LIC ने किन कंपनियों में लगाया है आपका पैसा? केवल NSE के हैं 26.53 करोड़ शेयर

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • LIC की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में हिस्सेदारी अब उसकी पांचवीं सबसे बड़ी निवेश बनने जा रही है
  • लिस्टेड कंपनियों में LIC ने सबसे अधिक पैसा रिलायंस इंडस्ट्रीज में लगाया है
  • साल 2024 की शुरुआत से LIC के इन सबसे बड़े निवेशों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है
LIC ने किन कंपनियों में लगाया है आपका पैसा? केवल NSE के हैं 26.53 करोड़ शेयर

भारत की सबसे बड़ी बीमा कंपनी और शेयर मार्केट की सबसे बड़ी संस्थागत निवेशक, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में हिस्सेदारी अब उसकी पांचवीं सबसे बड़ी निवेश बनने जा रही है। बता दें एलआईसी आपका पैसा शेयर मार्केट में भी लगाती है।

मार्च 2026 तिमाही तक LIC के पास एनएसई के 26.53 करोड़ शेयर थे, जो कंपनी में 10.72 प्रतिशत हिस्सेदारी है। अगर एनएसई का शेयर भाव 2,100 रुपये मानें, तो यह निवेश करीब 56,105 करोड़ रुपये का बैठता है।

किस-किस कंपनी में कितना लगा है दांव पर

मनी कंट्रोल के मुताबिक लिस्टेड कंपनियों में LIC ने सबसे अधिक पैसा रिलायंस इंडस्ट्रीज में लगाया है। मार्च तिमाही में LIC के पास रिलायंस में 6.8 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। यह मौजूदा शेयर भाव 1,300 रुपये के हिसाब से करीब 1.18 लाख करोड़ रुपये की है।

दूसरा सबसे बड़ा निवेश स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में है। LIC की 8.78 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 83,219 करोड़ रुपये की है। तीसरे नंबर पर लार्सन एंड टुब्रो (L&T) है, जिसमें 12.51 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 70,927 करोड़ रुपये की है।

चौथे स्थान पर ITC है, जहां LIC की 15.83 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 57,672 करोड़ रुपये की है। करीब 56,105 करोड़ रुपये के साथ एनएसई LIC की निवेश सूची में पांचवें स्थान पर होगा।

यह एचडीएफसी बैंक (49,738 करोड़), भारती एयरटेल (44,850 करोड़), इंफोसिस (44,871 करोड़), आईसीआईसीआई बैंक (44,220 करोड़) और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS - 41,846 करोड़) से आगे है। इसके अलावा, ONGC में LIC की 10.18 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 29,935 करोड़ रुपये की है।

किन शेयरों ने कराया नुकसान और किसने कराया फायदा

साल 2024 की शुरुआत से LIC के इन सबसे बड़े निवेशों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज करीब 2 प्रतिशत चढ़ी है, जबकि ITC करीब 38 प्रतिशत, इंफोसिस करीब 32 प्रतिशत और TCS करीब 44 प्रतिशत गिर गई है। एचडीएफसी बैंक 8 प्रतिशत गिरा है, वहीं L&T 20 प्रतिशत चढ़ा है।

SBI 62 प्रतिशत, भारती एयरटेल 89 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 35 प्रतिशत और ONGC 20 प्रतिशत चढ़े हैं। इसकी तुलना में, प्राइम डेटाबेस के आंकड़ों के अनुसार, सेंसेक्स 6.3 प्रतिशत और निफ्टी 10.4 प्रतिशत चढ़ा है।

13.63 प्रतिशत कम हो गई निवेश की वैल्यू

प्राइम डेटाबेस के आंकड़ों से यह भी पता चला कि एनएसई पर लिस्टेड कंपनियों में LIC की मूल्य के हिसाब से हिस्सेदारी 31 मार्च, 2026 को घटकर 3.71 प्रतिशत रह गई, जो तीन महीने पहले 3.72 प्रतिशत थी। मूल्य के लिहाज से, मार्च 2026 के अंत में LIC का कुल निवेश 15.11 लाख करोड़ रुपये था, जो पिछली तिमाही से 13.63 प्रतिशत कम है।

सिर्फ फ्री-फ्लोट शेयरों को देखें तो LIC की हिस्सेदारी मार्च 2026 तिमाही में बढ़कर 7.42 प्रतिशत हो गई, जो पिछली तिमाही में 7.39 प्रतिशत थी। वहीं, सभी एनएसई-लिस्टेड कंपनियों में LIC की औसत हिस्सेदारी (शेयरों की संख्या के हिसाब से) इस दौरान 0.61 प्रतिशत पर स्थिर रही।

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़LIC ने किन कंपनियों में लगाया है आपका पैसा? केवल NSE के हैं 26.53 करोड़ शेयर