IPO की खबर से मचा धमाल! ₹3,800 करोड़ बढ़ी इस कंपनी की वैल्यू, स्टॉक में लगा 20% अपर सर्किट
मुख्य बातें
- NSE के IPO को लेकर बढ़ती उम्मीदों के बीच IFCI के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली और स्टॉक 20% के अपर सर्किट के साथ 52 हफ्तों के नए उच्च स्तर पर पहुंच गया
- NSE द्वारा जल्द IPO दस्तावेज दाखिल किए जाने की खबरों ने निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है

भारत के शेयर बाजार में इन दिनों IFCI का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। शुक्रवार को IFCI के शेयरों में ऐसी जबरदस्त तेजी देखने को मिली कि स्टॉक 20% के अपर सर्किट पर पहुंच गया और 52 हफ्तों का नया हाई 84.57 रुपये छू लिया। खास बात यह रही कि यह उछाल किसी तिमाही नतीजे या बड़े कारोबारी सौदे की वजह से नहीं, बल्कि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के IPO की खबरों के कारण आया है। बाजार में चर्चा है कि NSE जल्द ही SEBI के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर सकता है। इसी उम्मीद ने IFCI के शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
दरअसल, IFCI की तेजी के पीछे एक खास कनेक्शन है। IFCI के पास स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (SHCIL) में 52.86% हिस्सेदारी है। वहीं, SHCIL के पास NSE में लगभग 4.4% हिस्सेदारी मौजूद है, यानी IFCI को NSE में अप्रत्यक्ष हिस्सेदारी का फायदा मिलता है। जैसे-जैसे NSE के IPO की संभावना मजबूत हो रही है, वैसे-वैसे निवेशक IFCI को इस लिस्टिंग का संभावित लाभार्थी मानकर खरीदारी कर रहे हैं। यही वजह है कि शेयर में अचानक भारी मांग देखने को मिली।
मार्केट वैल्यू में 3,800 करोड़ का इजाफा
इस तेज उछाल से IFCI का बाजार पूंजीकरण भी तेजी से बढ़ा है। सिर्फ एक दिन में कंपनी की मार्केट वैल्यू में लगभग 3,800 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ और कुल मार्केट कैप करीब 22,786 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। शेयर बाजार में यह उछाल बताता है कि निवेशक NSE के IPO को लेकर कितने उत्साहित हैं।
NSE का IPO भारतीय पूंजी बाजार के इतिहास के सबसे बड़े आईपीओ में से एक माना जा रहा है। कई सालों से इसकी लिस्टिंग का इंतजार किया जा रहा था। इस साल की शुरुआत में SEBI ने NSE को नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) देकर एक बड़ी बाधा दूर कर दी थी। इसके बाद से ही बाजार में उम्मीदें बढ़ गई थीं कि जल्द ही IPO प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक NSE अगले कुछ दिनों में अपने IPO दस्तावेज जमा कर सकता है।
IFCI ने 5 साल में दिया 517% का जबरदस्त रिटर्न
अगर IFCI के शेयर प्रदर्शन की बात करें तो कंपनी ने हाल के महीनों में निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। पिछले एक सप्ताह में शेयर 6% से ज्यादा चढ़ा है, जबकि एक महीने में इसमें करीब 38% की तेजी आई है। साल 2026 में अब तक यह शेयर 59% से अधिक उछल चुका है। वहीं, पिछले एक साल में 36% और तीन साल में 582% का मल्टीबैगर रिटर्न देकर इसने निवेशकों को मालामाल किया है। 5 साल के नजरिए से देखें तो IFCI ने 517% का जबरदस्त रिटर्न दिया है।
हालांकि, बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि NSE IPO को लेकर बनी उम्मीदें फिलहाल शेयर में तेजी का प्रमुख कारण हैं। निवेशकों को किसी भी निवेश निर्णय से पहले कंपनी की बुनियादी स्थिति, वैल्यूएशन और जोखिमों का भी आकलन करना चाहिए। फिर भी यह कहना गलत नहीं होगा कि NSE IPO की चर्चा ने IFCI को एक बार फिर बाजार का सुपरस्टार बना दिया है।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


