15 जुलाई तक लॉन्च होगी IRCTC की नई वेबसाइट, रेलवे टिकट बुक करना आसान

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) की एक और वेबसाइट की लॉन्चिंग होने वाली है
  • यह जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी है
15 जुलाई तक लॉन्च होगी IRCTC की नई वेबसाइट, रेलवे टिकट बुक करना आसान

Indian Railway News: इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) की वेबसाइट पर टिकट बुकिंग में दिक्कत हो रही है तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, 15 जुलाई तक IRCTC की एक नई और बेहतर वेबसाइट लॉन्च की जाएगी। यह जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी है। यह फैसला यात्रियों, खासतौर पर छात्रों की लगातार शिकायतों के बाद लिया गया है। बता दें कि कुछ छात्रों ने टिकट बुकिंग के दौरान आने वाली तकनीकी दिक्कतें और CAPTCHA वेरिफिकेशन से जुड़ी परेशानियों की शिकायतें की थीं।

छात्रों ने उठाई थी समस्या

राजस्थान में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से छात्रों ने IRCTC वेबसाइट के कामकाज को लेकर शिकायत की। छात्रें ने CAPTCHA वेरिफिकेशन से जुड़ी समस्याओं के बारे में बताया। एक छात्र ने मंत्री को वेबसाइट के CAPTCHA सिस्टम से होने वाली परेशानी के बारे में बताया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए वैष्णव ने एक अधिकारी को बुलाया और कहा कि छात्र एक नई वेबसाइट की मांग कर रहे हैं। मंत्री ने अधिकारियों से पूछा-क्या हम इसे 30 दिनों में कर पाएंगे? इसके बाद उन्होंने घोषणा की कि नई IRCTC वेबसाइट 15 जुलाई तक लॉन्च कर दी जाएगी।

नई वेबसाइट का मकसद टिकट बुकिंग प्रक्रिया को पहले से अधिक तेज, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाना है। उम्मीद की जा रही है कि नई प्रणाली में बेहतर सर्वर कैपिसिटी, आसान लॉगिन, तेज टिकट बुकिंग और कम तकनीकी बाधाएं होंगी, जिससे यात्रियों का अनुभव बेहतर होगा।

अपने दौरे के दौरान रेल मंत्री ने तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) में अपग्रेडेड क्वांटम कंप्यूटिंग और क्वांटम कम्युनिकेशन लैब स्थापित करने की घोषणा की। मंत्री ने कहा कि ये लैब इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की इलेक्ट्रॉनिक्स और आईसीटी अकादमिक परियोजना के तहत स्थापित की जाएंगी।

संस्थान में विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए वैष्णव ने कहा कि वर्तमान तकनीकी क्रांति एआई से संचालित हो रही है जबकि अगली बड़ी तकनीकी लहर क्वांटम टेक्नोलॉजी के नेतृत्व में आएगी। मंत्री ने कहा कि इस परियोजना के तहत होने वाला काम देश के लिए अहम होगा। उन्होंने कहा कि लैब क्वांटम कम्युनिकेशन और क्वांटम वितरण (डिस्ट्रिब्यूशन) के क्षेत्र में भी अनुसंधान करेगी, जिसका राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से विशेष महत्व है।

वैष्णव ने कहा कि उद्योग जगत का अनुमान है कि आने वाले वर्षों में 10 लाख से अधिक सेमीकंडक्टर डिजाइन प्रोफेशनल्स की मांग उत्पन्न होगी, जिसे भारत आसानी से पूरा कर सकता है। उन्होंने कहा कि एनवीडिया, क्वालकॉम, आर्म और एएमडी जैसी कंपनियां पहले से ही भारत में दो और तीन नैनोमीटर की अपग्रेडेड सेमीकंडक्टर चिप्स का डिजाइन तैयार कर रही हैं।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,