इस चॉकलेट ब्रांड ने रचा इतिहास! लोगों के मुंह लगा इसका टेस्ट, 10वीं पोजिशन से सीधे नंबर-1 पर पहुंची कंपनी
मुख्य बातें
- भारत अब दुनिया में किटकैट (KitKat) का सबसे बड़ा बाजार बन गया है
- एक दशक पहले जहां भारत इस चॉकलेट ब्रांड के लिए 10वें स्थान पर था, वहीं अब उसने जापान, ब्राजील और यूरोप जैसे बाजारों को पीछे छोड़ दिया है

कभी दुनिया में 10वें नंबर पर रहने वाला भारत आज मशहूर चॉकलेट ब्रांड किटकैट (KitKat) का सबसे बड़ा बाजार बन चुका है। यह सुनकर शायद कई लोगों को हैरानी हो, लेकिन अब भारत ने जापान, ब्राजील और यूरोप जैसे बड़े बाजारों को पीछे छोड़ दिया है। स्विस कंपनी नेस्ले (Nestlé) के लिए भारत अब किटकैट (KitKat) का नंबर-1 मार्केट बन गया है। पिछले कुछ सालों में भारतीय ग्राहकों के बीच किटकैट (KitKat) की लोकप्रियता इतनी तेजी से बढ़ी कि कंपनी को भी अपनी रणनीति बदलनी पड़ी। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
नेस्ले इंडिया के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष तिवारी के मुताबिक, भारत में किटकैट (KitKat) की मांग लगातार बढ़ रही है और ब्रांड ने मार्केट शेयर में शानदार ग्रोथ दर्ज की है। कंपनी के लिए यह बड़ी उपलब्धि इसलिए भी मानी जा रही है, क्योंकि एक दशक पहले भारत किटकैट (KitKat) की बिक्री के मामले में दुनिया में 10वें स्थान पर था। अब भारत सीधे पहले नंबर पर पहुंच गया है।
इस सफलता के पीछे सबसे बड़ी वजह भारतीय ग्राहकों की बदलती पसंद और कंपनी की नई रणनीति मानी जा रही है। नेस्ले ने सिर्फ पारंपरिक किटकैट (KitKat) बेचने के बजाय नए फ्लेवर और प्रीमियम वैरिएंट लॉन्च किए। कंपनी ने साल्टेड कारमेल, हेज़लनट, किटकैट डुओ और लेमन & लाइम जैसे नए टेस्ट पेश किए, जिन्हें युवाओं और बच्चों ने काफी पसंद किया। इसके अलावा छोटे पैक और गिफ्टिंग रेंज ने भी बिक्री को बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई।
नेस्ले ने मार्केटिंग पर भी जमकर खर्च किया। सोशल मीडिया कैंपेन, टीवी विज्ञापन और युवाओं को टारगेट करने वाली रणनीतियों ने किटकैट (KitKat) को सिर्फ एक चॉकलेट नहीं बल्कि ब्रेक टाइम स्नैक की पहचान दिला दी। कंपनी ने शहरों के साथ-साथ छोटे कस्बों और गांवों तक पहुंच बढ़ाने के लिए विसिकूलर (Visicooler) प्रोग्राम का इस्तेमाल किया, जिससे दुकानों में किटकैट (KitKat) आसानी से उपलब्ध होने लगी।
कंपनी के अनुसार, भारत में किटकैट (KitKat) की बिक्री इतनी तेजी से बढ़ी कि FY25 में करीब 395 करोड़ किटकैट फिंगर्स (KitKat fingers) बेचे गए। यह भारत में चॉकलेट बाजार की तेजी और बढ़ती खपत को भी दिखाता है। खास बात यह है कि नेस्ले के लिए मैगी (Maggi) के बाद किटकैट (KitKat) दूसरा ऐसा ब्रांड बन गया है, जिसका सबसे बड़ा बाजार भारत है।
विशेषज्ञ मानते हैं कि भारत में बढ़ती युवा आबादी, तेजी से बदलती लाइफस्टाइल और छोटे-छोटे स्नैकिंग प्रोडक्ट्स की मांग ने किटकैट (KitKat) को बड़ी सफलता दिलाई। आज भारतीय ग्राहक सिर्फ चॉकलेट नहीं, बल्कि नए फ्लेवर और अलग अनुभव चाहते हैं और किटकैट (KitKat) ने इसी ट्रेंड को सही समय पर पकड़ लिया।
1930 के दशक में ब्रिटेन में शुरू हुआ किटकैट (KitKat) आज दुनिया के 85 से ज्यादा देशों में बिकता है, लेकिन अब इसकी सबसे ज्यादा खपत भारत में हो रही है। यह सिर्फ एक ब्रांड की सफलता नहीं, बल्कि भारतीय बाजार की ताकत और बदलती उपभोक्ता आदतों की भी बड़ी कहानी बन चुकी है।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


