
ICICI लोम्बार्ड के नतीजे हो गए लीक? कंपनी ने शुरू की जांच, शेयर पर रखें नजर
ICICI लोम्बार्ड के शेयर की बात करें तो यह बिकवाली मोड में है। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शेयर करीब एक पर्सेंट टूटकर 1893.90 रुपये पर बंद हुआ। मार्च 2025 में शेयर 1,612.65 रुपये पर था। जुलाई 2025 में शेयर 2,074.85 रुपये पर था।
ICICI Lombard: आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस के एक कर्मचारी ने गलती से कंपनी के तीसरे क्वार्टर और 31 दिसंबर, 2025 को खत्म हुए नौ महीनों के अनऑडिटेड ड्राफ्ट फाइनेंशियल नतीजों से जुड़ी जानकारी लीक कर दी थी। कंपनी की ओर से जारी बयान के मुताबिक कर्मचारी ने 9 जनवरी को शाम करीब 5:44 बजे अपने पर्सनल WhatsApp स्टेटस पर अपलोड कर दी। इंश्योरेंस कंपनी ने SEBI के इनसाइडर ट्रेडिंग रेगुलेशन, 2015 और अपने खुद के इनसाइडर ट्रेडिंग कोड के तहत एक अंदरूनी जांच शुरू की है। जांच पूरी होने के बाद इसके नतीजे स्टॉक एक्सचेंजों के साथ शेयर किए जाएंगे। कंपनी ने यह भी कहा कि इस मामले पर ऑडिट कमेटी और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की आने वाली मीटिंग्स में चर्चा की जाएगी।
निवेशकों को किया अलर्ट
ICICI लोम्बार्ड ने निवेशकों को अलर्ट किया है कि वे किसी भी फाइनेंशियल जानकारी पर तब तक भरोसा न करें जब तक कि कंपनी द्वारा ऑडिटेड नतीजों को बोर्ड की मंजूरी के बाद आधिकारिक तौर पर जारी न किया जाए। कंपनी इस घटना के बारे में जानकारी अपनी वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराएगी। बता दें कि 5 जनवरी को हैटसन एग्रो के एक प्रमुख मैनेजेरियल कर्मचारी ने गलती से दिसंबर तिमाही के ड्राफ्ट फाइनेंशियल नतीजे अपने WhatsApp स्टेटस पर शेयर कर दिए थे।
सितंबर तिमाही के नतीजे
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही यानी सितंबर अवधि में ICICI लोम्बार्ड का नेट प्रॉफिट 18.1 प्रतिशत बढ़कर 820 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने कहा कि एक साल पहले 2024-25 की जुलाई-सितंबर तिमाही में उसे 694 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था। ग्रॉस डायरेक्ट प्रीमियम आय चालू वित्त् वर्ष 2025-26 की सितंबर तिमाही में 1.9 प्रतिशत घटकर 6,596 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 6,721 करोड़ रुपये थी।
शेयर का परफॉर्मेंस
ICICI लोम्बार्ड के शेयर की बात करें तो यह बिकवाली मोड में है। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शेयर करीब एक पर्सेंट टूटकर 1893.90 रुपये पर बंद हुआ। मार्च 2025 में शेयर 1,612.65 रुपये पर था। जुलाई 2025 में शेयर 2,074.85 रुपये पर था। यह दोनों शेयर के 52 हफ्ते का लो और हाई है। अब सोमवार को कंपनी के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी।





