NSE पर जब 2000 से अधिक शेयर थे लाल तो V-Mart में कैसे आ गया 13% से अधिक की उछाल
V-Mart Share Price: एनएसई पर जब 2000 से अधिक शेयर लाल थे तो V-Mart Retail Ltd के शेयर कमाल कर रहे थे। उस समय यह स्टॉक 13 फीसद से अधिक की उछाल के साथ 547 रुपये पर पहुंच गया था। जबकि, सेंसेक्स-निफ्टी में 2 फीसद से अधिक की गिरावट थी।

V-Mart Share Price: आज शेयर मार्केट में शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट के बीच एक शेयर उड़ान भर रहा था। एनएसई पर जब 2000 से अधिक शेयर लाल थे तो V-Mart Retail Ltd के शेयर कमाल कर रहे थे। उस समय यह स्टॉक 13 फीसद से अधिक की उछाल के साथ 547 रुपये पर पहुंच गया था। जबकि, सेंसेक्स-निफ्टी में 2 फीसद से अधिक की गिरावट थी।
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर बयान के बाद वैश्विक शेयर बाजारों में बिकवाली का माहौल बन गया था। ट्रंप ने कहा था कि ईरान में 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' जारी रहेगा। इसके बावजूद वी-मार्ट को अपने मजबूत तिमाही नतीजों के दम पर बढ़त हासिल हुई।
शेयर में तेज उछाल के पीछे क्या है?
2 अप्रैल 2026 को वी-मार्ट रिटेल के शेयर में 13 प्रतिशत से अधिक का उछाल देखने को मिला। कंपनी ने एक दिन पहले शेयर बाजार को अपनी चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) का कारोबारी अपडेट दिया था, जिसके बाद निवेशकों का भरोसा बढ़ा। एनएसई पर यह स्टॉक डे हाई 547 रुपये तक पहुंच गया, जो 13 फीसद से अधिक की बढ़त दिखाता है। हालांकि, शेयर अभी भी अपने 52-सप्ताह के हाई से 962.48 रुपये (जून 2025 में बना) से बहुत अधिक नीचे है। वहीं, मार्च 2026 में इसका 52-सप्ताह का निचला स्तर 465.30 रुपये रहा।
पिछले एक साल में शेयर पर दबाव क्यों था?
वी-मार्ट का स्टॉक पिछले कुछ समय से संघर्ष कर रहा था। पिछले एक साल में इसमें 37 फीसद की गिरावट आई है। पिछले छह महीनों में यह 38 फीसद टूटा, पिछले तीन महीनों में 26 प्रतिशत लुढ़का और पिछले एक महीने में 6 प्रतिशत नीचे आया था। ऐसे में चौथी तिमाही के बेहतर प्रदर्शन ने निवेशकों को कुछ राहत दी है।
चौथी तिमाही का अपडेट क्या कहता है?
वी-मार्ट रिटेल ने मार्च तिमाही का समापन मजबूत स्तर पर किया। कंपनी ने 1 अप्रैल 2026 को शेयर बाजार को बताया कि उसका कुल रेवेन्यू ऑपरेशन 971 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के 780 करोड़ रुपये की तुलना में 24 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी ने 12 प्रतिशत की जनरल स्टोर सेल वृद्धि भी हासिल की। इसमें वी-मार्ट के स्टोरों की सेल 12 प्रतिशत बढ़ी, जबकि अनलिमिटेड स्टोरों में 9 प्रतिशत की वृद्धि रही। कंपनी ने मार्च तिमाही के दौरान 29 नए स्टोर खोले और 6 स्टोर बंद किए। अब 31 मार्च 2026 तक वी-मार्ट के कुल स्टोरों की संख्या 577 हो गई है। सबसे अहम बात यह है कि वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने 92 नए स्टोर खोले, जो उसके इतिहास में किसी एक साल में सबसे अधिक है। इस दौरान 12 स्टोर बंद भी किए गए।
कहां-कहां खोले नए स्टोर
नए स्टोर कई राज्यों में खोले गए हैं। मार्च तिमाही में खुले 29 स्टोरों में से 11 उत्तर प्रदेश में, 4 तमिलनाडु में, 3-3 बिहार और पश्चिम बंगाल में, 2-2 झारखंड, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में, तथा 1-1 छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में खोले गए।
निवेशकों के लिए आगे की राह
वी-मार्ट ने अपने सबसे अधिक स्टोर जोड़ने का रिकॉर्ड बनाया है और रेवेन्यू ग्रोथ भी अच्छी रही है। हालांकि, शेयर अभी अपने हाई लेवल से काफी दूर है। एनॉलिस्ट्स का मानना है कि अगर कंपनी आने वाली तिमाहियों में भी यह गति बनाए रखती है, तो शेयर में और सुधार देखने को मिल सकता है, लेकिन वैश्विक अनिश्चितताओं और घरेलू बाजार के उतार-चढ़ाव को देखते हुए निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें


