पीएम मोदी की ‘विदेश यात्रा टालो’ अपील का असर, ट्रैवल-टूरिज्म शेयर जमीन पर

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • आज यात्रा ऑनलाइन के शेयरों में 5.32% की गिरावट है
  • भारी बिकवाली के चलते यह स्टॉक ₹102.40 पर आ गया है
  • वहीं, थॉमस कुक इंडिया के भी शेयर 4.12% गिरकर ₹92.77 पर आ गए हैं
  • ईजी ट्रिप प्लानर्स के शेयरों में 3.02% की गिरावट है
stock crash29

पश्चिम एशिया संकट के कारण देश की अर्थव्यवस्था पर बढ़ रहे दबाव को कम करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दिन पहले ही देशवासियों से गैर-जरूरी विदेश यात्राएं टालने की अपील की थी। आज उस अपील का असर ट्रैवल, टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की कंपनियों के स्टॉक्स पर देखने को मिल रहा है। इन कंपनियों के शेयर बुरी तरह गिरकर जमीन पर आ गए हैं, क्योंकि इसने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। उन्हें डर है कि मिडिल ईस्ट संकट के बीच सरकारी अपील से विदेश यात्राओं की मांग पर असर पड़ सकता है।

आज यात्रा ऑनलाइन के शेयरों में 5.32% की गिरावट है। भारी बिकवाली के चलते यह स्टॉक ₹102.40 पर आ गया है। वहीं, थॉमस कुक इंडिया के भी शेयर 4.12% गिरकर ₹92.77 पर आ गए हैं। ईजी ट्रिप प्लानर्स के शेयरों में 3.02% की गिरावट है और 11 बजे के करीब ₹7.72 पर ट्रेड कर रहे थे। Le Travenues Technology भी 2.32% टूटकर ₹164.47 पर आ चुका है।

इंडिगो और स्पाइसजेट के शेयर भी धड़ाम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गैर-जरूरी विदेश यात्रा न करने की अपील का असर इंडिगो और स्पाइसजेट के शेयरों पर भी देखने को मिल रहा है। इंडिगो, स्पाइसजेट के शेयरों में 4% तक की गिरावट आ गई। इंडिगो चलाने वाली कंपनी इंटरग्लोब एविएशन का शेयर 4% से अधिक टूटकर 4,335 रुपये के दिन के निचले स्तर पर आ गया। वहीं स्पाइसजेट भी 4% से अधिक गिरकर 13.41 रुपये पर पहुंच गया।

होटल सेक्टर में भी भगदड़

पीएम मोदी की अपील के बाद होटल सेक्टर में भी भगदड़ जैसी स्थिति है। आईटीसी होटल्स के शेयर 2.14% गिरकर ₹160.98 पर आ गए हैं। इंडियन होटल्स कंपनी के शेयर 1.79% की गिरावट, ₹661 पर और लेमन ट्री होटल्स के शेयर 1.69% टूटकर ₹118.38 हैं। दूसरी ओर आईआरसीटीसी (IRCTC) के शेयर भर 1.47% लुढ़ककर ₹556.60 पर ट्रेड कर रहे थे।

पीएम मोदी ने क्या कहा था?

रविवार को हैदराबाद में एक जनसभा में पीएम मोदी ने लोगों से देश की विदेशी मुद्रा बचाने के लिए लाइफ स्टाइल में बदलाव की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि पेट्रोल-डीजल की खपत कम करें, जहां मेट्रो हो वहां मेट्रो से चलें। कार का इस्तेमाल हो तो कारपूलिंग करें।

कोरोना काल की तरह वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंस को दोबारा अपनाएं। यह राष्ट्रहित में है। विदेश में डेस्टिनेशन वेडिंग समेत सभी गैर-जरूरी विदेश यात्राओं को टालें। कम से कम एक साल तक सोने की अनावश्यक खरीदारी से बचें। घरों में खाद्य तेल की खपत कम करें, यह सेहत और राष्ट्रदोनों के लिए जरूरी है।

पीएम ने सीमा पर शहीद होने और देशभक्ति के बीच क्या संबंध बताया?

मोदी ने कहा, "देशभक्ति केवल सीमा पर जान देने को तैयार रहने का नाम नहीं है। इस समय में देशभक्ति का असली अर्थ है, जिम्मेदारी से जीना और रोजमर्रा की जिंदगी में राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना।"

भारत ने नहीं बढ़ाया पेट्रोल-डीजल के दाम

गौरतलब है कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल आयातक देश है। ग्लोबल एनर्जी संकट के बावजूद भारत अब तक एकमात्र बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, जिसने पेट्रोल-डीजल के रिटेल दाम नहीं बढ़ाए हैं और न ही सप्लाई पर कोई रोक लगाई है।

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।