भारत के ऐतिहासिक IPO पर ईरान-अमेरिका जंग का असर, कंपनी ने बदल दी लॉन्चिंग की तारीख

Mar 10, 2026 04:46 pm ISTDeepak Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

एक्सईडी एक्जिक्यूटिव डेवलपमेंट ने अपने 1.2 करोड़ डॉलर के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए पहले तय की गई छह मार्च की तारीख से बदलकर 16 मार्च कर दिया है।

भारत के ऐतिहासिक IPO पर ईरान-अमेरिका जंग का असर, कंपनी ने बदल दी लॉन्चिंग की तारीख

First GIFT City IPO: ईरान की अमेरिका और इजराइल से छिड़ी जंग ने शेयर बाजार में अस्थिरता पैदा कर दी है। इस अस्थिर माहौल का असर भारत के एक ऐतिहासिक आईपीओ पर भी पड़ा है। दरअसल, सीनियर प्रोफेशनल्स को ट्रेनिंग देने वाली कंपनी XED एक्जिक्यूटिव डेवलपमेंट ने भी आईपीओ लॉन्चिंग का अपना इरादा बदल लिया है। XED एक्जिक्यूटिव डेवलपमेंट ने अपने आईपीओ के लिए पहले तय की गई छह मार्च की तारीख से बदलकर 16 मार्च कर दिया है।

क्या है डिटेल?

कंपनी का 10 से 10.5 डॉलर प्रति शेयर के मूल्य दायरे वाला यह आईपीओ 16 मार्च को खुलकर 24 मार्च को बंद होगा। एक्सईडी ने आईपीओ से 1.2 करोड़ डॉलर की पूंजी जुटाने का लक्ष्य रखा है। आईपीओ के लिए दुनिया भर के प्रवासी भारतीय, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक और संस्थागत निवेशक बोली लगा सकेंगे। कंपनी के शेयर एनएसई में इंटरनेशनल एक्सचेंज और गिफ्ट सिटी में इंडिया इंटरनेशनल एक्सचेंज में सूचीबद्ध होंगे।

क्यों है ऐतिहासिक आईपीओ?

गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) में होने वाली यह पहली शेयर बिक्री होगी। कंपनी का यह आईपीओ अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण (आईएफएससीए) के नियमों के तहत लाया जा रहा है। इस इश्यू में केवल वे निवेशक हिस्सा ले सकेंगे जो आईएफएससीए के नियमों के अंतर्गत पात्र हैं। बता दें कि गिफ्ट सिटी देश के भीतर ही एक विदेशी एक्सचेंज की तरह काम करता है। वहां लेनदेन डॉलर में होता है और आईपीओ लाने का मुख्य उद्देश्य विदेशी निवेशकों को लुभाना है। यह कंपनी वर्तमान में भारत, पश्चिम एशिया और अमेरिका सहित 25 से अधिक देशों में सर्विस प्रोवाइड करती है।

क्या होगा पैसे का?

एक्सईडी के संस्थापक और प्रबंध निदेशक जॉन कैलेलिल के मुताबिक आईपीओ से जुटाए गए रकम का इस्तेमाल ग्लोबली विस्तार पर किया जाना है। उन्होंने कहा- हम ग्लोबली विस्तार में तेजी लाने, विश्वविद्यालय साझेदारी को गहरा करने और प्रमुख बाजारों में वितरण क्षमताओं में निवेश करने के लिए पूंजी जुटा रहे हैं।

बता दें कि 2018 में स्थापित XED भारत, मध्य पूर्व, दक्षिण पूर्व एशिया और उत्तरी अमेरिका सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत है और इसने फॉर्च्यून 500 कंपनियों के व्यक्तियों सहित 15,000 से अधिक अधिकारियों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षित किया है। यह कंपनी नेतृत्व, रणनीति, डिजिटल परिवर्तन और उभरती टेक्नोलॉजी पर केंद्रित कार्यक्रमों को डिजाइन करने के लिए 17 प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहयोग करती है। कंपनी EBITDA और PAT दोनों स्तरों पर लाभ कमा रही है।

ईरान- इजराइल और अमेरिका की जंग

बता दें कि बीते कुछ दिनों से ईरान की अमेरिका और इजराइल से जंग छिड़ी हुई है। इस वजह से भारत समेत दुनियाभर के शेयर बाजारों में हाहाकार मचा हुआ है। निवेशक अलर्ट मोड में नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि कंपनी ने आईपीओ लॉन्च करने की तारीख में बदलाव हुआ है।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,