हुंडई के शेयरों पर गोल्डमैन का दांव, शेयर खरीदने की सलाह, 2600 रुपये का दिया टारगेट
मुख्य बातें
- गोल्डमैन सैक्स ने ऑटोमोबाइल कंपनी हुंडई मोटर इंडिया के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है
- विदेशी ब्रोकरेज हाउस ने हुंडई के शेयरों के लिए 2600 रुपये का टारगेट दिया है

हुंडई मोटर इंडिया के शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई के बिल्कुल करीब पहुंच गए हैं। हुंडई मोटर इंडिया के शेयर मंगलवार को BSE में करीब 4 पर्सेंट के उछाल के साथ 2239.70 रुपये पर जा पहुंचे हैं। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 2265.05 रुपये है। पिछले 4 ट्रेडिंग सेशंस में से 3 में कंपनी के शेयरों में गिरावट देखने को मिली थी। अब ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स ने हुंडई मोटर इंडिया के शेयरों का कवरेज शुरू किया है। गोल्डमैन सैक्स के मुताबिक, ऑटोमोबाइल कंपनी के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है।
बाय रेटिंग के साथ 2600 रुपये का टारगेट
विदेशी ब्रोकरेज हाउस गोल्डमैन सैक्स ने हुंडई मोटर इंडिया के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। ब्रोकरेज फर्म ने ऑटोमोबाइल कंपनी के शेयरों के लिए 2600 रुपये का टारगेट दिया है। यानी, सोमवार के क्लोजिंग लेवल से हुंडई मोटर के शेयरों में करीब 21 पर्सेंट का उछाल देखने को मिल सकता है। गोल्डमैन सैक्स का मानना है कि कंपनी वित्त वर्ष 27-28 के दौरान अपने प्रतिस्पर्धियों से आगे निकलने के लिए अच्छी पोजिशन में है। ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक, कंपनी को अपने आगामी प्रॉडक्ट लॉन्चेज से काफी फायदा होगा। वित्त वर्ष 25 से 28 के बीच कंपनी के मार्केट शेयर में 120 बेसिस प्वाइंट (1.20 पर्सेंट) की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
पहली तिमाही में 1369 करोड़ रुपये का मुनाफा
हुंडई मोटर इंडिया को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 1369 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले ऑटोमोबाइल कंपनी का मुनाफा 8 पर्सेंट घटा है। पिछले साल की समान अवधि के दौरान कंपनी को 1489.6 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। कंपनी के रेवेन्यू में भी गिरावट देखने को मिली है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 16,413 करोड़ रुपये रहा है, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 17,344 करोड़ रुपये था।
IPO में 1960 रुपये था शेयर का दाम
हुंडई मोटर इंडिया का आईपीओ दांव लगाने के लिए 15 अक्टूबर 2024 को खुला था और यह 17 अक्टूबर तक ओपन रहा। आईपीओ में कंपनी के शेयर का दाम 1960 रुपये था। हुंडई मोटर इंडिया का आईपीओ टोटल 2.37 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


