इस सदी में दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा भारत, अमेरिकी अर्थशास्त्री ने किया बड़ा दावा; चीन को लेकर कही ये बात

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • अमेरिकी अर्थशास्त्री जेफ्री सैक्स का मानना है कि आने वाले दशकों में भारत और चीन दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाएं बन सकते हैं
  • उन्होंने कहा कि भारत इस सदी में दुनिया की नंबर-1 अर्थव्यवस्था बनने की क्षमता रखता है
  • सैक्स ने भारत-चीन के रिश्ते को लेकर भी कुछ बड़ी बातें कही हैं

 jeffrey sachs
भारत और चीन आने वाले दशकों में बन सकते हैं दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाएं: अमेरिकी अर्थशास्त्री जेफ्री सैक्स

अमेरिका के जाने-माने अर्थशास्त्री और कोलंबिया यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर जेफ्री सैक्स ने भारत की आर्थिक क्षमता को लेकर बड़ा अनुमान जताया है। उनका मानना है कि आने वाले दशकों में भारत और चीन दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाएं बन सकते हैं और इस बदलाव से वैश्विक आर्थिक शक्ति का केंद्र एक बार फिर एशिया की ओर जा सकता है। इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में सैक्स ने कहा कि भारत और चीन के बीच बेहतर सहयोग दुनिया को एक ऐसी व्यवस्था की ओर ले जा सकता है, जहां किसी एक देश का दबदबा न हो, बल्कि कई बड़ी शक्तियां मिलकर वैश्विक फैसलों में भूमिका निभाएं। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

भारत और चीन दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

सैक्स के मुताबिक अगले 25 साल से भी कम समय में भारत और चीन दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने अनुमान लगाया कि इस दौर में अमेरिका तीसरे स्थान पर रह सकता है, जबकि इस सदी के किसी चरण में भारत दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने भारत की बढ़ती आबादी और चीन में जनसंख्या वृद्धि की रफ्तार कम होने को भी इस बदलाव का एक अहम कारण बताया। उनके अनुसार भारत की तेज आर्थिक वृद्धि आने वाले समय में देश की वैश्विक स्थिति को और मजबूत कर सकती है।

भारत-चीन संबंधों को लेकर सैक्स का नजरिया

भारत-चीन संबंधों को लेकर सैक्स का नजरिया भी काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने दोनों देशों के बीच सीमा से जुड़े मतभेदों को स्वीकार किया, लेकिन कहा कि यदि नई दिल्ली और बीजिंग आर्थिक स्तर पर सहयोग बढ़ाते हैं तो इसका असर सिर्फ दोनों देशों तक सीमित नहीं रहेगा। व्यापार, विदेशी निवेश, तकनीकी साझेदारी और वैश्विक सप्लाई चेन में सहयोग से दोनों अर्थव्यवस्थाओं को फायदा मिल सकता है। उनका कहना है कि चीन के लिए भी भारत की आर्थिक सफलता फायदेमंद हो सकती है, क्योंकि इससे दुनिया में शक्ति का संतुलन अधिक बहुध्रुवीय बन सकता है।

अमेरिका की एकतरफा नीतियों पर भी सवाल

सैक्स ने अमेरिका की एकतरफा नीतियों पर भी सवाल उठाए और BRICS जैसे समूहों के महत्व को रेखांकित किया। उनके अनुसार BRICS वैश्विक अर्थव्यवस्था में बड़ी हिस्सेदारी रखता है और दुनिया में शक्ति के संतुलन को बढ़ाने में भूमिका निभा सकता है। उनका मानना है कि वैश्विक व्यवस्था अब पहले जैसी एकध्रुवीय नहीं रही है। अमेरिका, चीन, भारत और रूस जैसे बड़े देश अंतरराष्ट्रीय राजनीति और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण शक्ति केंद्र बन चुके हैं।

फिर से एशिया की ओर लौट रहा अर्थव्यवस्था का केंद्र

सैक्स ने यह भी कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था का केंद्र धीरे-धीरे फिर से एशिया की ओर लौट रहा है। इतिहास में लंबे समय तक एशिया आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है और अब भारत तथा चीन की बढ़ती आर्थिक ताकत इस बदलाव को नई दिशा दे सकती है। ऐसे में भारत-चीन संबंध आने वाले वर्षों में वैश्विक व्यापार, निवेश और आर्थिक शक्ति संतुलन के लिए बेहद अहम साबित हो सकते हैं।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़इस सदी में दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा भारत: अमेरिकी अर्थशास्त्री