
IndiGo संकट: पीएम मोदी ने संभाला मोर्चा, सीईओ से डायरेक्ट बात कर रहा PMO
इंडिगो ने शनिवार को 800 से अधिक घरेलू उड़ानें रद्द कर दीं। इससे पहले शुक्रवार को कंपनी ने 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी थीं। हालांकि, कंपनी ने कहा कि वह ग्राहकों को टिकट के पैसे वापस किए जाने से जुड़े सभी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर संबोधित कर रही है।
IndiGo crisis: प्राइवेट सेक्टर की एयरलाइन इंडिगो के संकट को जल्द खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोर्चा संभाल लिया है। सरकारी सूत्रों ने बिजनेस टुडे को पुष्टि की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडिगो के मौजूदा संकट के बारे में जानकारी दी गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) कथित तौर पर इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स के साथ सीधे संपर्क में है और एयरलाइन से जल्द से जल्द अपना परिचालन बहाल करने को कहा है। सूत्रों के अनुसार, एल्बर्स ने परिचालन स्थिर करने के लिए सरकार से 10 दिन का समय मांगा है। एल्बर्स ने केंद्र सरकार से फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन यानी FDTL मानदंडों में ढील देने की भी अपील की है, जो बहुत कठोर है।
शनिवार को भी संकट बरकरार
इंडिगो ने शनिवार को 800 से अधिक घरेलू उड़ानें रद्द कर दीं। इससे पहले शुक्रवार को कंपनी ने 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी थीं। हालांकि, कंपनी ने कहा कि वह ग्राहकों को टिकट के पैसे वापस किए जाने से जुड़े सभी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर संबोधित कर रही है। बता दें कि इंडिगो को नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की ओर से पायलट के लिए नयी उड़ान ड्यूटी और आराम अवधि के मानदंडों के दूसरे चरण में बड़ी छूट दी गई है। कंपनी ने विमानन सुरक्षा नियामक को बताया था कि चरण-2 एफडीटीएल आवश्यकताओं के तहत रोस्टर योजना और चालक दल की उपलब्धता में उसे महत्वपूर्ण संक्रमणकालीन चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दिया था निर्देश
इससे पहले सुबह में, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने विमानन कंपनी को निर्देश दिया कि वह रविवार शाम तक रद्द उड़ानों के लिए टिकट शुल्क वापसी प्रक्रिया पूरी कर ले, तथा यह सुनिश्चित करे कि यात्रियों का सामान अगले दो दिनों में उन्हें पहुंचा दिया जाए, क्योंकि उसकी सेवाओं में बड़े पैमाने पर व्यवधान उत्पन्न हुआ है। मंत्रालय ने चेतावनी दी कि शुल्क वापसी की प्रक्रिया में किसी भी तरह की देरी या गैर-अनुपालन होने पर तत्काल नियामक कार्रवाई की जाएगी।





