अमेरिका को पछाड़ UAE बना भारत का सबसे बड़ा सप्लायर, बदला LPG सप्लाई का पूरा गणित

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • सितंबर 2026 में UAE अमेरिका को पीछे छोड़कर भारत का सबसे बड़ा LPG सप्लायर बन गया
  • Kpler के आंकड़ों के अनुसार, UAE से LPG आयात 182% बढ़कर 5.47 लाख टन पहुंच गया, जबकि अमेरिका से आयात 58% घटकर 3.23 लाख टन रह गया
  • भारत के कुल LPG आयात में UAE की हिस्सेदारी 39% और अमेरिका की 23% रही

LPG
सितंबर 2026 में UAE अमेरिका को पीछे छोड़कर बना भारत का सबसे बड़ा LPG सप्लायर।

भारत के LPG आयात में सितंबर 2026 के दौरान बड़ा बदलाव देखने को मिला। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने अमेरिका को पीछे छोड़ते हुए भारत के लिए Liquefied Petroleum Gas (LPG) का सबसे बड़ा सप्लायर बनने का स्थान हासिल कर लिया। समुद्री कारोबार पर नजर रखने वाली कंपनी Kpler के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में भारत के कुल LPG आयात में UAE की हिस्सेदारी बढ़कर 39% हो गई, जबकि अगस्त में यह केवल 13% थी। दूसरी ओर, अमेरिका की हिस्सेदारी 53% से घटकर 23% रह गई। यह बदलाव बताता है कि खाड़ी देशों से सप्लाई धीरे-धीरे फिर मजबूत हो रही है।

UAE से LPG सप्लाई में 182% की बढ़ोतरी

सितंबर में UAE ने भारत को करीब 5.47 लाख टन LPG की सप्लाई की। अगस्त में यह मात्रा लगभग 1.93 लाख टन थी। यानी एक महीने में UAE से आयात में करीब 182% की बढ़ोतरी हुई। इसके साथ ही UAE ने पिछले छह महीनों से भारत के सबसे बड़े LPG सप्लायर रहे अमेरिका को पीछे छोड़ दिया। अमेरिका से सितंबर में लगभग 3.23 लाख टन LPG आई, जो अगस्त के मुकाबले 58% कम थी। इस गिरावट की वजह से भारत के LPG आयात में अमेरिकी हिस्सेदारी काफी घट गई।

होर्मुज संकट के बाद अमेरिका पर बढ़ी थी निर्भरता

फरवरी 2026 के आखिर में अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध के कारण Strait of Hormuz से गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई थी। यह समुद्री मार्ग भारत के लिए अहम है, क्योंकि पहले भारत के LPG आयात का लगभग 90% खाड़ी देशों से इसी रास्ते आता था। सप्लाई में बाधा आने के बाद भारत ने अमेरिका से आयात बढ़ाया था। अब खाड़ी क्षेत्र से LPG की उपलब्धता सुधरने के साथ आयात का रुख दोबारा पश्चिम एशिया की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।

कुवैत और कतर से भी बढ़ा आयात

सितंबर में भारत को LPG सप्लाई करने वाले देशों में कुवैत तीसरे स्थान पर रहा। वहां से करीब 1.33 लाख टन LPG आई, जो अगस्त से 15.6% अधिक थी। कतर से आयात 76% बढ़कर लगभग 1.15 लाख टन पहुंच गया। हालांकि, सितंबर में सऊदी अरब से भारत ने LPG का कोई आयात नहीं किया। अन्य सप्लायर देशों में ईरान से करीब 89 हजार टन, अल्जीरिया से 24 हजार टन, ओमान और रिपब्लिक ऑफ कांगो से लगभग 23-23 हजार टन तथा ब्रुनेई से करीब 4 हजार टन LPG आई।

कुल LPG आयात में 4% की गिरावट

UAE और कुछ अन्य खाड़ी देशों से सप्लाई बढ़ने के बावजूद भारत का कुल LPG आयात सितंबर में घटा। महीने के दौरान भारत ने लगभग 13.9 लाख टन LPG आयात की, जो अगस्त के मुकाबले करीब 4% कम थी। भारत अपनी LPG जरूरतों का लगभग 60% आयात से पूरा करता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय सप्लाई, समुद्री मार्गों की स्थिति और माल ढुलाई की लागत देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण हैं। LPG का इस्तेमाल घरेलू रसोई गैस के साथ-साथ कई व्यावसायिक गतिविधियों में भी होता है।

आगे भी जारी रह सकती है सप्लायर देशों में विविधता

एक्सपर्ट का मानना है कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बाद भी भारत अपनी LPG खरीद के स्रोतों में विविधता बनाए रख सकता है। खाड़ी देश भारत के लिए महत्वपूर्ण सप्लायर बने रहेंगे, लेकिन अमेरिका और अन्य देशों से आयात के विकल्प भी उपयोगी साबित हो सकते हैं। Kpler के फ्रेट विश्लेषक मैट राइट के मुताबिक, खाड़ी क्षेत्र से तेल की आवाजाही में सुधार हुआ है, लेकिन Strait of Hormuz से गुजरने वाले जहाजों को लेकर जोखिम बने रहने के कारण माल ढुलाई की लागत ऊंची है। यानी सप्लाई बहाल होने के बावजूद भारत को ऊर्जा आयात की लागत और समुद्री जोखिमों पर नजर रखनी होगी।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़अमेरिका से 58% घटा LPG आयात, भारत ने बदला गैस खरीदने का तरीका