98% रिटर्न देकर इस स्टॉक ने सबको चौंकाया, पिछले 5 दिन में 37% की तूफानी तेजी; अभी और चढ़ेगा शेयर?
HFCL share price today: HFCL के शेयरों में पिछले कुछ दिनों से तेजी देखने को मिल रही है। कंपनी के मजबूत Q4FY26 नतीजों, घाटे से मुनाफे में वापसी और नए टेलीकॉम ऑर्डर्स के चलते स्टॉक ने सिर्फ 5 ट्रेडिंग सेशन में 37% और 1 महीने में करीब 98% की छलांग लगाई है।

HFCL today share price: टेलीकॉम और ऑप्टिकल फाइबर सेक्टर की कंपनी (HFCL) इन दिनों शेयर बाजार में जबरदस्त चर्चा में है। कंपनी के शेयरों ने निवेशकों को बेहद कम समय में शानदार रिटर्न देकर चौंका दिया है। गुरुवार को भी HFCL का शेयर लगातार 5वें कारोबारी सत्र में तेजी के साथ कारोबार करता दिखा और इंट्राडे में 3.7% तक उछलकर ₹146.79 के स्तर पर पहुंच गया। खास बात यह है कि सिर्फ पिछले 5 ट्रेडिंग सेशन में स्टॉक करीब 37% चढ़ चुका है, जबकि एक महीने में इसमें लगभग 98% की विस्फोटक तेजी देखने को मिली है। इस तेजी के पीछे कंपनी के दमदार Q4FY26 नतीजे और नए टेलीकॉम ऑर्डर्स को सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है।
कंपनी का चौथी तिमाही का नतीजा
कंपनी ने 30 अप्रैल को चौथी तिमाही के शानदार नतीजे जारी किए थे, जिसने निवेशकों का भरोसा और मजबूत कर दिया। HFCL ने इस बार घाटे से निकलकर जोरदार मुनाफा दर्ज किया है। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट ₹178.50 करोड़ रहा, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को ₹81.44 करोड़ का नुकसान हुआ था। इतना ही नहीं पिछली तिमाही के मुकाबले भी मुनाफे में करीब 82% की तेजी दर्ज की गई।
कंपनी की कमाई में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला। मार्च 2026 तिमाही में नेट सेल्स बढ़कर ₹1,824 करोड़ पहुंच गई, जो पिछले साल के ₹800 करोड़ के मुकाबले करीब 128% ज्यादा है। इन आंकड़ों ने बाजार को साफ संकेत दिया कि कंपनी की ग्रोथ अब तेज रफ्तार पकड़ रही है।
₹84.23 करोड़ का नया ऑर्डर
निवेशकों का उत्साह उस समय और बढ़ गया जब कंपनी ने 4 मई को बताया कि उसे और उसकी सब्सिडियरी (HTL Limited) को एक बड़ी प्राइवेट टेलीकॉम कंपनी से करीब ₹84.23 करोड़ का नया ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर ऑप्टिकल फाइबर केबल्स (OFC) सप्लाई से जुड़ा है। माना जा रहा है कि भारत में तेजी से बढ़ रहे 5G नेटवर्क विस्तार का फायदा HFCL जैसी कंपनियों को मिल सकता है।
शेयर परफॉर्मेंस
HFCL के शेयरों में गुरुवार (7 मई 2026) को भी शानदार तेजी देखने को मिली। खबर लिखे (01:12PM) जाने तक NSE पर कंपनी का स्टॉक 2.94% चढ़कर ₹145.62 पर कारोबार कर रहा है। हाल के दिनों में HFCL लगातार निवेशकों की पसंद बना हुआ है, जिसकी सबसे बड़ी वजह कंपनी के मजबूत Q4FY26 नतीजे और नए टेलीकॉम ऑर्डर्स हैं।
हालांकि, इतनी तेज रैली के बाद कुछ तकनीकी संकेत सावधानी बरतने की ओर भी इशारा कर रहे हैं। स्टॉक का RSI 91 तक पहुंच चुका है, जिसे बाजार में ओवरबॉट स्थिति माना जाता है। इसका मतलब है कि आने वाले दिनों में मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है। इसके बावजूद बाजार में फिलहाल बुलिश माहौल बना हुआ है, क्योंकि स्टॉक सभी प्रमुख मूविंग एवरेज के ऊपर ट्रेड कर रहा है।
म्यूचुअल फंड्स ने भी कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है, जबकि विदेशी निवेशकों ने थोड़ी हिस्सेदारी घटाई है। कुल मिलाकर HFCL इस समय टेलीकॉम सेक्टर का सबसे चर्चित मोमेंटम स्टॉक बन चुका है।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


