Gold Silver Rates Today: 6000 रुपये से ज्यादा लुढ़क गई चांदी, सोना भी 1575 रुपये हुआ सस्ता
मुख्य बातें
- MCX Gold Silver Rates: सोने का भाव 1,575 रुपये (1.02%) गिरकर 1,52,304 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर पर आ गया, जबकि चांदी का भाव 6,298 रुपये (2.5%) टूटकर 2,45,509 रुपये प्रति किलोग्राम तक गिर गया

MCX Gold Silver Rates: मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर गुरुवार को सोने और चांदी के दाम जोरदार बिकवाली के चलते तेजी से नीचे आ गए। एमसीएक्स पर अगस्त महीने की डिलीवरी वाले सोने का भाव 1,573 रुपये यानी करीब 1% टूटकर 1,52,306 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। इससे पिछले बंद भाव 1,53,879 रुपये था। जबकि, जुलाई डिलीवरी वाली चांदी का भाव 3,807 रुपये यानी 1.51% की कमी के साथ 2,48,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला। पिछले सत्र में यह 2,51,807 रुपये पर बंद हुई थी।
तेजी से बढ़ी गिरावट
शुरुआती कारोबार में MCX पर सोने का भाव 1,575 रुपये (1.02%) गिरकर 1,52,304 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर पर आ गया, जबकि चांदी का भाव 6,298 रुपये (2.5%) टूटकर 2,45,509 रुपये प्रति किलोग्राम तक गिर गया।
इंटरनेशनल मार्केट में उछला सोना
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो सोने के दाम 1% से ज्यादा चढ़ गए, जिससे पिछले सत्र के नुकसान की भरपाई हो गई। इसकी वजह अमेरिका-ईरान अंतरिम समझौते के बाद कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट थी, जिससे महंगाई की उम्मीदें कम हुईं और सोने को समर्थन मिला।
स्पॉट गोल्ड (तत्काल डिलीवरी) का भाव 1.4% बढ़कर 4,316.42 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि बुधवार को इसमें 1.7% की गिरावट आई थी। अगस्त डिलीवरी वाले अमेरिकी सोने के वायदा में 1% की गिरावट आई और यह 4,336.70 डॉलर प्रति औंस रह गया। स्पॉट चांदी का भाव 1.8% बढ़कर 69.18 डॉलर प्रति औंस हो गया।
क्यों दबाव में आया सोना?
आमतौर पर जब ब्याज दरें बढ़ती हैं तो सोने की चमक फीकी पड़ जाती है। इसकी वजह यह है कि सोना कोई ब्याज या रिटर्न नहीं देता। ऐसे में निवेशक ज्यादा ब्याज देने वाले बॉन्ड और अन्य वित्तीय साधनों की ओर रुख करते हैं।
डॉलर और बॉन्ड यील्ड में मजबूती भी सोने के लिए नकारात्मक मानी जाती है। यही कारण है कि फेड के ताजा संकेतों के बाद अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजार में सोने पर दबाव देखने को मिला।
फेड के सख्त रुख से सोना-चांदी पर दबाव
अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने अपनी प्रमुख ब्याज दर को 3.50% से 3.75% के दायरे में बरकरार रखा है, लेकिन इसके साथ ही बाजार को सख्त संकेत भी दिए हैं। फेड के 19 नीति-निर्माताओं में से 9 अधिकारियों का मानना है कि इस साल के अंत तक ब्याज दरों में कम से कम एक बार और बढ़ोतरी की जरूरत पड़ सकती है।
फेड के इस संकेत के बाद बाजार की उम्मीदें तेजी से बदली हैं। CME फेड वॉच टूल के अनुसार, दिसंबर 2026 में अमेरिकी ब्याज दर बढ़ने की संभावना अब 85% तक पहुंच गई है, जबकि फेड बैठक से पहले यह संभावना 61% थी।
MCX Gold आउटलुक
इंडसइंड सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी के अनुसार MCX गोल्ड का रुख फिलहाल कमजोर बना हुआ है। उन्होंने गोल्ड पर सपोर्ट ₹1,51,800 प्रति 10 ग्राम पर और रेजिस्टेंस ₹1,53,300 प्रति 10 ग्राम पर रखा है। उनका कहना है कि जब तक सोना ₹1,53,300 के ऊपर नहीं निकलता, तब तक इसमें दबाव बना रह सकता है।
MCX Silver Outlook
चांदी में भी कमजोरी का माहौल है, हालांकि दिन के दौरान शॉर्ट कवरिंग देखने को मिल सकती है। इसके लिए सपोर्ट ₹2,42,000 प्रति किलोग्राम और रेजिस्टेंस ₹2,51,000 प्रति किलोग्राम रहेगा।
Disclaimer: विचार और सिफारिशें व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश के निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच लें।
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें


