरबंद चिड़िया भी गलतियों से बच नहीं सकती। नए ड्यूटी टाइम नियम, क्रू की कमी और सर्दियों की भीड़—इन तीनों के एक साथ टकराने ने IndiGo को जमीन पर ला दिया। सरकार ने नियमों को फिलहाल पीछे खींचा है ताकि ऑपरेशंस संभल सकें। लेकिन आगे का रास्ता आसान नहीं—Air India की आक्रामक वापसी, बढ़ती लागतें और ग्लोबल अनिश्चितताएं इंडिगो की बादशाहत के सामने नई चुनौतियां हैं। फिर भी, इतिहास यही कहता है—इंडिगो जब भी मुश्किल में आती है, और ऊंची उड़ान भरकर वापस लौटती है।





