31 मई तक बैंक अकाउंट में रखें 436 रुपये, सरकार की इस योजना का मिलता रहेगा फायदा

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा के 11 साल पूरे हो गए हैं
  • इसके तहत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के बैंक खाताधारकों को दो लाख रुपये का जीवन बीमा कवर मिलता है
  • योजना की कवरेज अवधि प्रत्येक वर्ष 1 जून से 31 मई तक होती है
31 मई तक बैंक अकाउंट में रखें 436 रुपये, सरकार की इस योजना का मिलता रहेगा फायदा

नरेंद्र मोदी सरकार की कई ऐसी योजनाएं हैं जिसे शुरू हुए एक दशक से भी ज्यादा हो चुके हैं। ऐसी ही एक योजना- प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा (पीएमजेजेबीवाई) है। इस योजना के 11 साल पूरे हो गए हैं। योजना में मामूली पैसे खर्च कर आप बीमा कवर ले सकते हैं। आइए योजना की डिटेल जान लेते हैं।

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा

यह एक-वर्षीय टर्म बीमा योजना है, जिसके तहत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के बैंक खाताधारकों को दो लाख रुपये का जीवन बीमा कवर मिलता है। इसमें किसी भी कारण से मृत्यु होने पर लाभ दिया जाता है और पहले से मौजूद बीमारियों को लेकर कोई अपवाद नहीं है। योजना में केवल 436 रुपये प्रति वर्ष खर्च करने होंगे। यह रकम ग्राहक के बैंक या डाकघर खाते से ऑटो-डेबिट हो जाता है। 50 वर्ष से पहले जुड़ने वालों के लिए कवरेज 55 वर्ष की आयु तक जारी रहता है। बचत बैंक खाता या डाकघर खाता होना चाहिए। इस योजना को सालाना आधार पर रिन्यू किया जाता है। योजना की कवरेज अवधि प्रत्येक वर्ष 1 जून से 31 मई तक होती है। अगले साल के लिए योजना को एक्टिव रखने को 31 मई तक पैसे कट जाते हैं। ऐसे में अगर आपके बैंक अकाउंट में 31 मई तक 436 रुपये नहीं हैं तो इसका इंतजाम कर लीजिए। यदि आप मध्य वर्ष में नामांकन करते हैं, तो आप केवल शेष महीनों के लिए भुगतान करते हैं।

योजना बैंक शाखाओं, डाकघरों या ऑनलाइन उपलब्ध है। इसके लिए ग्राहक की सहमति और बुनियादी केवाईसी (आधार) आवश्यक है। जन-धन अकाउंट सभी पात्र खाताधारकों के लिए खुला है। इसमें कोई मेडिकल जांच नहीं है। यह एक सरल, परेशानी मुक्त प्रक्रिया है। यह योजना मृत्यु के सभी कारणों को कवर करती है।

योजना की तारीफ में बोले एलआईसी के एमडी

भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक आर. दुरईस्वामी ने कहा कि यह योजना,सरकार के सभी के लिए बीमा लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभा रही है। दुरईस्वामी ने कहा-वर्ष 2015 में योजना की शुरुआत के समय देश की केवल लगभग 20 प्रतिशत आबादी तक ही किसी न किसी तरह का बीमा कवर था। यह अंतर ऐसे बीमा उत्पादों की कमी को दर्शाता था जो कम आय वर्ग तक की पहुंच में हों। दुरईस्वामी ने कहा कि वर्ष 2014 में 'प्रधानमंत्री जन धन योजना' शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य हर नागरिक को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना था। इसके एक साल बाद तीन अहम योजनाएं शुरू की गईं। ये योजना-प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा के अलावा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा और अटल पेंशन योजना हैं।

उन्होंने बताया कि पीएमजेजेबीवाई जीवन बीमा सुरक्षा देती है तो प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना दुर्घटना और दिव्यांगता कवर देती है। इसके अलावा, अटल पेंशन योजना असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की रिटायरमेंट के बाद की सुरक्षा सुनिश्चित करती है। दुरईस्वामी ने कहा कि ये तीनों योजनाएं मिलकर 'जन सुरक्षा त्रिमूर्ति' बनाती हैं, जो कम आय वाले परिवारों के विभिन्न जोखिमों के अलग-अलग पहलुओं को कवर करती हैं।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,