एक हफ्ते में 26% उछल गए IFCI के शेयर, NSE के IPO से है कंपनी का कनेक्शन
IFCI लिमिटेड के शेयर एक हफ्ते में 26% चढ़ गए हैं। कंपनी के शेयर शुक्रवार को इंट्राडे के दौरान 10% से अधिक की तेजी के साथ 62.98 रुपये पर पहुंच गए। NSE के आईपीओ को लेकर बढ़ती उम्मीदों से IFCI के शेयरों में तेजी आई है।

आईएफसीआई लिमिटेड के शेयरों में गजब की तेजी देखने को मिल रही है। एक हफ्ते में ही आईएफसीआई लिमिटेड के शेयर 26 पर्सेंट उछल गए हैं। कंपनी के शेयर शुक्रवार को BSE में इंट्राडे के दौरान 10 पर्सेंट से अधिक की तेजी के साथ 62.98 रुपये पर पहुंच गए। आईएफसीआई लिमिटेड (IFCI) के शेयरों में यह उछाल सेबी चीफ तुहिन कांत पांडे के कमेंट्स के बीच आया है। सेबी प्रमुख ने कहा है कि कैपिटल मार्केट्स रेगुलेटर इस महीने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के बहु-प्रतीक्षित आईपीओ को मंजूरी दे सकता है।
IFCI का NSE पर है दांव
आईएफसीआई लिमिटेड (IFCI) की स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (SHCIL) के जरिए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में अप्रत्यक्ष हिस्सेदारी है। दिसंबर 2025 तिमाही के आखिर में स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया की NSE में 4.4 पर्सेंट हिस्सेदारी थी। अनलिस्टेड मार्केट में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के शेयर करीब 2100 रुपये प्रति शेयर के दाम पर ट्रेड कर रहे हैं। इस हिसाब से NSE में SHCIL की हिस्सेदारी की वैल्यू करीब 23000 करोड़ रुपये है। IFCI लिमिटेड की स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया में 52 पर्सेंट हिस्सेदारी है। IFCI लिमिटेड के शेयरों में पिछले पांच साल में 550 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 74.50 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 35.67 रुपये है।
NSE के आईपीओ के डीटेल्स
पिछले हफ्ते सेबी चीफ ने कहा था कि बाजार नियामक संस्था NSE आईपीओ के लिए नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी करने के अग्रिम चरण में है और यह इस महीने हो सकता है। गुरुवार को एक दूसरी इवेंट में उन्होंने कहा कि मार्केट रेगुलेटर सेबी ने लॉन्ग-रनिंग अनफेयर मार्केट एक्सेस केस में NSE के सेटलमेंट एप्लीकेशन को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। उन्होंने बताया कि सरकार ने एक्सचेंज में 2.5 पर्सेंट हिस्सेदारी बेचने को भी मंजूरी दे दी है और इस संबंध में जल्द ही एक नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। NSE अपने आईपीओ के लिए पिछले कई सालों से रेगुलेटरी अप्रूवल्स मांग रहा है।

लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह स्टॉक मार्केट, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है।
और पढ़ें



