
शेयर बाजार की क्या रहेगी इस हफ्ते स्थिति? ये 3 फैक्टर्स देंगे दिशा, जानें एक्सपर्ट्स राय
Stock Market Outlook: पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन को घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट देखने को मिली। एक्सपर्ट्स के अनुसार इस सप्ताह शेयर बाजार की चाल मुख्य रूप से आर्थिक आंकड़ों, वैश्विक रुझानों और विदेशी निवेशकों के रुख पर निर्भर करेगी।
Stock Market Outlook: पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन को घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट देखने को मिली। एक्सपर्ट्स के अनुसार इस सप्ताह शेयर बाजार की चाल मुख्य रूप से आर्थिक आंकड़ों, वैश्विक रुझानों और विदेशी निवेशकों के रुख पर निर्भर करेगी।

क्या कह रहे हैं एक्सपर्ट्स?
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वाइस प्रेसीडेंट (रिसर्च) अजित मिश्रा ने कहा, “इस सप्ताह नवंबर में खत्म होने वाले वायदा सौदों से पहले उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है। घरेलू स्तर पर बाजार दूसरी तिमाही के जीडीपी आंकड़े और इंडस्ट्रीयल मैन्युफैक्चरिंग जैसे बड़े आर्थिक आंकड़ों पर नजर रखेगा। वैश्विक स्तर पर निवेशक अमेरिकी बाजार के प्रदर्शन और वहां के प्रमुख आर्थिक आंकड़ों पर नजर रखेंगे। ये संकेत निकट भविष्य में जोखिम की भावना तय करेंगे और विदेशी पूंजी प्रवाह (एफपीआई) को प्रभावित करेंगे।”
बीते हफ्ते शेयर बाजार में दिखी थी तेजी
पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 669.14 अंक या 0.79 प्रतिशत चढ़ा, जबकि निफ्टी 158.1 अंक या 0.61 प्रतिशत बढ़कर बंद हुआ। इसबीच 20 नवंबर को सेंसेक्स ने 85,801.70 और निफ्टी ने 26,246.65 का 52 सप्ताह का उच्चतम स्तर बनाया।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, “अगर रुपये पर दबाव बना रहा तो निकट भविष्य में बाजार में कुछ मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है। आने वाले सप्ताह में निवेशक व्यापारिक घटनाक्रम, आईआईपी और जीडीपी आंकड़ों पर बहुत बारीकी से नजर रखेंगे।” निवेशक ब्रेंट क्रूड तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और रुपये-डॉलर के खरीद और विक्री दर पर भी पैनी नजर रखेंगे।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के एसेट मैनेजमेंट रिसर्च हेड सिद्धार्थ खेमका ने कहा, “कुल मिलाकर हम उम्मीद करते हैं कि इस सप्ताह बाजार मजबूत रहेंगे। गिरावट पर खरीदारी, तीसरी तिमाही में मांग बेहतर रहने के संकेत और लगातार आ रही पूंजी के कारण बाजार को सहारा मिलेगा। भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता में कोई सकारात्मक प्रगति निकट भविष्य में बाजार के लिए बड़ा उत्प्रेरक बनेगी।”
(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। यहां प्रस्तुत एक्सपर्ट्स के विचार निजी हैं। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)





