Mamaearth की पैरेंट कंपनी का बड़ा दांव! ₹135 करोड़ में खरीदी ये हेल्थ कंपनी, इसके शेयर पर रखें नजर
मुख्य बातें
- Mamaearth और The Derma Co की पैरेंट कंपनी Honasa Consumer ने बड़ा कदम उठाते हुए Fluence Pharma में 58% हिस्सेदारी खरीदने का फैसला किया है
- करीब ₹135 करोड़ की इस डील के जरिए कंपनी न्यूट्रास्यूटिकल और हेल्थ-वेलनेस सेगमेंट में अपनी मौजूदगी मजबूत करेगी
- आइए इसकी डिटेल्स जानते हैं

होनासा कंज्यूमर लिमिटेड (Honasa Consumer Ltd) ने अपने कारोबार को और मजबूत बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। यह कंपनी भारत में Mamaearth, The Derma Co, Aqualogica और BBlunt जैसे लोकप्रिय ब्रांड्स के लिए जानी जाती है। कंपनी ने हाल ही में घोषणा की है कि वह न्यूट्रास्यूटिकल्स (Nutraceuticals) सेक्टर में काम करने वाली फ्लुएंस फार्मा प्राइवेट लिमिटेड (Fluence Pharma Pvt Ltd) में 58% हिस्सेदारी खरीदेगी। यह डील लगभग 135 करोड़ रुपये के एंटरप्राइज वैल्यू पर किया जाएगा। इस खबर के बाद बाजार और निवेशकों के बीच कंपनी की भविष्य की रणनीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
कंपनी द्वारा स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी के अनुसार, यह अधिग्रहण (Acquisition) शुरुआती तौर पर 58% हिस्सेदारी खरीदने से शुरू होगा। इसके बाद आने वाले 5 से 7 सालों में होनासा कंज्यूमर लिमिटेड (Honasa Consumer Ltd) फ्लुएंस फार्मा की बची हुई 42% हिस्सेदारी भी चरणबद्ध तरीके से खरीदेगी। यह प्रक्रिया शेयर परचेज एग्रीमेंट और शेयरहोल्डर्स एग्रीमेंट के तहत पूरी की जाएगी।
फ्लुएंस फार्मा एक साइंस-बेस्ड न्यूट्रास्यूटिकल कंपनी है, जो बालों और त्वचा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष पोषण आधारित उत्पाद बनाती है। कंपनी के प्रमुख ब्रांड Hair Fact, Skin Fact और Pro Fact हैं। ये प्रोडक्ट खास रूप से डर्मेटोलॉजिस्ट यानी त्वचा एक्सपर्ट के माध्यम से मरीजों तक पहुंचाए जाते हैं। कंपनी का दावा है कि उसके उत्पाद पेटेंटेड साइक्लिकल न्यूट्रिशनल थैरेपी (Cyclical Nutritional Therapy) तकनीक पर आधारित हैं, जो बालों और त्वचा की समस्याओं के लिए वैज्ञानिक तरीके से तैयार किए गए हैं।
फ्लुएंस फार्मा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत डॉक्टर नेटवर्क है। कंपनी के साथ देशभर में 3,000 से अधिक डर्मेटोलॉजिस्ट जुड़े हुए हैं। पिछले 10 सालों से यह कंपनी इसी मॉडल पर काम कर रही है और धीरे-धीरे अपने कारोबार का विस्तार कर रही है। वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो फ्लुएंस फार्मा ने FY23 में 32.24 करोड़ रुपये, FY24 में 35.99 करोड़ रुपये और FY25 में 37.21 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया है। कंपनी की कुल आय में 70% से अधिक योगदान बालों से जुड़े उत्पादों का है।
होनासा कंज्यूमर लिमिटेड (Honasa Consumer Ltd) का मानना है कि यह अधिग्रहण उसे तेजी से बढ़ रहे न्यूट्रास्यूटिकल्स बाजार में मजबूत उपस्थिति बनाने में मदद करेगा। भारत में हेल्थ सप्लीमेंट्स, स्किन हेल्थ और हेयर न्यूट्रिशन से जुड़े उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में फ्लुएंस फार्मा जैसे साइंस-बेस्ड ब्रांड को अपने साथ जोड़कर कंपनी अपने बिजनेस को नए स्तर पर ले जाना चाहती है।
इतना ही नहीं होनासा कंज्यूमर लिमिटेड (Honasa Consumer Ltd) ने एक नई पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी (Wholly Owned Subsidiary) होनासा हेल्थ प्राइवेट लिमिटेड (Honasa Health Private Ltd) बनाने को भी मंजूरी दे दी है। यह नई कंपनी सीधे उपभोक्ताओं के लिए न्यूट्रास्यूटिकल्स उत्पादों का कारोबार करेगी। शुरुआत में इसमें 1 लाख रुपये की पूंजी लगाई जाएगी और यह पूरी तरह होनासा कंज्यूमर लिमिटेड (Honasa Consumer Ltd) के नियंत्रण में रहेगी।
एक्सपर्ट का मानना है कि यह कदम होनासा कंज्यूमर लिमिटेड (Honasa Consumer Ltd) की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है। कंपनी अब केवल ब्यूटी और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि हेल्थ और वेलनेस सेक्टर में भी अपनी मजबूत पहचान बनाना चाहती है। शेयर बाजार में भी इस खबर को सकारात्मक माना जा रहा है। मंगलवार को कंपनी का शेयर बीएसई पर 415.90 रुपये पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 0.20% की बढ़त दर्शाता है।
फ्लुएंस फार्मा का अधिग्रहण होनासा कंज्यूमर लिमिटेड (Honasa Consumer Ltd) के लिए एक रणनीतिक निवेश माना जा रहा है, जो भविष्य में कंपनी की ग्रोथ और आय के नए रास्ते खोल सकता है।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


