LPG गैस सिलेंडर के रेट 1 अक्टूबर को होंगे अपडेट, Subsidy पर भी नया नियम?
मुख्य बातें
- LPG Price in October: 1 अक्टूबर को दाम बढ़ेंगे या घटेंगे, इसको लेकर अभी कोई अपडेट नहीं हैं
- यह भी जानेंगे कि घरेलू सिलेंडर ₹490 से ₹942 तक कैसे पहुंचा LPG सिलेंडर? सरकार e-KYC क्यों करा रही है?

1 अक्टूबर से LPG सिलेंडर बुकिंग के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथंटिकेशन (BAA) जरूरी होगा। यानी केवाईसी करानी पड़ेगी। अभी दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 942 रुपये है। 1 अक्टूबर को दाम बढ़ेंगे या घटेंगे, इसको लेकर अभी कोई अपडेट नहीं हैं, लेकिन, 1 अक्टूबर से LPG सिलेंडर बुकिंग के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथंटिकेशन (BAA) जरूरी होगा। यानी ई-केवाईसी करानी पड़ेगी। इस खबर में यह भी जानेंगे कि घरेलू सिलेंडर ₹490 से ₹942 तक कैसे पहुंचा LPG सिलेंडर? सरकार e-KYC क्यों करा रही है?
1 अक्टूबर से LPG पर नया Aadhaar rule क्या है?
पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक घरेलू LPG के 27.43 करोड़ सक्रिय ग्राहकों में करीब 89.9% ग्राहक यह प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। जिन ग्राहकों ने BAA करा लिया है, उन्हें कुछ और करने की जरूरत नहीं होगी और वे पहले की तरह सिलेंडर बुक कर सकेंगे। जिनका BAA बाकी है, उन्हें सब्सिडी वाले सिलेंडर की बुकिंग के लिए पहले आधार ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा। यह काम सिलेंडर डिलीवरी करने वाला कर्मचारी मौके पर OMC ऐप से कर सकता है, LPG वितरक के कार्यालय में भी कराया जा सकता है।
खुद कैसे करें e-KYC: अगर आप इंडेन के ग्राहक हैं तो खुद IndianOil ONE, भारत गैस के हैं तोHelloBPCL और HP Gas के हैं तो HP PAY ऐप से e-KYC/BAA पूरा कर सकते हैं।
सरकार e-KYC क्यों करा रही है?
सरकार के मुताबिक BAA का उद्देश्य सब्सिडी का लाभ केवल पात्र ग्राहकों तक पहुंचाना, डुप्लीकेट या अपात्र कनेक्शन हटाना और घरेलू LPG के व्यावसायिक इस्तेमाल को रोकना है। सरकार ने बताया कि सितंबर में 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर पर प्रभावी सब्सिडी करीब ₹210 थी, जबकि जून में यह करीब ₹721 थी।
Subsidy पर भी नया नियम
जो ग्राहक BAA नहीं कराना चाहते या नहीं करा पाते, उन्हें भी LPG मिलता रहेगा, लेकिन सब्सिडी नहीं मिलेगी। इसके लिए उन्हें OMC के डिजिटल चैनल जैसे कंज्यूमर पोर्टल, मोबाइल ऐप, WhatsApp चैटबॉट या IVRS के जरिए अपनी पसंद दर्ज करनी होगी।
₹490 से ₹942 तक कैसे पहुंचा LPG सिलेंडर?
