जिस दिग्गज बैंक में हिस्सेदारी बेच रही सरकार, उसे हुआ बड़ा मुनाफा
मुख्य बातें
- इस तिमाही में बैंक का मुनाफा पांच प्रतिशत बढ़कर 2,115 करोड़ रुपये पर पहुंचा
- ये तिमाही नतीजे ऐसे समय में आए हैं जब सरकार बैंक में हिस्सेदारी बेचने की योजना पर काम कर रही है

IDBI Bank Result: आईडीबीआई बैंक ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही में बैंक का मुनाफा पांच प्रतिशत बढ़कर 2,115 करोड़ रुपये पर पहुंचा। बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 2,007 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया था। ये तिमाही नतीजे ऐसे समय में आए हैं जब सरकार बैंक में हिस्सेदारी बेचने की योजना पर काम कर रही है। बीते दिनों सरकार को IDBI बैंक की रणनीतिक बिक्री के लिए फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स और एमिरेट्स एनबीडी से संशोधित वित्तीय बोलियां मिली हैं।
बैंक की कितनी रही कमाई
IDBI बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि जून, 2026 को समाप्त तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 8,573 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 8,458 करोड़ रुपये थी। तिमाही में बैंक की ब्याज आय भी बढ़कर 7,541 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही में 7,021 करोड़ रुपये थी। बैंक की मुख्य शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 10 प्रतिशत बढ़कर 3,486 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 3,166 करोड़ रुपये थी। हालांकि, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में बैंक का परिचालन लाभ घटकर 2,168 करोड़ रुपये रह गया, जो 2025-26 की समान तिमाही में 2,354 करोड़ रुपये था। बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) भी घटकर 3.61 प्रतिशत रहा, जो वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही में 3.68 प्रतिशत था।
परिसंपत्ति गुणवत्ता के मोर्चे पर बैंक के प्रदर्शन में सुधार हुआ है। जून तिमाही के अंत में बैंक का ग्रॉस एनपीए अनुपात घटकर ग्रॉस लोन के 2.3 प्रतिशत पर आ गया, जो एक साल पहले 2.93 प्रतिशत था। इसी तरह, तिमाही में बैंक का फंसा कर्ज भी घटकर 0.16 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले 0.21 प्रतिशत था। बैंक की कुल जमा राशि 30 जून, 2026 तक 10 प्रतिशत बढ़कर 3,25,757 करोड़ रुपये हो गई, जो 30 जून, 2025 को 2,96,782 करोड़ रुपये थी। नेट डेब्ट रकम 30 जून 2026 को 22 प्रतिशत बढ़कर 2,58,968 करोड़ रुपये हो गई जो बीते वित्त वर्ष इसी तिमाही में 2,11,907 करोड़ रुपये थी।
सरकार बेच रही हिस्सेदारी
इस हफ्ते की शुरुआत में सरकार ने IDBI बैंक में रणनीतिक विनिवेश की प्रक्रिया तेज कर दी है। सरकार और लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) मिलकर IDBI बैंक में 60.72% हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रहे हैं। बता दें कि अक्टूबर 2022 में रुचि पत्र जारी किया गया था। वित्तीय बोलियां छह फरवरी को आईं। हालांकि, फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स और एमिरेट्स एनबीडी की वित्तीय बोलियां, वित्त मंत्रालय के सचिवों की अध्यक्षता वाले विनिवेश पर अंतर-मंत्रालयी समूह द्वारा तय किए गए आरक्षित मूल्य से कम थीं।
फिलहाल, सरकार और एलआईसी के पास आईडीबीआई बैंक में 94.71 प्रतिशत हिस्सेदारी है। सरकार के पास 45.48 प्रतिशत और एलआई के पास 49.24 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसमें से सरकार और एलआईसी बैंक में 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचना चाह रहे हैं। सरकार और एलआईसी ने आईडीबीआई बैंक में 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने के लिए रुचि पत्र आमंत्रित किया था। इसमें सरकार 30.48 और एलआईसी 30.24 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच रही है।
शेयर का परफॉर्मेंस
शुक्रवार को IDBI बैंक के शेयर 1.7% बढ़कर ₹87 पर बंद हुए। यह स्टॉक अपने 52-हफ्ते के उच्चतम स्तर ₹118.38 से काफी नीचे है और इस साल अब तक इसमें 16% की गिरावट आई है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

