₹70 के स्तर वाले शेयर में हलचल की उम्मीद, बिजनेस अपडेट के बाद अब रहेगी नजर
बैंक के शेयर की बात करें तो यह गुरुवार को 2.76% बढ़कर 69.52 रुपये पर रहा। शेयर बाजार शुक्रवार को गुड फ्राइडे के कारोबार बंद था। ऐसे में अब निवेशकों की नजर सोमवार के कारोबार पर रहेगी।

सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार में जब ट्रेडिंग होगी तब आईडीबीआई बैंक के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। दरअसल,भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के नियंत्रण वाले आईडीबीआई बैंक ने अपने बिजनेस को लेकर एक बड़ा अपडेट दिया है। बैंक ने बताया कि उसका मार्च 2026 को समाप्त चौथी तिमाही में लोन 16 प्रतिशत वृद्धि के साथ 2.53 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा गया। एक साल पहले यह आंकड़ा 2.18 लाख करोड़ रुपये था। बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसकी कुल जमा राशि 12 प्रतिशत बढ़कर 3.46 लाख करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 3.1 लाख करोड़ रुपये थी। वहीं, बैंक का कुल कारोबार 14 प्रतिशत बढ़कर छह लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
शेयर का हाल
बैंक के शेयर की बात करें तो यह गुरुवार को 2.76% बढ़कर 69.52 रुपये पर रहा। शेयर बाजार शुक्रवार को गुड फ्राइडे के कारोबार बंद था। ऐसे में अब निवेशकों की नजर सोमवार के कारोबार पर रहेगी। बीते 30 मार्च को ही शेयर 61.05 रुपये पर रहा था। यह शेयर के 52 हफ्ते का लो है। वहीं, शेयर के 52 हफ्ते का हाई 118.45 रुपये है। शेयर का यह भाव जनवरी 2026 में था।
सरकार का प्लान?
बीते दिनों ये खबर आई कि सरकार आईडीबीआई बैंक में सार्वजनिक हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए बिक्री पेशकश (ओएफएस) के माध्यम से शेयर बेचने पर विचार कर सकती है। यह कदम उस कोशिश के बाद उठाया जा रहा है, जिसमें एलआईसी-नियंत्रित बैंक में हिस्सेदारी बेचने का प्रयास असफल रहा। वर्तमान में आईडीबीआई बैंक में सार्वजनिक हिस्सेदारी केवल 5.29 प्रतिशत है, जिससे बैंक का सही मूल्यांकन करना मुश्किल हो जाता है। बाकी के शेयर बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के पास हैं, जिसके पास 49.24 प्रतिशत हिस्सेदारी और बैंक पर नियंत्रण है। वहीं, भारत सरकार की हिस्सेदारी 45.48 प्रतिशत है।
बता दें कि सरकार और एलआईसी द्वारा संयुक्त रूप से धारित 60.72 प्रतिशत बहुमत हिस्सेदारी की प्रस्तावित बिक्री को रद्द कर दिया गया था, क्योंकि कथित तौर पर दो संभावित खरीदारों की वित्तीय बोलियां आरक्षित मूल्य से कम थीं।
कोटक और एयू स्मॉल फाइनेंस में भी लोन ग्रोथ
इसी तरह, कोटक महिंद्रा बैंक ने भी लोन ग्रोथ में तेजी दिखाई। बैंक का लोन 16.2 प्रतिशत बढ़कर 4.95 लाख करोड़ रुपये हो गया जबकि जमा राशि 14.7 प्रतिशत बढ़कर 5.72 लाख करोड़ रुपये रही।
वहीं, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने भी कर्ज में तेज बढ़ोतरी दर्ज की। बैंक का लोन 25.1 प्रतिशत बढ़कर 1.36 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि जमा 22.8 प्रतिशत बढ़कर 1.52 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई। हालांकि, इस बैंक का कम लागत वाला चालू और बचत खाता अनुपात घटकर 28.4 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले 29.2 प्रतिशत था।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