अक्टूबर का महीना त्योहारों का महीना होता है। ऐसे में घर से लेकर होटल-रेस्टोरेंट और स्ट्रीट वेंडर तक के लिए एलपीजी सिलेंडर की खपत बढ़ जाती है। हर साल 1 अक्टूबर को एलपीजी सिलेंडर के रेट अपडेट होते हैं। घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में मोदी सरकार के कार्यकाल में पिछले 12 साल में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है।
मई 2014 में घरेलू सिलेंडर 928.50 रुपये का था
मोदी सरकार के कार्यकाल में ही कभी सिलेंडर की कीमत अक्टूबर में महज 490 रुपये भी थी। जब मोदी मई 2014 में प्रधानमंत्री बने थे तो उस समय दिल्ली में घरेलू सिलेंडर की कीमत 928.50 रुपये थी।
एलपीजी प्राइस का अक्टूबर ट्रेंड क्या कहता है
IOCL के आधिकारिक प्राइस रिकॉर्ड के मुताबिक, दिल्ली में 14.2 किलो के बिना सब्सिडी वाला इंडेन सिलेंडर की कीमत अक्टूबर 2014 में 880 रुपये थी। इसके बाद अक्टूबर 2015 में यह घटकर 517.50 रुपये और अक्टूबर 2016 में 490 रुपये रह गई। इसके बाद LPG के दाम में तेजी देखने को मिली। अक्टूबर 2017 में सिलेंडर की कीमत 649 रुपये हो गई। अक्टूबर 2018 में यह बढ़कर 879 रुपये पर पहुंच गई। हालांकि अगले साल अक्टूबर 2019 में कीमत घटकर 605 रुपये रह गई।
2020 में ₹594 पर रहा सिलेंडर
IOCL के रिकॉर्ड के अनुसार अक्टूबर 2020 में दिल्ली में 14.2 किलो LPG सिलेंडर की कीमत 594 रुपये थी। इसके बाद कीमतों में फिर बढ़ोतरी शुरू हुई। अक्टूबर 2021 में यह बढ़कर 899.50 रुपये हो गई।
इसके बाद 2022 में LPG की कीमतों में बड़ा उछाल देखने को मिला। IOCL के रिकॉर्ड में 6 जुलाई 2022 को दिल्ली में कीमत 1,053 दर्ज है। 2023 में 30 अगस्त को कीमत घटकर 903 रुपये हो गई। अक्टूबर 2022 और 23 में भी इसी रेट पर सिलेंडर बिका। इसके बाद मार्च 2024 में यह 803 पर आ गई।
2025 में फिर बढ़े दाम
IOCL के मुताबिक 8 अप्रैल 2025 को दिल्ली में 14.2 किलो बिना सब्सिडी वाले इंडेन सिलेंडर की कीमत 853 रुपये थी, जो अक्टूबर 2025 में भी इसी रेट पर बिकी। इसके बाद 7 मार्च 2026 को कीमत बढ़कर 913 रुपये हो गई। इसके बाद 7 जून 2026 को दिल्ली में 14.2 किलो इंडेन की कीमत 942 रुपये हो गई और तब से लेकर आज 29 सितंबर तक इसी रेट पर है।
कैसे तय होती है LPG की कीमत
भारत में LPG की अंतरराष्ट्रीय कीमतों के लिए अरब गल्फ बेंचमार्क महत्वपूर्ण रहा है।इंडियन ऑयल के मुताबिक LPG कीमत बढ़ने या घटने का असर भारत की लागत पर पड़ता है। IOCL ने 2018 में स्पष्ट किया था कि LPG की प्राइसिंग के लिए अंतरराष्ट्रीय LPG रेट बेंचमार्क के रूप में इस्तेमाल होती है और OMCs पिछले महीने के औसत बेंचमार्क तथा विदेशी मुद्रा दर के आधार पर कीमत में बदलाव करती थीं।
घरेलू सिलेंडर में सरकारी हस्तक्षेप
घरेलू 14.2 किलो LPG की कीमत को बाजार के हवाले पूरी तरह नहीं छोड़ दिया जाता। सरकार जरूरत के मुताबिक कीमत को स्थिर रखने के लिए OMCs को निर्देश दे सकती है। उदाहरण के लिए, मई 2026 में IOCL ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद घरेलू LPG की कीमत में बदलाव नहीं किया गया और घरेलू उपभोक्ताओं को अंतरराष्ट्रीय कीमतों की बढ़ोतरी से बचाया गया। यानी अंतरराष्ट्रीय LPG महंगी होने का मतलब यह जरूरी नहीं कि उसी अनुपात में घरेलू सिलेंडर भी महंगा हो जाए।


