ICICI बैंक के मुनाफे में आया उछाल, सोमवार को शेयर पर रहेगी नजर
मार्च 2026 को समाप्त बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के दौरान आईसीआईसीआई बैंक का मुनाफा 9.28 प्रतिशत बढ़कर 14,755 करोड़ रुपये हो गया। आईसीआईसीआई बैंक के शेयर की बात करें तो यह 1347.50 रुपये पर है।
ICICI bank result: प्राइवेट सेक्टर के आईसीआईसीआई बैंक के शेयर पर सोमवार को नजर रहेगी। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि बैंक ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। बैंक ने शनिवार को बताया कि मार्च 2026 को समाप्त बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के दौरान उसका मुनाफा 9.28 प्रतिशत बढ़कर 14,755 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि पिछले वर्ष की इसी अवधि में उसने 13,502 करोड़ रुपये का मुनाफ दर्ज किया था। हाल में समाप्त हुए वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बैंक का टैक्स के बाद मुनाफा 6.2 प्रतिशत बढ़कर 50,147 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 47,227 करोड़ रुपये था।
मार्च तिमाही में बैंक ने अपनी मुख्य शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) में 8.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की जो 22979 करोड़ रुपये रही जबकि ट्रेजरी को छोड़कर गैर ब्याज आय 5.6 प्रतिशत बढ़कर 7415 करोड़ रुपये हो गई।
तिमाही के लिए परिचालन व्यय 12 प्रतिशत बढ़कर 12089 करोड़ रुपये हो गया। संपत्ति की गुणवत्ता के लिहाज से ग्रॉस एनपीए रेश्यो में सुधार हुआ और यह 1.40 प्रतिशत रहा, जो दिसंबर में 1.53 प्रतिशत और एक साल पहले 1.67 प्रतिशत था। बैंक का प्रावधान मार्च तिमाही में गिरकर 96.16 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 891 करोड़ रुपये और दिसंबर तिमाही में 2,556 करोड़ रुपये था।
मार्च 2026 के अंत में बैंक की जमा राशि सालाना आधार पर 11.4 प्रतिशत बढ़कर ₹17.95 ट्रिलियन हो गई। मार्च तिमाही में औसत चालू खाता और बचत खाता (CASA) अनुपात 38.6 प्रतिशत रहा। बैंक के एडवांसेज 31 मार्च 2026 के अंत में साल-दर-साल 15.8 प्रतिशत बढ़कर ₹15.54 ट्रिलियन हो गए। रिटेल लोन पोर्टफोलियो में साल-दर-साल 9.5 प्रतिशत और क्रमिक रूप से 4.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई। 31 मार्च, 2026 तक यह कुल लोन पोर्टफोलियो का 50.4 प्रतिशत था।
क्या कहा बैंक के अधिकारी ने?
कमाई के आंकड़ों के बाद बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर संदीप बत्रा ने कहा- ये (ट्रेजरी में हुआ नुकसान) मुख्य रूप से बाजार के उतार-चढ़ाव को दिखाते हैं। बैंक की ऑनशोर मार्केट में कुछ ओपन पोजिशन्स थीं, जिन्हें RBI के दिशानिर्देशों के अनुसार कम करना जरूरी था। यह बढ़त देश में आर्थिक गतिविधियों की मजबूत गति को दिखाती है, जिसे नीतिगत उपायों और काफी स्थिर नीतिगत दर से समर्थन मिला है। इस दायरे में, हमने मॉर्गेज, ग्रामीण पोर्टफोलियो और पर्सनल लोन में बढ़ोतरी देखी है। इस तिमाही के दौरान, हम कॉर्पोरेट लोन में भी कुछ तेजी और बिजनेस बैंकिंग में अच्छी बढ़ोतरी देख रहे हैं।
बैंक के शेयर का हाल
आईसीआईसीआई बैंक के शेयर की बात करें तो यह 1347.50 रुपये पर है। एक दिन पहले के मुकाबले शेयर में शुक्रवर को मामूली बढ़त दर्ज की गई थी। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 1,494.10 रुपये और लो 1,187.55 रुपये है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

