बिक रहा एक और बैंक, डील ऐलान के अगले दिन शेयर बेचकर भागे निवेशक

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • IDBI बैंक में सरकार हिस्सेदारी बेच रही है
  • इसे खरीदने वाला कनाडा का फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स है
  • इस डील ऐलान के अगले ही दिन बीएसई पर IDBI बैंक का शेयर करीब 8 प्रतिशत टूट गया

share
IDBI बैंक का शेयर करीब 8 प्रतिशत टूट गया

IDBI Bank share price: बाजार में गुरुवार को बंपर उछाल के बीच कुछ शेयर को बेचने की होड़ सी मच गई। ऐसा ही एक शेयर IDBI बैंक लिमिटेड का है। कनाडा की फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स के IDBI बैंक में 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 53,000 करोड़ रुपये (5.5 अरब डॉलर) में खरीदने के सौदे की घोषणा के अगले ही दिन इस शेयर को बेचने की होड़ सी मच गई। इस बैंक के शेयर में करीब 8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

शेयर का परफॉर्मेंस

बीएसई पर IDBI बैंक का शेयर करीब 8 प्रतिशत टूटकर 83.33 रुपये पर आ गया। इससे पहले, बुधवार को सौदे की घोषणा से पहले आईडीबीआई बैंक के शेयरों में नौ प्रतिशत की तेजी आई थी, जिससे कंपनी के मार्केट कैपिटल में 8,086 करोड़ रुपये जुड़ गए थे। बता दें कि मार्च 2026 में यह शेयर 61.05 रुपये पर था। यह शेयर के 52 हफ्ते का लो है। बता दें कि शेयर के 52 हफ्ते का हाई 118.45 रुपये है। जनवरी 2026 में शेयर इस स्तर तक गया था। इसके बाद से ही शेयर बिकवाली मोड में है।

क्या है डील की डिटेल

कनाडा की फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स IDBI बैंक में 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 53,000 करोड़ रुपये में खरीदेगी। यह किसी भारतीय बैंक में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश होगा।

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने फेयरफैक्स की सब्सिडयरी कंपनी एम/एस 10955230 कनाडा इंक को रणनीतिक खरीदार के रूप में मंजूरी दी है। यह कंपनी सरकार की 30.48 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 26,620 करोड़ रुपये में और सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की 30.24 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 26,440 करोड़ रुपये में खरीदेगी।

सरकार की कितनी है हिस्सेदारी

इस समय IDBI बैंक में संयुक्त रूप से सरकार और एलआईसी के पास 94.71 प्रतिशत हिस्सेदारी है। जून 2026 की होल्डिंग के अनुसार बैंक में केंद्र सरकार की हिस्सेदारी 45.48 प्रतिशत और एलआईसी की 49.24 प्रतिशत है। शेष 5.29 प्रतिशत शेयर सार्वजनिक और संस्थागत निवेशकों के पास हैं।

एलआईसी भी एक सार्वजनिक बीमा कंपनी है जिसमें सरकार की हिस्सेदारी 90 प्रतिशत है। बता दें कि IDBI की स्थापना औद्योगिक विकास वित्त संस्थान के रूप में हुई थी। लेकिन उसकी वित्तीय स्थिति खराब होने के बाद उसे सामान्य बैंक के रूप में पुनर्गठित किया गया था। आईडीबीआई बैंक इस समय रिजर्व बैंक के नियमों के तहत एक कॉमर्शियल बैंक के रूप में काम करता है। बैंक की खराब वित्तीय स्थिति के कारण उसे बार-बार पूंजी उपलब्ध कराने की जरूरत पड़ी। शुरू में यह पूंजी भारत सरकार ने और बाद में एलआईसी ने उपलब्ध कराई।

आरबीआई ने बैंक की खराब हालत को देखते हुए 5 मई 2017 से त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई (पीसीए) व्यवस्था के तहत इसके कारोबार पर कई पाबंदिया लगा दी थीं। हालांकि, कुछ साल बाद ये पाबंदियां हटा भी दी गईं। वहीं, सरकार ने समय-समय पर इस बैंक को बेचने का प्रयास किया लेकिन असफलता हाथ लगी। हालांकि, अब बैंक बिक्री की डील को मुहर लग गई है।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़बिक रहा एक और बैंक, डील ऐलान के अगले दिन शेयर बेचकर भागे निवेशक