
मेगा टेक्सटाइल पार्क, इंटीग्रेटेड प्रोग्राम...बजट के ऐलान से खूब उछले ये शेयर
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में समर्थ 2.0 की घोषणा की, जिसका उद्देश्य टेक्सटाइल सेक्टर में स्किलिंग को आधुनिक बनाना और पूरी वैल्यू चेन में उत्पादकता बढ़ाना है। इसके साथ ही तकनीकी वस्त्रों पर फोकस वाले नए मेगा टेक्सटाइल पार्क की भी बात कही गई।
केंद्रीय बजट में टेक्सटाइल सेक्टर को लेकर कई अहम घोषणाएं की गई हैं। इसके बाद कपड़ा कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त उछाल आया। ट्रेडिंग के दौरान कुछ टेक्सटाइल सेक्टर से जुड़ी कंपनियां डिमांड में रहीं और वर्धमान टेक्सटाइल्स में करीब 9% की तेजी दर्ज की गई। ट्राइडेंट और रेमंड के शेयर लगभग 7% ऊपर रहे जबकि वेलस्पन इंडिया 4% और केपीआर मिल 5% मजबूत हुआ। इसके अलावा, अरविंद के शेयर भी 9% तक चढ़ गए। हालांकि, कारोबार के अंत तक कुछ शेयरों में मुनाफावसूली लौट आई और ये लाल निशान पर बंद हुए। इनमें पेज इंडस्ट्रीज, LMW, स्वॉन कॉर्प, वेदांत फैशन, Trident शामिल हैं।
क्या हैं टेक्सटाइल के लिए ऐलान
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में समर्थ 2.0 की घोषणा की, जिसका उद्देश्य टेक्सटाइल सेक्टर में स्किलिंग को आधुनिक बनाना और पूरी वैल्यू चेन में उत्पादकता बढ़ाना है। इसके साथ ही तकनीकी वस्त्रों पर फोकस वाले नए मेगा टेक्सटाइल पार्क की भी बात कही गई, जो उच्च मार्जिन वाला सेगमेंट माना जाता है। वहीं, महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के जरिए हथकरघा और हस्तशिल्प को ब्रांडिंग और वैश्विक बाजार से जोड़ने पर जोर दिया गया है।
क्या बोलीं वित्त मंत्री
अपने बजट भाषण में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा- टेक्सटाइल क्षेत्र के लिए मैं पांच सब-कैटेगरी के साथ एक इंटीग्रेटेड प्रोग्राम का प्रस्ताव करती हूं। इन पांच सब-कैटेगरी के तहत, उन्होंने रेशम, ऊन और जूट जैसे प्राकृतिक फाइबर, मानव निर्मित फाइबर और नए जमाने के फाइबर में आत्मनिर्भरता के लिए 'नेशनल फाइबर स्कीम' (राष्ट्रीय धागा योजना) की घोषणा की। सरकार ने मशीनरी के लिए पूंजी सहायता, टेक्नोलॉजी अपग्रेडेशन और सामान्य जांच के अलावा प्रमाणीकरण केन्द्र के साथ पारंपरिक क्लस्टर को आधुनिक बनाने के लिए 'टेक्सटाइल विस्तार एवं रोजगार योजना' का प्रस्ताव दिया।
मौजूदा योजनाओं को इंटीग्रेटेड एवं मजबूत करने और बुनकरों एवं कारीगरों के लिए लक्षित सहायता सुनिश्चित करने के लिए एक राष्ट्रीय हथकरघा और हस्तशिल्प कार्यक्रम का प्रस्ताव दिया गया है। सीतारमण ने कहा कि मैं 'मेगा टेक्सटाइल पार्क' स्थापित करने का प्रस्ताव करती हूं। वे तकनीकी वस्त्र में मूल्यवर्धन करने पर भी ध्यान केंद्रित कर सकते हैं।





